The Lallantop

RCB ने KKR के इस खिलाड़ी को रोक लिया होता, तो मैच की कहानी कुछ और हो सकती थी!

कोलकाता ने 17 ओवर में ही 182 रन का टारगेट चेज़ कर लिया. 2015 से RCB अपने मैदान पर KKR को नहीं हरा पाई है.

Advertisement
post-main-image
सुनील नरेन ने RCB के खिलाफ अब तक 11 मैच खेले हैं. 279 रन बनाए हैं. (फोटो- ट्विटर)

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को उनकी होम टर्फ पर एक और मैच हरा दिया है. 2015 से RCB अपने मैदान पर KKR को नहीं हरा पाई है. कोलकाता ने 17 ओवर में ही 182 रन का टारगेट चेज़ कर लिया. टीम को फिलिप सॉल्ट और सुनील नरेन (Sunil Narine against RCB record) ने धाकड़ शुरुआत दी. जिसके बाद वेंकटेश और श्रेयस अय्यर ने मैच खत्म कर दिया. लेकिन सबसे ज्यादा बात की जा रही है 500वां टी20 मैच खेल रहे सुनील नरेन की पारी की.  

Advertisement

मैच में 182 रनों का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम ने पहले ही ओवर में 18 रन पीटे. पांचवें ओवर तक टीम ने 64 रन बना लिए थे. सुनील नरेन ने 15 गेंदों में 31 रन बनाए थे. दूसरी छोर पर खड़े सॉल्ट 15 गेंदों पर 27 रन बनाकर खेल रहे थे. छठे ओवर में गेंद यश दयाल के हाथों में थी. पहली गेंद पर सॉल्ट ने सिंगल लेकर स्ट्राइक नरेन को दे दी. अगली चार गेंदों में नरेन ने दो चौके और दो छक्के जड़ दिए. जिसमें से एक चौका लेग बाय का था. 

Advertisement

दयाल के इस ओवर में 21 रन पिटे. जिसमें से 16 नरेन ने बनाए थे. 7वें ओवर की तीसरी गेंद पर सुनील नरेन मयंक डागर की गेंद पर बोल्ड हो गए. 22 गेंदों पर 47 रनों की शानदार पारी खेलकर. नरेन का स्ट्राइक रेट 213 से भी ज्यादा का था. जब वो आउट हुए KKR का स्कोर 86 रन था. नरेन ने अपनी टीम को एक ठोस शुरुआत दिलाकर ये पक्का कर दिया था कि नीचे आने वाले बल्लेबाजों को ज्यादा दिक्कत न हो. वैसा ही हुआ. वेंकटेश और श्रेयस अय्यर ने टीम को आसानी से जीत दिला दी.

RCB ने अपना होमवर्क नहीं किया!

यहीं पर RCB की टीम ने एक ट्रिक मिस कर दी. RCB ने अगर सुनील नरेन के पिछले रिकॉर्ड्स उठाकर देखे होते तो शायद वो नरेन के तूफान को रोक सकते थे. हम किस रिकॉर्ड की बात कर रहे हैं, वो भी बताते हैं. क्रिकबज़ की रिपोर्ट के मुताबिक अपने IPL करियर में सुनील नरेन ने RCB के खिलाफ अब तक 11 मैच खेले हैं. 279 रन बनाए हैं. इस दौरान नरेन का औसत 31 का रहा है, और स्ट्राइक रेट 195 से भी ज्यादा. RCB के खिलाफ नरेन ने 2 पचासे भी लगाए हैं.

IPL में बाकी टीमों के खिलाफ नरेन का रिकॉर्ड इससे कमतर है. बाकी टीमों के खिलाफ उन्होंने 87 मैच खेले हैं. 816 रन बनाए हैं. 11 का औसत है. और 151 का स्ट्राइक रेट. यानी रिकॉर्ड्स चीख-चिल्ला कर कह रहे हैं कि ये खिलाड़ी RCB के खिलाफ तेजी से रन बनाता है. शायद RCB की टीम ने अपना होमवर्क ठीक से नहीं किया!

Advertisement

ये भी पढ़ें- विराट कोहली ने धुआंधार पारी खेलकर डिविलियर्स और गेल का रिकॉर्ड एक साथ तोड़ दिया

सुनील नरेन को मैच में शानदारी प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ दी मैच का अवॉर्ड भी मिला. उन्होंने कहा कि ये सब खुद में विश्वास और सपोर्ट स्टाफ के प्रोत्साहन की वजह से हुआ. नरेन ने बताया कि पावर प्ले के ओवर खेलना कठिन होता है. यहीं पर पकड़ बनाए रखनी होती है. इससे जीत आसान हो जाती है.

मैच का हाल

टॉस हारने के बाद बैटिंग करने उतरी RCB की पारी 20 ओवर में 182 रनों पर खत्म हुई. टीम के लिए कोहली ने सबसे ज्यादा 83 रन बनाए. उन्होंने चार चौके और चार छक्के लगाए. दिनेश कार्तिक ने 8 गेंदों में 20 रन की पारी खेली. इसके अलावा कैमरून ग्रीन ने 33 और ग्लेन मैक्सवेल ने 28 रन की पारी खेली. KKR के लिए आंद्रे रसेल और हर्षित राणा ने दो-दो विकेट लिए. सुनील नरेन ने एक विकेट लिया.

KKR की टीम ने 17 ओवर में 186 रन बनाकर मैच जीत लिया. फिलिप सॉल्ट ने 30, सुनील नरेन ने 47, वेंकटेश अय्यर ने 50 और श्रेयस अय्यर ने 39 रनों की पारी खेली. RCB के लिए यश दयान, मयंक डागर और विजयकुमार विशक ने एक-एक विकेट लिए. RCB की तीन मैचों में ये दूसरी हार है. वहीं KKR की टीम ने अपनी दूसरी जीत हासिल की.

वीडियो: IPL 2021: कोलकाता के सुनील नरेन दिल्ली कैपिटल्स के लिए गेमचेंजर कैसे बने?

Advertisement