The Lallantop

महाराष्ट्र: असदुद्दीन ओवैसी शिवसेना वालों के साथ आ गए, लेकिन शर्त ये है!

राज्यसभा चुनाव से पहले AIMIM सांसद इम्तियाज जलील ने शिवसेना के कई नेताओं के साथ मुलाकात की.

Advertisement
post-main-image
AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी (फाइल फोटो- पीटीआई)

महाराष्ट्र (Maharashtra) में असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) की पार्टी AIMIM ने राज्यसभा चुनाव (Rajya Sabha Polls) में महा विकास अघाडी (MVA) उम्मीदवार को वोट देने का ऐलान किया है. पिछले कई दिनों से पार्टी के स्टैंड को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी. 288 सदस्यों वाली महाराष्ट्र विधानसभा में AIMIM के दो विधायक है. पार्टी ने कहा कि AIMIM के विधायक कांग्रेस उम्मीदवार इमरान प्रतापगढ़ी को वोट करेंगे. हालांकि राज्यसभा चुनाव से पहले पार्टी ने शिवसेना के नेतृत्व वाली MVA सरकार के सामने कुछ शर्तें भी रखी हैं.

Advertisement
AIMIM की क्या हैं शर्तें? 

AIMIM महाराष्ट्र के अध्यक्ष इम्तियाज जलील ने राज्यसभा चुनाव की वोटिंग से पहले कई ट्वीट किए. उन्होंने लिखा, 

"बीजेपी को हराने के लिए AIMIM ने राज्यसभा चुनाव में महा विकास अघाडी को वोट देने का फैसला किया है. हालांकि शिवसेना के साथ हमारी राजनीतिक/वैचारिक मतभेद बने रहेंगे जो MVA में कांग्रेस और एनसीपी की साझेदार है."

Advertisement

इम्तियाज जलील ने एक और ट्वीट में लिखा, 

"हमने सरकार के सामने हमारे विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों धुले और मालेगांव के विकास के लिए कुछ शर्तें रखी हैं. सरकार से MPSC में एक अल्पसंख्यक सदस्य को नियुक्त करने की मांग की गई है. साथ ही महाराष्ट्र वक्फ बोर्ड की आय बढ़ाने के लिए कदम उठाने की मांग की है. हमने मुसलमानों के आरक्षण की भी मांग की है."

शिवसेना शर्तों को मानने के लिए तैयार

राज्यसभा चुनाव से एक दिन पहले इम्तियाज जलील ने महा विकास अघाडी गठबंधन के कई नेताओं के साथ मुलाकात की. इंडिया टुडे से जुड़े कमलेश दामोदर सुतर की रिपोर्ट के मुताबिक, जलील 9 जून की शाम शिवसेना सांसद हेमंत पाटिल से मिले. साथ ही उन्होंने डिप्टी सीएम अजीत पावर की ओर से एनसीपी विधायकों के लिए आयोजित डिनर में भी हिस्सा लिया.

Advertisement

सूत्रों ने इंडिया टुडे को बताया कि इम्तियाज जलील ने ट्राइडेंट होटल में रात करीब 1 बजे शिवसेना के अन्य नेताओं से भी मुलाकात की. इस मीटिंग में शिवसेना के मंत्री एकनाथ शिंदे, अनिल परब, सांसद अनिल देसाई, अरविंद सावंत और पार्टी नेता मिलिंद नारवेकर भी थे. ये मीटिंग करीब एक घंटे तक चली थी. शिवसेना के मंत्री राज्यसभा में दो वोट के बदले AIMIM की मांगों को पूरा करने पर सहमत हो गए.

अलग-अलग होटलों में जमे हैं विधायक

शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी ने अपने विधायकों को मुंबई के अलग-अलग होटलों और रिसॉर्ट में रखा है. इन्हें वोटिंग से ठीक पहले विधानसभा ले जाया जाएगा. महाराष्ट्र में राज्यसभा के लिए 6 सदस्य चुने जाने हैं. सभी सीटों के लिए 42 वोटों की जरूरत है. शिवसेना, एनसीपी, कांग्रेस के पास कुल 153 विधायक हैं. गणित देखें तो वे तीन सीटों पर आसानी से जीत दर्ज कर सकते हैं. हालांकि गठबंधन ने चार उम्मीदवारों को चुनाव में उतारा है. उसे छोटी पार्टियों और निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन है. एक और सीट पर जीत के लिए 15 वोट की जरूरत है. 

उधर बीजेपी के 106 विधायक हैं और वो दो सीट जीत सकती है. लेकिन बीजेपी ने भी तीन उम्मीदवार उतारे हैं. तीसरी सीट जीतने के लिए उसे 13 वोट चाहिए. विधायकों की संख्या के हिसाब से BJP के दो, कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना के एक-एक उम्मीदवारों की जीत तय मानी जा रही है. आखिरी सीट के लिए मुकाबला शिवसेना और बीजेपी के बीच होने वाला है.

वीडियो: कैसे चुने जाते हैं नए राज्यसभा सांसद, जान लीजिए

Advertisement