भारत में अब डोपिंग के मामलों में खिलाड़ियों के बाद कोच भी सस्पेंड हो रहे हैं. NADA ने लॉन्ग डिस्टेंस कोच मोहम्मद यूनुस खान को सस्पेंड कर दिया है. उन पर डोपिंग नियमों के उल्लंघन में शामिल होने का आरोप है. यह सस्पेंशन फिलहाल अस्थायी है. खान ने भारत के कई बड़े एथलीट्स को ट्रेन किया है. इनमें स्टार एथलीट गुलवीर सिंह भी शामिल हैं. गुलवीर एशियन और कॉमनवेल्थ गेम्स मेडलिस्ट हैं.
गुलवीर के पूर्व कोच मोहम्मद यूनुस खान डोपिंग नियम तोड़ने पर सस्पेंड
लॉन्ग डिस्टेंस कोच यूनुस खान के अलावा कुछ खिलाड़ियों को भी सस्पेंड किया गया है. इनमें समीर देशमुख (हैमर थ्रो), आदित्य पाटियाल (800 मीटर), मेहरदीप कौर (400 मीटर), साकिर (1500 मीटर), अमित मजूमदार (जैवलिन थ्रो), शिवा तोमर (800 मीटर) और राहुल (शॉटपुट) शामिल हैं.

नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) ने खान पर नियमों के आर्टिकल 2.9 के तहत आरोप लगाया है. यह आर्टिकल किसी खिलाड़ी या अन्य व्यक्ति की ओर से डोपिंग नियमों के उल्लंघन में शामिल होने या ऐसा करने की कोशिश से संबंधित है. मोहम्मद खान फिलहाल पुणे के प्रतिष्ठित सेना खेल संस्थान (एएसआई) में ट्रेनिंग दे रहे हैं.
कोच बनने से पहले खान नेशनल लेवल एथलीट रहे हैं. उन्होंने कई टूर्नामेंट में लॉन्ग डिस्टेंस इवेंट्स में मेडल जीते हैं. खान को गुलवीर को स्पॉट (खोजने) करने का श्रेय दिया जाता है. साल 2021 में गुलवीर सिंह अरुणाचल प्रदेश में क्रॉस-कंट्री दौड़ में हिस्सा ले रहे थे. यहीं पर खान ने उनके टैलेंट की पहचान की. इसके बाद वह उन्हें ट्रेन करने लगे.
गुलवीर इस समय देश के टॉप एथलीटों में शामिल हैं. उनके नाम कई नेशनल रिकॉर्ड हैं. उन्होंने हाल ही में एशियन गेम्स में भी शानदार प्रदर्शन किया था. 1,500 मीटर और 10,000 मीटर रेस में गुलवीर ने सिल्वर मेडल जीते. वहीं 5,000 मीटर रेस में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. इसी साल हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भी उन्होंने दो मेडल जीते थे.
यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी के कोच ने गंभीर को सुना दिया, 'बेंच पर बिठाकर नए खिलाड़ियों को दे रहे अनुभव'
खान के साथ ट्रेनिंग करने के बाद गुलवीर ने अपना कोच बदल दिया. साल 2024 में गुलवीर अमेरिका के कोलोराडो स्प्रिंग्स चले गए. उन्होंने वहां स्कॉट सिमंस के साथ ट्रेनिंग करना शुरू किया. बीते दो सालों में वह अधिकतर समय विदेश में ही ट्रेनिंग कर रहे हैं. वह खेल मंत्रालय की TOPS (टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम) का हिस्सा हैं. उनकी विदेशी ट्रेनिंग का खर्च सरकार ही उठाती है. सिर्फ गुलवीर ही नहीं, बल्कि कार्तिक कुमार भी खान के स्टूडेंट रहे हैं. कार्तिक ने 2022 के एशियन गेम्स में 10,000 मीटर रेस में सिल्वर मेडल जीता था. हालांकि बीते साल डोपिंग के कारण उन्हें तीन साल के लिए बैन कर दिया गया था.
वीडियो: एशियन गेम्स के 7 वें दिन शूटिंग में भारत को एक और मेडल, एथलेटिक्स में पदकों की भरमार











