The Lallantop

‘गोली ठोक के दिखाओ’, जमुई कांड के मुख्य आरोपी नंदन यादव की सोच रील्स में सामने आई

जमुई में नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी और उसे अगवा करने की कोशिश के मामले में गिरफ्तार नंदन यादव की पुरानी सोशल मीडिया रील्स सामने आई हैं, जिनमें वह पुलिस और कानून को चुनौती देता नजर आता है.

Advertisement
post-main-image
जमुई कांड का मुख्य आरोपी नंदन यादव गिरफ्तार. (Courtesy: India Today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • पुलिस ने जमुई कांड के मुख्य आरोपी नंदन यादव को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया, जो नाबालिग लड़की के अपहरण और उससे दुर्व्यवहार के आरोप में था।
  • नंदन यादव ने पहले से सोशल मीडिया पर पुलिस और समाज को चुनौती देते हुए अवैध गतिविधियों और जातीय दंभ को बढ़ावा दिया था, जिससे उसकी दबंगई का पता चलता है।
  • गिरफ्तारी के बाद पांच और आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है, जबकि समाज और कानून व्यवस्था पर उठे सवालों को लेकर सख्ती की मांग बढ़ी है।

7 दिन पहले वह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर रील डालकर समाज और कानून को चुनौती दे रहा था. पुलिस को ललकारते हुए कह रहा था कि ‘एनकाउंटर करके दिखाओ’… ‘गाड़ी रोक के दिखाओ’… ‘गोली ठोक के दिखाओ’. इसके कुछ ही दिन बाद पुलिस ने पैर में गोली मारकर नंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया. 

Advertisement

जातीय गर्व, खोखली अकड़ और अभद्र हेकड़ी वाली उसकी रील्स अब एकदम नए मतलब के साथ लोगों के सामने खुल रही हैं. अपनी रीलों में जो ‘मैटर बड़े होने पर खड़े होने’ या ‘शेर को जगाने और उसे समझाने’ जैसी गाल बजाने वाली बातें कर रहा था, वह एक घिनौने अपराध के बाद जब पुलिस के हत्थे चढ़ा तो मुंह छिपाता फिर रहा था.

नंदन यादव जमुई कांड का मुख्य अभियुक्त है. इस घटना ने बिहार समेत पूरे देश की कानून व्यवस्था पर तो सवाल उठाया ही, हमारे समाज की खोखली नैतिक व्यवस्था की असलियत से भी पर्दा उघाड़कर रख दिया. एक नाबालिग लड़की अपने दोस्त के साथ स्कूटी पर बैठकर जा रही थी. उसे वहां घूम रहे 7-8 ‘गुंडों’ ने घेर लिया. अचानक से वो समाज के ‘मोरल पुलिस’ बन बैठे. वो एक आम नागरिक के मूल अधिकारों पर चेहरे पर नकाब लगाकर चढ़ बैठे. नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी की हर सीमा पार कर दी, उसे अगवा करने की भी कोशिश की. 

Advertisement

वो मानसिकता समझिए जो किसी लड़की को उसके दोस्त के साथ दिखने पर किसी सामाजिक अनुशासन की दुहाई देते हुए लंपटई पर उतर आती है. वही थोड़ी देर बाद कानून को ताक पर रखकर सारी नैतिकता तार-तार करते हुए लड़की पर ‘कब्जे’ की कोशिश करती है. उसे ऐसे छूता और पकड़ता है, जैसे वो कोई इंसान न हो खिलौना हो. दोनों बच्चों के लाख गिड़गिड़ाने के बावजूद क्रूरता से उनके साथ बदतमीजी करता है. 10वीं में पढ़ने वाली पीड़िता के निजी अंगों पर हाथ रखते हुए पाशविकता की हर सीमा पार कर लेना चाहता है. 

इसका वीडियो भी दुनिया के सामने आया. कौन होगा जो ये वीडियो देखकर गुस्से से न भर गया हो.

चेहरे को गमछे से ढकने के बावजूद लोगों ने नंदन यादव को पहचान लिया. पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की. पता चला कि कुंदर बराज के पास छिपा है. वहां घेराबंदी की गई तो भागने के चक्कर में पुलिस पर भी हमला कर दिया. इसके बाद पुलिस ने उसके पैर पर गोली मारी और वो गड्ढे में गिर गया. उसका पैर टूट गया. जमुई सदर अस्पताल में स्ट्रेचर पर लेटे जब उसका वीडियो आया तो लोग इतने भर से संतुष्ट नहीं हुए. उसके लिए और कड़ी सजा की मांग करने लगे.   

Advertisement

इसी बीच उसके सोशल मीडिया अकाउंट के वीडियो सामने आने लगे. उसे देखकर लगा कि जिस घटना को इसने अंजाम दिया है, उसकी तैयारी तो पहले से थी. कानून और पुलिस को तो वह पहले भी कुछ नहीं समझता था. 

जातीय दंभ और रंगदारी वाले रीलों में वो कहीं खुद को शेर कहता तो कहीं किंग. उसका पूरा सोशल मीडिया अकाउंट एक ‘सभ्य सामाजिक व्यवस्था को खुला चैलेंज’ लगता है. एक वीडियो में तो वह पुलिस को चुनौती देता है कि वह उसे ठोककर दिखाए. उसका एनकाउंटर करके दिखाए. पुलिस ने अब दोनों करके दिखा दिया है. 

ट्रैक्टर चलाता है नंदन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच में पता चला है कि नंदन यादव के गांव का नाम प्रतापपुर है. रोजी-रोटी के लिए वह ट्रैक्टर चलाता है. इलाके में वह अपनी दबंगई के लिए कुख्यात है. अवैध बालू ढुलाई वाले सिंडिकेट से उसके जुड़े होने की बातें भी कही जाती हैं. शराब तस्करी के भी आरोप स्थानीय लोगों ने उस पर लगाए हैं. अपने कई इंस्टाग्राम वीडियो में वह शराब पीते दिखता भी है.

जमुई के मड़वा पहाड़ का इलाका सुंदर है. यहां लोग शाम को घूमने, तस्वीरें खिंचवाने और रील बनाने आते हैं. बताया जा रहा है कि बच्ची अपने दोस्त के साथ इसी मड़वा पहाड़ से ही वापस आ रही थी. रास्ता शाम के समय एकदम सुनसान हो जाता है. आरोपियों ने इसी का फायदा उठाया और घात लगाकर बैठे रहे. जब कपल उधर से गुजरे तो उन्होंने उन पर हमला कर दिया. लोग बताते हैं कि नंदन और उसके साथी इस सड़क पर अक्सर मंडराते रहते थे. राहगीरों से मारपीट करना, छिनैती करना और युवतियों पर फब्तियां कसना उसकी आदत हो गई थी.

ये भी पढ़ेंः घर से बाहर घूमती लड़कियां अब बर्दाश्त नहीं होंगी: गुंडे

अब तक 5 गिरफ्तार

जमुई के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत दयाल ने पुलिस को बताया कि नंदन यादव के अलावा इस घिनौने काम में शामिल 7 लोगों की पहचान की गई है. उनमें से 5 को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने बताया कि वीडियो वायरल करने के आरोप में रामाशीष चौधरी, कुंदन कुमार और मोहम्मद फैयाज गिरफ्तार हुए. अब नंदन यादव और उसके साथ हरेराम यादव को भी पकड़ लिया गया है. 

वीडियो: साहिल वाकोड़े केस के बाद IIT बॉम्बे ने डीन को हटाया

Advertisement