The Lallantop

संजू नहीं, इस खिलाड़ी को देना था बेस्ट प्लेयर अवॉर्ड... ऐसा बोलने की वजह भी डिवीलियर्स ने बताई

साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डिवीलियर्स (AB de Villiers) का मानना है कि संजू सैमसन को 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड' नहीं मिलना चाहिए था. उन्होंने खुलकर इसकी वजह भी बताई है. उनकी नजर में ये अवॉर्ड किसे मिलना चाहिए था? ये भी बताया है.

Advertisement
post-main-image
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में धमाकेदार बैटिंग की. (फोटो- PTI)

टीम इंडिया (Team India) ने अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया. भारत ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया. पूरे टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने धुआंधार प्रदर्शन किया. वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले भारतीय टीम के कई प्लेयर्स पर बात हुई. इस दौरान जिन प्लेयर्स की सबसे ज्यादा चर्चा हुई, उनमें संजू सैमसन (Sanju Samson) टॉप पर रहे. वर्ल्ड कप में संजू ने अहम मैचों में कई शानदार पारियां खेलीं. उन्हें टी20 वर्ल्ड कप में 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' अवॉर्ड से नवाजा गया. लेकिन अब उन्हें ये अवार्ड दिए जाने पर सवाल भी उठ रहे हैं. सवाल उठाया है साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डीवीलियर्स (AB de Villiers) ने.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
एबी डिवीलियर्स सहमत नहीं

एबी डीवीलियर्स (AB de Villiers) संजू को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' अवॉर्ड दिए जाने से पूरी तरह सहमत नहीं हैं. टूर्नामेंट में किस खिलाड़ी को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' आवॉर्ड मिलना चाहिए , इस पर उन्होंने बात की है. डिवीलियर्स ने यूट्यूब पर अपने शो '360 डिग्री' में बात करते हुए कहा,

“प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट के लिए सैमसन और बुमराह के बीच काफी करीबी मुकाबला था. बुमराह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर थे. जो उन्हें इस अवॉर्ड के लिए दावेदार बनाते थे. मेरे लिए कुछ महत्वपूर्ण ओवर थे, जो मुश्किल हालात में बुमराह ने फेंके. मुझे लगा कि वह इस अवॉर्ड के ज्यादा हकदार थे”.

Advertisement

ये भी पढ़ें: 'अक्षर बहुत गुस्से में था, मैंने जाकर माफ़ी मांगी', सूर्यकुमार यादव ने अब अपनी गलती मान ली

बुमराह के बिना आसान नहीं

टी20 वर्ल्ड कप में जसप्रीत बुमराह की परफॉर्मेंस धमाकेदार रही. उन्होंने 8 मैचों में 14 विकेट चटकाए. वह वरुण चक्रवर्ती के साथ टी20 वर्ल्ड कप में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर रहे. इस टूर्नामेंट में बुमराह की बेस्ट परफॉर्मेंस 15 रन पर 5 विकेट रही. उन्होंने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार बॉलिंग की. डिवीलियर्स के मुताबिक, फास्ट बॉलर होना आसान काम नहीं है. उन्होंने कहा,  

“भारत में पेस बॉलर के तौर पर बॉलिंग करना आसान नहीं है, जब तक कि आप जसप्रीत बुमराह न हों. वह भी टूर्नामेंट के दौरान अपने कुछ ओवर्स में महंगे थे.”

Advertisement

डिवीलियर्स ने आगे कहा,

“जब सेमीफाइनल और फाइनल में सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब बुमराह ने प्रेशर वाली सिचुएशन में जबरदस्त ओवर फेंके. मैंने ऐसी बॉलिंग पहले कभी नहीं देखी. वह अलग लेवल पर नजर आए. जसप्रीत बुमराह क्रिकेट में भारत के लिए एक एसेट हैं.”

मुश्किल वक्त में संजू का बल्ला चला

एबी डिवीलियर्स ने बातचीत के दौरान संजू सैमसन की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि संजू ने उस वक्त सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जब उसकी जरूरत थी. उन्होंने सेमीफाइनल और फाइनल में बहुत शानदार बैटिंग की. डिवीलियर्स के मुताबिक, संजू सैमसन फायर पावर हैं. उन्होंने टीम के बैलेंस को बेहतर बनाया और बड़े स्कोर बनाने की नींव रखी.

बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन भारत की तरफ से टॉप स्कोरर रहे. उन्होंने 5 मैचों में 321 रन स्कोर किए. इस दौरान उन्होंने 3 हाफ सेंचुरी लगाईं. टूर्नामेंट में उनका हाईएस्ट स्कोर 97 रन नॉट आउट रहा. इस वर्ल्ड कप में संजू सैमसन ने 27 चौकों के साथ-साथ 24 छक्के भी लगाए. 

वीडियो: India vs New Zealand: संजू सैमसन के फाइनल में भी खेली शानदार पारी

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement