Prabhas और Sandeep Reddy Vanga की Spirit लगातार चर्चा में रही है. कभी अपनी कास्ट और कंट्रोवर्सी की वजह से, तो कभी रिलीज़ डेट को लेकर. वैसे तो ये फिल्म कब आएगी, इसकी घोषणा अरसे पहले कर दी गई थी. 5 मार्च, 2027 की तारीख मुकर्रर हुई थी. मगर अब खबर है कि मेकर्स इसे फाइनली पोस्टपोन करने जा रहे हैं. ऐसी ही रिपोर्ट कुछ दिनों पहले भी आई थी. तब मेकर्स ने सीना तानकर कहा था कि उनकी फिल्म तय तारीख पर ही आएगी.
प्रभास-वांगा की 'स्पिरिट' पोस्टपोन? सलमान की 'मॉन्स्टर' से क्लैश टाल ही दिया!
पहले भी 'स्पिरिट' के पोस्टपोन होने की खबर आई थी. तब मेकर्स ने सीना तानकर कहा था कि उनकी फिल्म तय तारीख पर ही आएगी.

'स्पिरिट' की ऑफिशियल रिलीज़ डेट 05 मार्च 2027 (शुक्रवार) है. 10 मार्च को ईद है. ऐसे में ये वीकेंड किसी भी फिल्म के लिए सोने पर सुहागा साबित हो सकता है. यही कारण है कि वांगा ने महीनों पहले ये स्लॉट बुक कर लिया था. मगर अब लगता है कि उन्हें ये रिलीज़ डेट मिस करनी पड़ेगी. वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स इस एक्शन ड्रामा फिल्म के लिए नई तारीख तलाश रहे हैं. ऐसा प्रभास की आने वाली फिल्मों की रिलीज़ डेट में होने वाले संभावित फेरबदल की वजह से हो रहा है. हालांकि मेकर्स ने अब तक इस पर कोई कमेंट नहीं किया है. इसलिए लल्लनटॉप इसकी पुष्टि नहीं करता.
रही प्रभास की बात, तो वो इस वक्त तीन बड़ी फिल्मों की शूटिंग कर रहे हैं. पहली 'कल्कि 2', दूसरी 'फौज़ी' और तीसरी 'स्पिरिट'. इनमें से 'कल्कि 2' पर काफी कम काम हुआ है. वहीं 'फौज़ी' और 'स्पिरिट' की डेट्स आपस में टकरा रहीं हैं. प्रभास की पीरियड एक्शन फिल्म 'फौज़ी' 03 दिसंबर 2026 को रिलीज़ होने वाली थी. मगर रिपोर्ट्स हैं कि ये फिल्म भी पोस्टपोन होने जा रही है. गुल्टे की रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स इसके लिए 18 मार्च, 2027 की डेट देख रहे हैं. अगर ऐसा हुआ तो 05 मार्च, 2027 को आने वाली 'स्पिरिट' पर इसका असर पड़ेगा. प्लस प्रभास जैसे पैन-इंडिया स्टार की दो फिल्में तीन हफ्ते के अंतराल में नहीं आ सकतीं. मगर 'फौज़ी' वाले अपनी डेट बदलते हैं या नहीं, इसका पता 23 अक्टूबर को प्रभास के बर्थडे पर चलेगा. कहा जा रहा है कि उस दिन 'फौज़ी' के नए एसेट के साथ इसकी रिलीज़ डेट पर भी अपडेट आ सकता है.
वैसे, ये कोई पहला मौका नहीं जब 'स्पिरिट' के पोस्टपोन होने की खबरें उड़ी हों. अगस्त में भी इस तरह की रिपोर्ट्स आई थीं. तब वांगा ने स्पष्ट किया था कि ये मूवी 05 मार्च 2027 को ही रिलीज़ होगी. जब उनका ये कमेंट आया, तब तक फिल्म के 40 दिनों की शूटिंग पूरी हो चुकी थी. वहीं 65 दिन का शूट बाकी था. यानी बीच में अगर ये फिल्म 'फौज़ी' के कारण अटकी न हो, तो अब तक इसका बड़ा हिस्सा फिल्माया जा चुका होगा. लेकिन ताजा रिपोर्ट्स बता रहे कि ऐसा हो नहीं पाया है. इसी वजह से फिल्म के टलने की खबरें आ रहीं. वैसे, अगर 'स्पिरिट' टली तो इसका फायदा सलमान खान की 'मॉन्स्टर' को होगा. ये फिल्म भी अगले साल ईद यानी मार्च 2027 में रिलीज़ होगी. फिल्म के प्रोड्यूसर दिल राजू ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वो ‘मॉन्स्टर’ को 10 मार्च को लाने पर विचार कर रहे हैं. हालांकि अब तक मेकर्स ने इस फिल्म की एग्जैक्ट रिलीज़ डेट अनाउंस नहीं की है. ‘स्पिरिट’ के पोस्टपोन होने को ऐसे भी देखा जा रहा है कि मेकर्स ने सलमान खान की ‘मॉन्स्टर’ के साथ क्लैश टाल दिया है.
वीडियो: ‘स्पिरिट’ में 100 लोगों से भिड़ेंगे प्रभास, जेल फाइट शुरू











