भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टेस्ट सीरीज के लिए फिलहाल न्यूजीलैंड नहीं जाएंगे. पंत ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में फिटनेस टेस्ट दिया था. लेकिन वह इसे पास नहीं कर पाए. पंत के पास एक और मौका है. कुछ दिन बाद उन्हें फिर से फिटनेस टेस्ट देना होगा. जब तक वह यह टेस्ट पास नहीं करते, तब तक टेस्ट सीरीज में उनका खेलना मुश्किल है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज 19 नवंबर से शुरू होगी.
ऋषभ पंत फिटनेस टेस्ट में फेल, अब क्या करेंगे?
ऋषभ पंत बेंगलुरु में पहला फिटनेस टेस्ट पास करने में नाकाम रहे हैं. अगर वह फिट घोषित होते हैं तभी न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ 7 नवंबर से शुरू होने वाले तीसरे चार-दिवसीय मैच में इंडिया-ए से जुड़ेंगे.

ऋषभ पंत ईरानी ट्रॉफी के दौरान चोटिल हुए थे. श्रीनगर में खेले गए मैच में उन्हें साइड स्ट्रेन हुआ था. इसके बाद से उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है. ईएसपीएन क्रिकइंफो की खबर के मुताबिक 23 अक्तूबर से पंत COE में हैं. वो कुछ दिन बाद फिर फिटनेस टेस्ट देंगे. अगर वह इस टेस्ट में पास हो जाते हैं, तो न्यूजीलैंड A के खिलाफ अनऑफिशियल टेस्ट खेल पाएंगे. लेकिन अगर ऐसा नहीं होता है, तो उनके लिए न्यूजीलैंड रवाना होना मुश्किल हो जाएगा. ऐसे में ध्रुव जुरेल को टेस्ट सीरीज में मौका मिल सकता है.
ऋषभ पंत को न्यूजीलैंड A के खिलाफ तीन अनऑफिशियल टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए चुना गया था. लेकिन चोटिल होने के कारण वह शुरुआती दो मैचों से बाहर हो गए. उनकी जगह झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को टीम में शामिल किया गया. हालांकि, उन्हें किसी भी मैच की प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला.
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 3-2 से जीतने के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर से ऋषभ पंत की फिटनेस को लेकर सवाल पूछा गया था. इस पर गंभीर ने कहा था कि फिलहाल उनके पास पंत की उपलब्धता को लेकर कोई नया अपडेट नहीं है. मेडिकल टीम से पक्की जानकारी मिलने के बाद वह इसे साझा करेंगे. सिलेक्टर्स ने पंत को इंडिया A और सीनियर टेस्ट टीम, दोनों में जगह दी है. हालांकि, उनका खेलना पूरी तरह फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा.
यह भी पढ़ें- गौतम गंभीर ने दी प्लेयर्स को नसीहत, 'ब्रेक पर हैं, तब भी फिटनेस पर फोकस करें'
जसप्रीत बुमराह को लेकर भी एक बड़ा अपडेट सामने आया है. वह न्यूजीलैंड A के खिलाफ तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट में इंडिया A के लिए खेलेंगे. बुमराह ने पिछले एक साल से कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है. उन्हें जून 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए आराम दिया गया था. वहीं, अगस्त 2026 में श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान वह चोट के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे.
वीडियो: मनीषा भानवाला ने पूरा किया पिता का सपना, 16 साल के इंतजार के बाद बनीं वर्ल्ड चैंपियन











