लाहौर में पाकिस्तान ने 25 अक्टूबर को इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 1 विकेट से हरा दिया. पाकिस्तानी टीम की इस जीत के बाद से ही विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहे. अब, इस मुकाबले में अपने कंडक्ट को लेकर पाकिस्तानी पेसर हारिस रऊफ (Haris Rauf) पर ICC का चाबुक चल गया है.
हारिस रऊफ को भारी पड़ गई मैदान पर ये हरकत! 2 साल में तीसरी बार चला ICC का चाबुक
Pak vs Eng : पाकिस्तानी तेज गेंदबाज Haris Rauf पर ICC ने मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया है. साथ ही 1 डिमेरिट पॉइंट भी दिया है. Will Jacks से बहस और अंपायर Sharfuddoula से टकराने के कारण उन पर यह कार्रवाई हुई.

हारिस रऊफ पर मैदान पर खेल भावना की धज्जियां उड़ाने के लिए कार्रवाई हुई है. इस बार, वो सीधे अंपायर से ही उलझ पड़े. ICC ने मामले में रऊफ को कड़ी फटकार लगाई है. साथ ही उन पर मैच फीस का 20 फीसदी जुर्माना भी ठोक दिया है.
क्या है पूरा मामला?ये पूरा ड्रामा पाकिस्तानी पारी के 46वें ओवर के अंत में हुआ. हारिस रऊफ नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े थे. पहले वो अंपायर से वाइड गेंद की मांग करने लगे. इसके बाद, इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स से बहसबाजी शुरू कर दी.
मैदान पर मौजूद अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद ने उन्हें रोकने की कोशिश की. उन्हें समझाया और चेतावनी भी दी. लेकिन रऊफ का गुस्सा शांत नहीं हुआ. उन्होंने हवा में बल्ला लहराया. अंपायर की बात को अनदेखा किया. यहां तक कि उनसे टकराते हुए आगे निकले और इंग्लिश खिलाड़ी की तरफ बदतमीजी से बढ़ते रहे.
ICC ने रऊफ की इस हरकत को खेल की गरिमा के खिलाफ माना है. उन्हें आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है. इसके चलते उनके खाते में 1 डिमेरिट पॉइंट और जोड़ दिया गया है. पिछले दो सालों में रऊफ की ये तीसरी ऐसी हरकत है. अब उनके कुल डिमेरिट पॉइंट्स बढ़कर 5 हो चुके हैं. यानी अब उन पर फिर से बैन की तलवार लटक रही है.
ये भी पढ़ें : भुवी की स्पीड, स्विंग को क्या हुआ! न्यूजीलैंड में क्यों पड़ गए कुंद?
दरअसल, ICC के नियमों के मुताबिक अगर किसी खिलाड़ी के खाते में 24 महीने के भीतर 4 या उससे ज्यादा डिमेरिट पॉइंट्स जमा हो जाते हैं, तो वे सस्पेंशन पॉइंट्स में बदल जाते हैं और खिलाड़ी पर बैन लग जाता है. नियम कहता है कि 4 से 7 डिमेरिट पॉइंट्स होने पर 2 सस्पेंशन पॉइंट्स मिलते हैं. वहीं, 8 से 11 डिमेरिट पॉइंट्स होने पर 4 सस्पेंशन पॉइंट्स दिए जाते हैं.
दो सस्पेंशन पॉइंट्स का मतलब होता है कि खिलाड़ी पर एक टेस्ट मैच या फिर दो ODI या दो T20I मैचों का बैन लगेगा, जो भी शेड्यूल में पहले आए. ये डिमेरिट पॉइंट्स खिलाड़ी के रिकॉर्ड में पूरे 24 महीनों तक एक्टिव रहते हैं. रऊफ पहले ही 4 पॉइंट्स पर दो मैचों का बैन झेल चुके हैं. ऐसे में अगर उनके खाते में 3 और पॉइंट्स जुड़े और आंकड़ा 8 पर पहुंचा, तो उन पर फिर से कड़ा बैन लगना तय है.
इंग्लैंड पर भी हुई कार्रवाईइस मैच में सिर्फ रऊफ ही नहीं नपे हैं. स्लो ओवर रेट की वजह से इंग्लैंड की टीम पर भी गाज गिरी है. इंग्लिश टीम ने तय समय में 3 ओवर कम फेंके थे. इस ढिलाई पर ICC मैच रेफरी जेफ क्रो ने एक्शन लिया. उन्होंने इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक और पूरी टीम पर मैच फीस का 15 फीसदी जुर्माना लगा दिया.
हालांकि, दोनों ही पक्षों ने अपनी-अपनी गलती मान ली है. उन्होंने बिना किसी बहस के इस सजा को स्वीकार कर लिया है. इसलिए किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी.
वहीं मैच की बात करें, तो शादाब खान ने कमाल की पारी खेली. उन्होंने नाबाद शतक जड़ा. शादाब ने हारिस रऊफ के साथ मिलकर 10वें विकेट के लिए 89 रनों की जबरदस्त साझेदारी की. इसी के दम पर पाकिस्तान ने ये मैच 1 विकेट से अपने नाम किया. इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने ट्राई-सीरीज के फाइनल का टिकट भी कटा लिया है. अब 31 अक्टूबर को खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान की भिड़ंत श्रीलंका से होगी.
वीडियो: आईसीसी ने हारिस रउफ के एयरप्लेन जेस्चर पर कार्यवाई की, सूर्या को भी जुर्माना देना पड़ा













