The Lallantop

BCCI अध्यक्ष और पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली अस्पताल में भर्ती

ममता बनर्जी का ट्वीट-गांगुली को हल्का कार्डियक अरेस्ट आया है.

Advertisement
post-main-image
सौरव की सेहत को लेकर अस्पताल की तरफ से कोई बयान आना अभी बाकी है. (फाइल फोटो- PTI)
टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली को को कोलकाता के वुडलैंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दो जनवरी की दोपहर में पहले ये ख़बर आई कि सौरव को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, लेकिन ये पता नहीं चला कि क्यों भर्ती कराया गया है. लेकिन कुछ ही देर बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का ट्वीट आया. उन्होंने लिखा -
"ये सुनकर दुख हुआ कि सौरव गांगुली को हल्का कार्डियक अरेस्ट आया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया  गया है. उनकी जल्द रिकवरी की प्रार्थना है. उनके परिवार के साथ मेरी दुआएं."
BCCI के सचिव जय शाह ने भी ट्वीट किया. लिखा -
"मैं सौरव गांगुली की जल्द रिकवरी की प्रार्थना करता हूं. मेरी उनके परिवार से बात हुई है. दादा की हालत अभी स्थित है और वे ट्रीटमेंट पर अच्छे से रिस्पॉन्ड कर रहे हैं."
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने भी ट्वीट किया. लिखा -
"आपकी जल्द रिकवरी की प्रार्थना कर रहा हूं. गेट वेल सून @SGanguly99"
फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में टीम इंडिया की कमान संभाल रहे अजिंक्य रहाणे ने भी ट्वीट किया -
"दादा आपकी जल्द रिकवरी की प्रार्थना कर रहा हूं."
टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा ने भी ट्वीट कर गांगुली के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की. इससे पहले पत्रकार बोरिया मजूमदार ने भी ट्वीट करके बताया था कि सौरव को दिल संबंधित कुछ समस्या आई है, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बाद में ममता के ट्वीट ने स्थिति स्पष्ट कर दी. सौरव का इलाज चल रहा है और अभी हॉस्पिटल की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है. शाम को हॉस्पिटल ने  बताया कि सौरव गांगुली की एंजियोप्लास्टी की गई है. ये दिल की समस्याओं की दूर करने वाली एक सर्जरी है. सौरव के दिल में दो ब्लॉकेज हैं. ट्रीटमेंट किया जा रहा है, सौरव होश में हैं और उनकी हालत स्थिर है. 48 साल के सौरव ने 2008 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने से पहले टीम इंडिया के लिए 113 टेस्ट और 311 वनडे खेले. टेस्ट में सौरव ने 7212 रन और वनडे में 11363 रन बनाए. टेस्ट में 32 विकेट लिए, वनडे में 100 विकेट. सौरव की गिनती भारत के ऑलटाइम बेस्ट कप्तानों में होती है. 2019 में वे BCCI अध्यक्ष बने.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement