इंडियन क्रिकेट में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) को लेकर चर्चा का बाजार गर्म है. इंग्लैंड के खिलाफ चल रही T20 सीरीज में फैंस उम्मीद लगा रहे हैं कि इस युवा स्टार को मौका मिलेगा. लेकिन भारत के 1983 वर्ल्ड कप विनिंग कैप्टन कपिल देव (Kapil Dev) ने साफ-साफ कहा है कि वैभव को इतना हाइप नहीं करना चाहिए. कपिल ने वैभव के टैलेंट की तारीफ भी की, और डेब्यू को लेकर अपनी राय सामने रखी.
‘वैभव को इतना हाइप मत करो…’ कपिल देव ने डेब्यू पर सीधा जवाब दिया
Kapil Dev ने कहा कि उन्होंने Vaibhav Sooryavanshi को ज्यादा देखा नहीं है, लेकिन वो बिना शक बहुत बड़ा टैलेंट हैं.


कपिल देव ने वैभव के T20 टैलेंट की तारीफ की है. स्पोर्ट्स तक को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा,
“उसमें जबरदस्त टैलेंट है, इसमें कोई शक नहीं. लेकिन उसे इतनी छोटी उम्र में इतना बड़ा मत बना दो. उसे समय दो.”
कपिल देव ने वैभव को सचिन और विराट से भी कंपेयर कर दिया. वो बोले,
डेब्यू पर क्या बोले?“T20 क्रिकेट में वो सचिन तेंदुलकर या विराट कोहली जितना ही अच्छा है. लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उसे अभी खुद को साबित करना होगा. ये देखना पड़ेगा कि क्या वो क्रीज पर खड़े रहकर पांच मेडन ओवर खेल सकता है या नहीं. वीरेंद्र सहवाग इस बात को इस तरह नहीं सोचेंगे, लेकिन क्रिकेट में ये सब चीजें सोचनी पड़ती हैं. T20 क्रिकेट की बात करें तो वो एक स्पेशलिस्ट है और पूरी तरह तैयार है.”
पूर्व कप्तान ने वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू पर चल रही बहस पर अपनी राय दी. उन्होंने कहा कि खिलाड़ी का चयन उम्र के बजाय सिर्फ टैलेंट के आधार पर होना चाहिए. वो बोले,
"मेरा मानना है कि अगर वो तैयार है तो उसे डेब्यू दे दिया जाए. उम्र की वजह से नहीं, बल्कि अपनी काबिलियत की वजह से. दुनिया में सिर्फ एक प्रतिशत लोग ही इतनी कम उम्र में इतना बड़ा असर डाल पाते हैं. ये नई पीढ़ी के खिलाड़ी हैं, शायद इन्हें बहुत ज्यादा आत्मविश्वास मिला हुआ है."
कपिल देव ने कहा कि उन्होंने वैभव को ज्यादा देखा नहीं है, लेकिन वो बिना शक बहुत बड़ा टैलेंट हैं. उन्होंने बताया,
“उसके बारे में बहुत बड़ी-बड़ी बातें की जा रही हैं. अभी उसे कुछ समय दो. इतना हाइप मत करो. वो अभी बहुत युवा है, हर चीज समझने की उम्र नहीं हुई है.”
बता दें कि वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में कमाल की बैटिंग की थी. इस सीजन 776 रन बनाए थे. वैभव का स्ट्राइक रेट 230 के आसपास था. वो 14 साल की उम्र में T20 सेंचुरी जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं.
भारत ने आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए उन्हें टीम में चुना था, लेकिन प्लेइंग इलेवन में उन्हें जगह नहीं मिली. अब इंग्लैंड सीरीज में फैंस उनकी डेब्यू की उम्मीद कर रहे हैं.
सीरीज का पहला T20 मैच बारिश में धुल गया. अब दूसरा मैच 4 जुलाई को मैनचेस्टर में खेला जाएगा. देखना होगा कि टीम मैनेजमेंट इस मैच में वैभव को मौका देता है या नहीं.
वीडियो: वैभव सूर्यवंशी को बाहर रखने पर सुनील गावस्कर ने गौतम गंभीर पर उठाए सवाल?
















