विराट कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 15 साल पूरे कर लिए हैं. कोहली ने 18 अगस्त 2008 को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. श्रीलंका के खिलाफ़ वनडे मैच से डेब्यू करने वाले कोहली ने अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने के बाद इंडिया डेब्यू किया था. और डेब्यू के बाद से वह इंटरनेशनल क्रिकेट पर राज कर रहे हैं.
किंग कोहली के 15 साल, ये फ़ोटो और जय शाह का ट्वीट दिल जीत लेगा!
विराट कोहली ने किस मैच से किया था इंटरनेशनल डेब्यू?


कोहली ने 15 साल पूरे करने पर इंस्टाग्राम पर एक फ़ोटो डाली. साथ ही पूरी दुनिया से उनके लिए बधाई भी आई. BCCI सेक्रेटरी जय शाह ने इस मौके पर ट्वीट किया,
'अतुल्य विराट कोहली को इंटरनेशनल क्रिकेट में अटूट प्रतिबद्धता के 15 साल पूरे करने की बधाई! आपके पैशन, दृढ़ता और उल्लेखनीय उपलब्धियों ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है. आपको निरंतर सफलता और आगे कई मील के पत्थर मिलने की कामना!'
बता दें कि कोहली ने डेब्यू से पहले भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताया था. उन्होंने इस टूर्नामेंट के छह मैचेज़ में 47 के ऐवरेज से 235 रन बनाए थे. कोहली ने टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज़ में वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ़ सेंचुरी भी मारी थी. कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 15 बरस पूरे करने के मौके पर इंस्टाग्राम पर एक खास तस्वीर शेयर कर लिखा,
'हमेशा के लिए आभारी.'
कोहली द्वारा शेयर की गई ये फ़ोटो देखते ही लोगों को T20 वर्ल्ड कप के दौरान हुआ भारत वर्सेज पाकिस्तान मैच याद आ गया. कोहली ने इस मैच में भारत को अकेले ही जीत दिलाई थी. इस मैच में कोहली ने 53 गेंदों पर 82 रन की नाबाद पारी खेली थी. इस पारी की सबसे खास बात ये थी, कि कोहली ने भारत को लगभग हारा हुआ मैच जिता दिया था. जीत के लिए 160 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही टीम इंडिया ने 17 ओवर्स में 112 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे.
ये भी पढ़ें : IndvsPak मैच से आई रोहित-विराट की ये तस्वीर जनता का दिल जीत लेगी!
आखिरी 18 गेंदों पर टीम को जीत के लिए 48 रन चाहिए थे. कोहली के साथ हार्दिक पंड्या क्रीज़ पर थे. 18वां ओवर लेकर शाहीन अफ़रीदी आए. कोहली ने इस ओवर में 17 रन बटोर लिए. यानी अब आखिरी 12 गेंदों पर 31 रन की जरूरत थी. हारिस रऊफ़ ने पहली चार गेंदों पर सिर्फ़ तीन रन दिए. लेकिन कोहली ने आखिरी दो गेंदों पर दो छक्के जड़ इस ओवर से भी 15 रन निकाल लिए.
# INDvsPAK Last Overआखिरी ओवर मिला स्पिनर मोहम्मद नवाज़ को. नवाज़ ने पहली ही गेंद पर हार्दिक पंड्या को बाबर आज़म के हाथों कैच आउट करा दिया. अब स्ट्राइक पर थे दिनेश कार्तिक. उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर सिंगल लेकर स्ट्राइक कोहली को दी. कोहली ने तीसरी गेंद पर दो रन लिए.
ओवर की चौथी गेंद. फुल टॉस. कोहली ने इसे डीप स्क्वॉयर लेग बाउंड्री के बाहर छह रन के लिए भेज दिया. अंपायर ने गेंद की हाइट देखते हुए इसे नो बॉल करार दिया. पाकिस्तानी टीम ने इस पर खूब बवाल किया, लेकिन कुछ हुआ नहीं और ये नो बॉल ही रही.
अगली गेंद नवाज़ ने वाइड फेंक दी. और फिर ओवर की चौथी लीगल डिलिवरी, जो कि फ्री हिट थी. सीधे विराट के स्टंप्स बिखेर गई. लेकिन फ्री हिट होने के नाते विराट आउट नहीं हुए. और जब तक थर्ड-मैन से गेंद वापस आती, दोनों बल्लेबाजों ने बाई के तीन रन बटोर लिए.
अब आखिरी दो गेंदों पर जीत के लिए दो रन चाहिए थे. लेकिन अगली गेंद पर दिनेश कार्तिक स्टंप हो गए. आखिरी गेंद पर भारत को दो रन चाहिए थे. स्ट्राइक अश्विन के पास. नवाज़ ने ये गेंद लेग स्टंप के ज्यादा बाहर फेंक दी. अश्विन ने बहुत आराम से इसे विकेट कीपर के पास जाते हुए देखा. मैच टाई हो गया. और फिर आखिरी गेंद को अश्विन ने मिड-ऑफ के ऊपर से तैराकर भारत को जीत दिला दी.
वीडियो: विराट-बाबर की तुलना करने वालों को विराट कोहली का जवाब!





















