The Lallantop

स्टीव स्मिथ दिसंबर तक नहीं खेल सकेंगे, गर्दन की चोट पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने क्या बताया?

Aus vs SA : ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज Steve Smith गर्दन की चोट (सर्वाइकल फैसेट जॉइंट) के कारण साउथ अफ्रीका के खिलाफ केप टाउन टेस्ट से बाहर हो गए हैं. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुताबिक, स्मिथ अब दिसंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज से वापसी करेंगे.

Advertisement
post-main-image
स्टीव स्मिथ गर्दन की चोट के कारण केप टाउन टेस्ट नहीं खेल सके. (Courtesy : AP)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • स्टीव स्मिथ को गर्दन के सर्वाइकल फैसेट जॉइंट में चोट लगी है, जिससे वह दिसंबर तक क्रिकेट से बाहर रहेंगे और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में ही वापसी कर पाएंगे।
  • यह चोट दूसरे टेस्ट के चौथे दिन गेबेरहा में स्मिथ को गर्दन में दर्द महसूस होने के बाद हुई, जिसकी पुष्टि MRI स्कैन के माध्यम से की गई और वे केप टाउन टेस्ट में नहीं खेल पाए।
  • स्मिथ के चोटिल होने से टीम को बैटिंग ऑर्डर में बदलाव करना पड़ा तथा उनकी वापसी न्यूजीलैंड के खिलाफ दिसंबर टेस्ट सीरीज तक अनुमानित है, उसके बाद ऑस्ट्रेलिया का भारत दौरा निर्धारित है।

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को तगड़ा झटका लगा है. टीम के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (Steve Smith Injury) चोटिल हो गए हैं. उनके 'सर्वाइकल फैसेट जॉइंट' यानी गर्दन के जोड़ में चोट लगी है. स्कैन में इस चोट की पुष्टि हो चुकी है. आलम यह है कि स्मिथ अब दिसंबर तक मैदान से दूर रहेंगे. दिसंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की घरेलू टेस्ट सीरीज होनी है. स्मिथ अब सीधे उसी सीरीज में सिलेक्शन के लिए उपलब्ध हो पाएंगे. इस चोट की वजह से वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ केप टाउन टेस्ट से भी बाहर हो गए हैं. यह सीरीज का निर्णायक मुकाबला है.

Advertisement

37 साल के स्मिथ को पिछले हफ्ते गेबेरहा में दिक्कत हुई थी. दूसरे टेस्ट के चौथे दिन उन्हें गर्दन में दर्द महसूस हुआ था. उम्मीद थी कि न्यूलैंड्स में होने वाले तीसरे टेस्ट तक वह ठीक हो जाएंगे. लेकिन ऐसा हुआ नहीं. 27 अक्टूबर की सुबह उनका फिटनेस टेस्ट हुआ. स्मिथ यह टेस्ट पास नहीं कर पाए. इसके बाद, उन्हें प्लेइंग XI से बाहर कर दिया गया.

बोर्ड ने इंजरी पर क्या बताया?

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 29 अक्टूबर को इस चोट पर मुहर लगाई. बोर्ड ने बताया कि MRI स्कैन में गर्दन के सर्वाइकल फैसेट जॉइंट में चोट दिखी है. दरअसल, यह जॉइंट गर्दन के मूवमेंट को सही दिशा देता है. साथ ही गर्दन को स्थिर रखने में मदद करता है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस पर एक आधिकारिक बयान भी जारी किया. बोर्ड ने कहा,

Advertisement

पिछले हफ्ते गेबेरहा में दूसरे टेस्ट के चौथे दिन स्टीव स्मिथ को गर्दन में दर्द हुआ था. बाद में MRI स्कैन हुआ. इसमें सर्वाइकल फैसेट जॉइंट की चोट कन्फर्म हुई. इस चोट से गर्दन का मूवमेंट सीमित हो गया था. इसलिए वह मौजूदा टेस्ट खेलने के लिए फिट नहीं थे.

बोर्ड ने आगे बताया,

स्टीव का इलाज और रिहैब जारी रहेगा. उम्मीद है कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे और टीम में वापसी करेंगे.

Advertisement

ये भी पढ़ें : NZ के दो मैच विनर T20I सीरीज से बाहर! ऑकलैंड में वैभव को रिप्लेस करेंगे ईशान?

इंग्ल‍िस ने मौके को भुनाया

अब स्मिथ बाहर हुए तो ऑस्ट्रेलिया को मजबूरी में बैटिंग ऑर्डर बदलना पड़ा. मुकाबला सीरीज के फैसले का था. ऐसे में कैमरन ग्रीन नंबर 4 पर उतरे. ग्रीन आमतौर पर भी स्मिथ की जगह चौथे नंबर पर ही खेलते हैं. वहीं, जोश इंग्लिस को नंबर 5 पर बैटिंग के लिए बुलाया गया. वहीं, मैथ्यू रेनशॉ भी ट्रेविस हेड के साथ ओपनिंग करने उतरे. 

न्यूलैंड्स में ऑस्ट्रेलिया को इन बदलावों का पूरा फायदा मिला. शुरुआत में दो विकेट जल्दी गिर गए थे. लेकिन, इसके बाद कंगारू टीम ने गजब की वापसी की. मैथ्यू रेनशॉ ने 74 रनों की पारी खेली. वहीं, कैमरन ग्रीन ने 65 रन बनाए. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 126 रन जोड़े और लड़खड़ाती पारी को संभाल लिया. इसके बाद, जोश इंग्लिस और एलेक्स कैरी ने मोर्चा संभाला. इंग्लिस ने 102 रन बनाए. वहीं, कैरी ने भी 80 रन जोड़े. दोनों के बीच 5वें विकेट के लिए 185 रनों की पार्टनरशि‍प हुई. इस निर्णायक मैच में मेहमान टीम अब मजबूत स्थिति में पहुंच गई है.

दरअसल, साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 329 रन बनाए थे. जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने खबर लिखे जाने तक 396 रन बना लिए हैं. यानी कंगारू टीम को 67 रनों की लीड मिल चुकी है. हालांकि, इस दौरान 29 अक्टूबर को पहले सेशन में साउथ अफ्रीकी टीम ने शानदार कमबैक किया. महज 50 रनों के भीतर उन्होंने 3 सफलताएं हासिल कर लीं. इनमें दोनों सेट बैटर इंग्लिस और कैरी के विकेट शामिल हैं. इसके अलावा, कप्तान पैट कमिंंस भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट चुके हैं.  

स्मिथ की वापसी की उम्मीद में ऑस्ट्रेलिया

उधर, ऑस्ट्रेलियन टीम अब न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में स्मिथ की वापसी की राह देख रही है. यह मैच 9 दिसंबर से पर्थ में शुरू होगा. तब तक यह अनुभवी बल्लेबाज अपनी रिकवरी और रिहैब जारी रखेगा. न्यूजीलैंड के खिलाफ यह चार मैचों की सीरीज ऑस्ट्रेलिया के होम समर सीजन का अहम हिस्सा है. इसके बाद, टेस्ट क्रिकेट का एक लंबा और व्यस्त दौर शुरू होगा.

ऑस्ट्रेलिया को अगले साल जनवरी में भारत का दौरा भी करना है. यहां शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया से उनकी टक्कर होगी. दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी. पिछली बार ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी कंगारुओं ने जीत ली थी. टीम इंडिया इसका जरूर बदला लेना चाहेगी. 

वीडियो: जेमी स्मिथ के किस विकेट ने रिकी पोंटिंग को भी निराश कर दिया?

Advertisement