इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान को पहले दो मैच में हार का सामना करना पड़ा था. इस हार से बौखलाए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम में बड़े बदलाव कर दिए. 7 प्लेयर्स को घर बुला लिया गया. दोनों कोच हटा दिए गए. 9 सितंबर को एजबेस्टन टेस्ट में पाकिस्तानी टीम उतरी तो सबकी नज़र कप्तान बाबर आजम पर ही टिकी थी. अंतिम टेस्ट के लिए आखिर पाकिस्तान किस टीम के साथ उतरेगा? बाबर ने बताया 4 नए प्लेयर्स के साथ पाकिस्तानी टीम ये मुकाबला खेल रही है. लेकिन, इससे रिजल्ट पर क्या असर पड़ा. पाकिस्तान की बैटिंग एक बार फिर ताश के पत्तों की तरह ढह गई. टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी पाकिस्तानी टीम महज 133 रन पर सिमट गई.
7 बड़े बदलाव, फिर भी वही हाल! एजबेस्टन में ताश के पत्तों की तरह ढही पाकिस्तानी टीम
पाकिस्तान की कमान बाबर आजम के हाथों में थी. उन्होंने टॉस के समय बताया कि टीम में चार बदलाव हैं. तीन खिलाड़ी डेब्यू कर रहे हैं. वहीं, सैम आयूब की वापसी हुई. लेकिन, टीम का हाल पहले जैसे ही रहा.

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टॉस के समय बताया कि तीन प्लेयर्स डेब्यू कर रहे हैं. वहीं, सैम आयूब की टीम में वापसी हुई है. लेकिन, चार बदलावों के साथ उतरी पाकिस्तानी टीम पुराने तरीके से ही खेलती नजर आई. टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे सैम अयूब सबसे पहले आउट हुए. अयूब 10 गेंदों की पारी में खाता भी नहीं खोल सके. दूसरे ओपनर अजान अवैस भी 9 रन ही बना सके. एक के बाद एक विकेट गिरते रहे. पाकिस्तानी टीम मुश्किल में आ गई. 50 रन से पहले टीम के पांच खिलाड़ी पवेलियन लौट चुके थे. कोई भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया था. इसमें कप्तान बाबर आजम भी शामिल थे. बाबर सिर्फ 7 रन बनाकर बोल्ड हो गए थे.
ये भी पढ़ें- ईशान किशन ने खेली ऐतिहासिक पारी, जीत के करीब ईस्ट जोन
सऊद शकील ने पारी को संभालने की कोशिश की. लेकिन, उन्हें दूसरी ओर से साथ नहीं मिल रहा था. मोहम्मद अब्बास और शकील के बीच पार्टनरशिप होती. इससे पहले, शकील खुद आउट हो गए. टीम के लिए सबसे बड़ी साझेदारी अब्बास और मोहम्मद अली के बीच हुई. दोनों ने आखिरी विकेट के लिए 46 गेंदों में 26 रन जोड़े.
इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज सरेंडर मोड में नजर आए. पेसर जोश टंग को सबसे ज़्यादा 4 विकेट मिले. उनके अलावा, ओली रॉबिन्सन और जोफ्रा आर्चर ने 3-3 विकेट झटके. वहीं, चौथे गेंदबाज गस एटकिंसन को कोई भी विकेट नहीं मिला. कप्तान जो रूट टीम के 5वें बॉलिंग ऑप्शन के थे. हालांकि, टीम को उनकी जरूरत नहीं पड़ी. पाकिस्तानी टीम महज 133 रनों पर सिमट गई.
इसके बाद, इंग्लिश टीम बल्लेबाजी करने उतरी. पाकिस्तानी गेंदबाजों ने भी सधी हुई गेंदबाजी की. लेकिन, इंग्लैंड को लीड लेने से नहीं रोक सके. इंग्लैंड ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट खोकर 156 रन बना लिए थे. स्टंप्स के समय हैरी ब्रूक 52 और एमिलियो गे 60 रन बनाकर खेल रहे थे. इस दौरान पाकिस्तानी पेसर रजाउल्लाह सबसे सफल रहे. उन्होंने दो विकेट झटके. हालांकि, इंग्लैंड ने 23 रनों की लीड बना ली है.
वीडियो: ड्रग्स पर सवाल के बाद हुई मौत, गुलजार सिंह के अंतिम संस्कार में भारी पुलिस बल












