भारतीय पहलवान नीलम सिरोही और काजल ने रेसलिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल हासिल किया. 28 अक्तूबर को दोनों रेसलर्स अपना फाइनल मुकाबला खेलने उतरीं. दोनों में से कोई भी गोल्ड मेडल मैच नहीं जीत पाई. नीलम को महिला 50 किग्रा फाइनल में जापान की दिग्गज युई सुसाकी से हार मिली. वहीं काजल को एक रोमांचक मुकाबले में यूक्रेन की अनास्तासिया अल्पयेयेवा ने 6-8 से हराया. इसके साथ ही ये दोनों अंशु मलिक के बाद विश्व चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने वाली महिला पहलवान बन गईं.
वर्ल्ड रेसलिंग चैपियनशिप में नीलम सिरोही और काजल ढोचक ने इतिहास रचा, लेकिन गोल्ड से चूकीं
वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में काजल ढोचक और नीलम सिरोही का प्रदर्शन शानदार रहा. भारत ने पहली बार महिला कुश्ती के इतिहास में वर्ल्ड चैंपियनशिप में एक ही दिन दो सिल्वर मेडल जीते.

चार बार की वर्ल्ड चैंपियन सुसाकी को जीत का दावेदार माना जा रहा था. हुआ भी ऐसा ही. सुसाकी ने पहले ही हाफ में नीलम को चित करके मेडल जीता. इस पूरे टूर्नामेंट में सुसाकी ने एक भी अंक नहीं गंवाया. सुसाकी कुश्ती की सबसे सफल पहलवानों में से एक हैं. वह अपने करियर में अब तक केवल तीन ही मैच हारी हैं. 2024 पेरिस ओलंपिक में भारत की विनेश फोगाट ने उन्हें हराया था. हालांकि बाद में इस परिणाम को अमान्य करार दिया गया.
नीलम ने सेमीफाइनल में कजाखस्तान की जेनेप बायानोवा को 7-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. इससे पहले नीलम ने प्री-क्वार्टर फाइनल में बेलारूस की नतालिया वराकिना को 6-0 से हराया. इसके बाद क्वार्टर फाइनल में टॉप सीड रूसी पहलवान एलिजावेता स्मिरनोवा के खिलाफ उन्हें वॉकओवर मिला. एलिजावेता चोट के कारण मुकाबले से हट गईं.
वहीं काजल ने फाइनल मुकाबले में अल्पयेयेवा को कड़ी टक्कर दी. काजल इस मुकाबले में 6-8 से हार गईं. काजल ने पहले पीरियड में अच्छी टक्कर दी. आखिर 30 सेंकड तक स्कोर 4-4 था. काजल क्राइटेरिया के आधार पर आगे थीं. लेकिन फिर दो बार की यूरोपियन चैंपियन अल्पयेयेवा ने एक दांव (टर्न और एक्सपोज़र) लगाकर 8-4 की बढ़त बना ली. भारतीय खिलाड़ी ने अंत में एक 'टेकडाउन' किया, लेकिन केवल दो ही अंक हासिल कर सकीं.
यह भी पढ़ें: हारिस रऊफ को भारी पड़ गई मैदान पर ये हरकत! 2 साल में तीसरी बार चला ICC का चाबुक
हालांकि काजल और नीलम दोनों का प्रदर्शन यादगार रहा. भारत ने पहली बार महिला कुश्ती के इतिहास में विश्व चैंपियनशिप में एक ही दिन में दो सिल्वर मेडल जीते. काजल ने सेमीफाइनल में भी शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने 1-7 से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए किर्गिस्तान की आइपेरी मेडेट काइजी को 10-7 से हराया था.
वीडियो: Jamia Student Protest: नसीरुद्दीन शाह ने बीजेपी को क्यों घेरा?










