इटली के किमी एंटोनेली F1 के नए वर्ल्ड चैंपियन बन गए हैं. मैक्सिको ग्रां प्री में वह तीसरे स्थान पर रहे. हालांकि, यह पोजीशन उन्हें वर्ल्ड चैंपियन बनाने के लिए काफी थी. किमी का यह खिताब ऐतिहासिक है. वह F1 इतिहास के सबसे युवा वर्ल्ड चैंपियन बन गए हैं. एंटोनेली से पहले सबसे कम उम्र में चैंपियन बनने का रिकॉर्ड सेबेस्टियन वेटेल के नाम था. वेटेल ने 2010 में 23 साल की उम्र में अपना पहला वर्ल्ड टाइटल जीता था.
20 साल का लड़का 'तीसरे नंबर' पर रहने के बाद भी Formula 1 वर्ल्ड चैंपियन बना, कौन हैं किमी एंटोनेली?
इटली के किमी एंटोनेली ने इतिहास रच दिया. महज 20 साल की उम्र में वह Formula 1 के सबसे युवा वर्ल्ड चैंपियन बन गए हैं. उन्होंने सेबेस्टियन वेटेल का 16 साल पुराना रिकॉर्ड तो़ड़ा.

मर्सिडीज के एंटोनेली मैक्सिको ग्रां प्री के विजेता मैक्स वर्स्टापेन और लुईस हैमिल्टन के बाद तीसरे स्थान पर रहे. चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में एंटोनेली के कुल 380 अंक हो गए हैं. इस तरह उन्होंने चार रेस बाकी रहते ही चैंपियनशिप अपने नाम कर ली.
पॉइंट्स टेबल में एंटोनेली के बाद वर्स्टापेन 261 अंकों के साथ दूसरे और हैमिल्टन 259 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं. बची हुई चारों रेस जीतने के बावजूद ये दोनों ड्राइवर एंटोनेली के अंकों की बराबरी नहीं कर पाएंगे. इस तरह एंटोनेली ने सीजन खत्म होने से पहले ही खिताब पक्का कर लिया.
मैक्सिको में रेस खत्म होने के बाद एंटोनेली काफी भावुक नजर आए. पूर्व वर्ल्ड चैंपियन वर्स्टापेन और हैमिल्टन ने उन्हें कंधों पर उठाकर जश्न मनाया. इस दौरान उनका परिवार भी मौजूद था. जीत के बाद एंटोनेली ने ब्रॉडकास्टर से कहा,
अभी मैं यह समझने की कोशिश कर रहा हूं कि क्या हुआ है. जब आप इतनी कड़ी मेहनत करते हैं और आखिरकार उसे हासिल कर लेते हैं, तो यह बेहद खास होता है. मैं बहुत भावुक हूं. अपने परिवार के साथ इस पल को साझा करना मेरे लिए बेहद खास है.
यह भी पढ़ें- ODI सीरीज से 2 दिन पहले न्यूजीलैंड को लगा झटका, भारत के खिलाफ 2 प्लेयर टीम से बाहर
किमी का जन्म 25 अगस्त 2006 को इटली के बोलोन्या में हुआ था. उन्हें बचपन से ही मोटरस्पोर्ट्स में दिलचस्पी थी. उनके पिता मार्को एंटोनेली भी मोटरस्पोर्ट्स से जुड़े रहे हैं. वह खुद रेस करते थे और अपनी रेसिंग टीम भी चलाते थे. किमी दो साल की उम्र में पहली बार गो-कार्ट में बैठे थे, हालांकि उस वक्त उनके पैर पैडल तक नहीं पहुंचते थे.
किमी ने महज सात साल की उम्र में कार्टिंग शुरू कर दी थी. इसके बाद उन्होंने जूनियर रेसिंग कैटेगरी में अपनी पहचान बनाई. मर्सिडीज ने उनके टैलेंट को पहचाना और उन्हें अपने जूनियर प्रोग्राम में शामिल किया. उस समय वह केवल 12 साल के थे.
किमी ने करियर की शुरुआत में ही सबको इंप्रेस कर दिया था. 2022 में इटैलियन और जर्मन फॉर्मूला 4 चैंपियनशिप जीती. इस सीजन में उन्होंने 22 रेस जीतीं और 21 पोल पोजीशन हासिल कीं. उनके इसी प्रदर्शन को देखते हुए मर्सिडीज ने उन्हें फॉर्मूला 3 की जगह सीधे फॉर्मूला 2 में मौका दिया. 2023 में उन्होंने फॉर्मूला रीजनल की मिडिल ईस्ट और यूरोपियन चैंपियनशिप भी अपने नाम की.
साल 2025 उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुआ. मर्सिडीज ने महज 18 साल की उम्र में उन्हें F1 में डेब्यू का मौका दिया. उन्हें टीम में लुईस हैमिल्टन की जगह शामिल किया गया था. हैमिल्टन सात बार के वर्ल्ड चैंपियन थे. ऐसे में इतनी कम उम्र में उनकी जगह लेना बड़ी चुनौती थी. किमी ने अपने पहले सीजन में 150 पॉइंट्स हासिल किए और तीन पोडियम फिनिश कीं. अपने दूसरे ही सीजन में वर्ल्ड चैंपियन बनकर किमी ने मर्सिडीज के इस फैसले को सही साबित कर दिया.
वीडियो: मनीषा भानवाला ने पूरा किया पिता का सपना, 16 साल के इंतजार के बाद बनीं वर्ल्ड चैंपियन









