जापान के दक्षिणी हिस्से में एक बार फिर धरती जोर से कांपी है. जापान के मौसम विज्ञान विभाग (JMA) के अनुसार, क्युशु द्वीप के कुमामोटो प्रान्त में 7.1 तीव्रता का एक शक्तिशाली भूकंप आया है. इस खतरनाक झटके के बाद प्रशासन ने तुरंत सुनामी की चेतावनी जारी कर दी है. वैज्ञानिकों का कहना है कि भूकंप का केंद्र समुद्र की सतह से मात्र 10 किलोमीटर की गहराई पर था. इतनी कम गहराई होने की वजह से तटीय इलाकों में तबाही का खतरा ज्यादा बढ़ जाता है.
जापान में 7.1 तीव्रता के जोरदार भूकंप से कांपी धरती, सुनामी का अलर्ट जारी
Japan Tsunami Alert: जापान के क्युशु द्वीप पर कुमामोटो प्रान्त में 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया है. जापान मौसम विज्ञान विभाग ने तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है.

‘द हिंदू’ की रिपोर्ट के मुताबिक इस तगड़े झटके के बाद समंदर में एक मीटर यानी करीब 3.28 फीट ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है. अधिकारियों ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है. सरकारी चैनल एनएचके (NHK) की रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ तटों पर ऐसी लहरें रिकॉर्ड भी की जा चुकी हैं. जापानी सरकार ने कुमामोटो के अलावा नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाज़ाकी प्रान्तों में भी इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया है. ये सभी इलाके क्युशु द्वीप के अंतर्गत आते हैं.
पिछले एक हफ्ते के भीतर जापान में ये दूसरा बड़ा भूकंप है. इससे पहले 25 जून को उत्तरी जापान में 7.2 तीव्रता का झटका लगा था, हालांकि तब कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ था. जानकारों का मानना है कि जापान दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है. पैसिफिक रिंग ऑफ फायर के पास चार बड़ी टेक्टोनिक प्लेटों पर बसे होने की वजह से यहां हर साल सैकड़ों हल्के-तेज झटके आते रहते हैं. दुनिया के कुल भूकंपों का लगभग 18 फीसदी हिस्सा अकेले जापान में रिकॉर्ड होता है.
ये भी पढ़ें: US जितना बता रहा है, उससे कहीं ज्यादा ईरान ने पहुंचाया है नुकसान! NYT रिपोर्ट से मचा बवाल
यहां के लोगों के जेहन में साल 2011 की वो डरावनी घटना आज भी ताजा है, जब 9.0 तीव्रता के भयानक समंदर के भीतर आए भूकंप और उसके बाद आई सुनामी ने करीब 18,500 लोगों की जान ले ली थी और फुकुशिमा का परमाणु संयंत्र तबाह हो गया था. इसके अलावा इसी साल 20 अप्रैल को भी देश के उत्तर में 7.7 तीव्रता का झटका लगा था, जिससे टोक्यो की बड़ी इमारतें हिल गई थीं. बार-बार आ रही इन प्राकृतिक आपदाओं ने जापान की चिंता बढ़ा दी है.
वीडियो: रूस से लेकर अमेरिका, जापान में आया भूकंप और सुनामी, लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया












