The Lallantop

वर्ल्ड कप 2023: ‘इस बार नहीं जीते तो...’, टीम इंडिया के लिए रवि शास्त्री की चेतावनी में दम है

रवि शास्त्री ने एक पॉडकास्ट के दौरान कहा कि इस वक्त भारत के अधिकतर खिलाड़ी अपने चरम पर हैं, इसलिए टीम के पास ICC खिताब के इंतजार को खत्म करने का शानदार मौका है.

Advertisement
post-main-image
शास्त्री ने ये भी कहा कि भारत के पास इस समय अब तक का सर्वश्रेष्ठ बॉलिंग अटैक है. (फोटो- ट्विटर)

भारतीय टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल से पहले बड़ा बयान दिया है. उनका मानना है कि भारतीय टीम अगर इस बार चैंपियन नहीं बन पाई तो उसे अगले तीन वर्ल्ड कप तक इंतजार करना पड़ सकता है (Ravi Shastri on World Cup). एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक एक पॉडकास्ट के दौरान रवि शास्त्री ने कहा कि इस वक्त भारत के अधिकतर खिलाड़ी अपने चरम पर हैं, इसलिए टीम के पास ICC खिताब के इंतजार को खत्म करने का शानदार मौका है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पूर्व क्रिकेटर ने कहा,

“पूरे देश में इस समय क्रिकेट की खुमारी छाई हुई है. भारत ने 12 साल पहले वर्ल्ड कप जीता था. उनके पास फिर से इसे दोहराने का मौका है. भारतीय टीम जिस तरह से खेल रही है उसे देखते हुए संभवत: ये उसके पास सबसे अच्छा मौका है.”

Advertisement

उन्होंने आगे कहा,

‘‘अगर भारतीय टीम इस बार चूक गई तो उन्हें इसे जीतने के बारे में सोचने तक के लिए अगले तीन विश्व कप तक इंतजार करना होगा. इस बार टीम के सात-आठ खिलाड़ी अपने टॉप फॉर्म में हैं. ये उनका आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है. जिस तरह से वो खेल रहे हैं और परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें इस बार खिताब जीतना चाहिए.''

शास्त्री ने ये भी कहा कि भारत के पास इस समय अब तक का सर्वश्रेष्ठ बोलिंग अटैक है. ये असाधारण है, लेकिन इसमें समय लगा और ये रातों रात नहीं हुआ है. वो पिछले चार-पांच साल से एक-दूसरे के साथ खेल रहे हैं. मोहम्मद सिराज तीन साल पहले उनसे जुड़े. वो जानते हैं कि प्रदर्शन में कैसे निरंतरता बनाए रखनी है.

Advertisement

रवि शास्त्री ने बताया कि बॉलर्स को पता है कि किस लाइन में गेंदबाजी करनी है. और कैसे कंसिस्टेंसी बनाए रखनी है. शास्त्री के मुताबिक इस वर्ल्ड कप में बॉलर्स ने शॉर्ट बॉल का ज्यादा प्रयोग नहीं किया. उसे सरप्राइज़ की तरह इस्तेमाल किया गया. शास्त्री ने ध्यान दिलाया कि 90 फीसदी बार बॉलर्स ने स्टंप्स को टारगेट किया है. सीम पोजिशन की वजह से बॉलर्स को बॉल स्विंग और सीम कराने में मदद मिल रही है. जिससे बल्लेबाजों को खेलने में दिक्कत आती है.

शास्त्री ने माना कि व्हाइट बॉल क्रिकेट में अब तक का ये सबसे बेहतरीन बोलिंग अटैक है.

(ये भी पढ़ें: वर्ल्ड कप 2023: सेमीफाइनल से पहले कोच राहुल द्रविड़ की बात सुन फैन्स नर्वस हो जाएंगे)

Advertisement