The Lallantop

क्या यूपी पुलिस ने फर्जी एनकाउंटर किया है, जिसमें 8 साल के बच्चे की मौत हुई है?

गांववालों के सवालों के बाद सरकार ने चार पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया है.

Advertisement
post-main-image
यूपी पुलिस ने मथुरा में जिस एनकाउंटर का दावा किया है, उसमें 8 साल के बच्चे माधव की मौत हो गई है. पुलिस की फोटो सांकेतिक है.
उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद से जिन कामों की सबसे ज्यादा चर्चा रही है, उनमें से एक है एनकाउंटर. नई सरकार के बनने के बाद पुलिस की ओर से ऑपरेशन ऑल आउट चलाया जा रहा है, जिसके तहत पुलिस कुख्यात अपराधियों को पकड़ने के लिए एनकाउंटर कर रही है. खुद सरकार ने माना है कि प्रदेश में बीजेपी की सत्ता आने के बाद 9 महीने में कुल 921 एनकाउंटर हुए हैं, जिनमें 31 अपराधी मारे गए हैं. लेकिन पुलिस ने 17 जनवरी को जो एनकाउंटर किया, उसमें मरने वाला कोई अपराधी नहीं, एक आठ साल का बच्चा था. इसके बाद इस पूरे एनकाउंटर की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चे के घरवालों के लिए पांच लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है.
बच्चे के पिता ने डीएम से मिलकर सवाल उठाए हैं.
बच्चे के पिता ने डीएम से मिलकर सवाल उठाए हैं.

ये एनकाउंटर मथुरा में हुआ था. पुलिस का दावा है कि 17 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि हाईवे थाना इलाके में कुछ बदमाश छिपे हैं. पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए. पीछा करते हुए पुलिस फोर्स मोहनपुरा अडूकी गांव पहुंची, जहां बदमाश छिपे हुए थे. पुलिस फोर्स ने गांव की घेराबंदी कर दी. जब पुलिस ने बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा, तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी. इस दौरान गांव के लोग भी वहां मौजूद थे. बदमाशों को फायर करता देखकर पुलिस ने भी गोलियां चला दीं. इसी दौरान एक गोली 8 साल के बच्चे माधव को भी लग गई. पुलिस ने देखा तो बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान वहां बच्चे की मौत हो गई. एएसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह ने बताया
''बच्चे का नाम माधव भारद्वाज था. वो मोहनपुरा अडूकी गांव के ही पीसीपीएस बाल विद्या मंदिर स्कूल में नर्सरी में पढ़ता था. उसके पिता का नाम अमरनाथ भारद्वाज है.''

क्या फर्जी था एनकाउंटर प्रदेश में जब सरकार ने एनकाउंटर के आंकड़े जारी किए थे, तो उसी वक्त मानवाधिकार आयोग ने इस पर सवाल उठाया था. 17 जनवरी को भी पुलिस ने एनकाउंटर करने का दावा किया. पुलिस ने कहा कि उसने बदमाशों को पकड़ने के लिए गोली चलाई है, लेकिन गांव के किसी भी आदमी ने न तो बदमाशों को देखा और न ही किसी ने बदमाशों की ओर से गोली चलने की आवाज सुनी. इसके बाद एक बार फिर से ऑपरेशन ऑल आउट पर सवाल खड़े होने लगे हैं. जब जिला प्रशासन को पता चला कि पुलिस की गोली से बच्चे की मौत हुई है, तो डीएम सर्वज्ञराम मिश्र तुरंत बच्चे के घर पहुंचे. वहीं यूपी पुलिस ने पूरे मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए.


एसएसपी स्वप्निल ममगई ने बताया
इस एनकाउंटर की जांच करवाई जा रही है. इसका सच क्या है ये जानना जरूरी है? उम्मीद है जल्द जांच रिपोर्ट आएगी और सच्चाई का पता चल जाएगा.
कौन सा एनकाउंटर था कि दो ही पुलिसवाले पहुंचे
ये एक ऐसा सवाल है, जिसका जवाब पुलिस को खोजने पर भी नहीं मिल रहा है. गांववालों का कहना है कि पुलिस जिसे बदमाशों के साथ मुठभेड़ बता रही है, वैसा कुछ हुआ ही नहीं है. गांववालों की मानें तो दोपहर करीब ढाई बजे हाईवे थाने के दो जवान पुलिस की चेतक बाइक से मोहनपुर गांव पहुंचे और करीब दो घंटे तक बैठे रहे. जब गांव के लोगों ने उनसे वजह पूछी तो पुलिसवालों ने उन्हें चुप करा दिया. गांववालों का दावा है कि दोनों पुलिसवालों ने शराब पी रखी थी. उन्होंने गांववालों से झगड़ा किया और फिर गोली चला दी. गोली की आवाज सुनकर और गांव के लोग वहां पहुंचे तो देखा कि माधव को गोली लगी है. जब गांव के लोगों ने शोर मचाया तो पुलिसवाले वहां से भाग गए, लेकिन उनकी बाइक वहीं छूट गई. गांववालों ने बताया कि पुलिसवाले बदमाशों के भागने का शोर कर रहे थे, लेकिन कोई भी बदमाश भागता हुआ नहीं दिखा था. विवाद बढ़ा तो हो गया सस्पेंशन जब गांववालों ने इस एनकाउंटर पर सवाल उठाए, तो पुलिस घिरती हुई नजर आई. इसके बाद आगरा रेंज के आईजी ने यूपी पुलिस के दो दरोगा वीरेंद्र सिंह और सौरभ शर्मा के साथ ही सिपाही उधम सिंह और सुभाष को सस्पेंड कर दिया है. मथुरा के डीएम ने इस पूरे मामले की मैजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं.


इससे पहले उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी बच्चे के घरवालों को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की थी. साथ ही अखिलेश यादव ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी.


ये भी पढ़ें:
क्या राजस्थान में फिल्म पद्मावत पर लगी रोक की असली वजह एक एनकाउंटर है?

कौन है लॉरेंस बिश्नोई, जिसने सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी है

अंकित तोमर आपके लिए मर गया, आपको पता चला?

2017 के वो 5 धाकड़ पुलिस अधिकारी जिन्होंने अपराधियों का बाजा बजा दिया

वो पुलिसवाला, जो गोली मारकर नहीं, गाना गाकर एनकाउंटर करता है

Advertisement
Advertisement