The Lallantop

'जहरीला सांप' से 'मोदी का बाप...' तक, वो 5 मौके जब PM पर खरगे की जबान फिसली

पटना की रैली में ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ कहने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एक बार फिर विवादों में हैं. इससे पहले भी वह पीएम मोदी की तुलना ‘जहरीले सांप’ और ‘100 सिर वाले रावण’ से कर चुके हैं.

Advertisement
post-main-image
खरगे ने पीएम मोदी पर विवादित बयान दिया है. (फोटो- India Today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के बारे में विवादित टिप्पणी की, जिसमें उन्होंने कहा, 'मोदी का बाप भी जाएगा।'
  • यह टिप्पणी उस पृष्ठभूमि में आई है जब खरगे ने पहले भी मोदी के खिलाफ कई विवादित बयान दिए हैं, जिनसे राजनीतिक तनाव और आलोचना बढ़ी है।
  • खरगे के बयान पर बीजेपी और कांग्रेस दोनों पक्षों ने प्रतिक्रिया दी है, और यह राजनीतिक माहौल में दोनों पार्टियों के बीच बहस को और तेज करेगा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक और टिप्पणी विवादित हो गई. बिहार की राजधानी पटना में उनके एक कार्यक्रम में मौजूद किसी व्यक्ति ने कह दिया कि ‘मोदी नहीं जाएगा.’ इस पर उखड़े खरगे ने आपा खो दिया और बोले, ‘मोदी का बाप भी जाएगा.’ बीजेपी ने इस पर न सिर्फ खरगे को बल्कि कांग्रेस को भी घेर लिया है. पार्टी के तकरीबन सभी बड़े-छोटे नेताओं, मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने खरगे के बयान की न सिर्फ निंदा की बल्कि उनसे माफी मांगने को कहा. 

Advertisement

हालांकि, खरगे की ओर से न तो माफीनामा आया. न कोई सफाई ही आई. ये पहली बार भी नहीं है, जब प्रधानमंत्री मोदी को लेकर बात करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे की जबान फिसली हो. इससे पहले भी उनके कई बयानों ने विवाद की ‘पिपिहिरी’ बजाई है. इनमें से 4 तो सीधे-सीधे प्रधानमंत्री मोदी को लेकर दिए गए हैं.

‘गुजरात के अनपढ़ लोगों को बेवकूफ बना सकते हैं’

5 अप्रैल 2026 को मल्लिकार्जुन खरगे केरल के इडुक्की में रैली कर रहे थे. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए खरगे बोले कि केरल के लोगों को गुमराह मत करो. वो बहुत समझदार और पढ़े-लिखे हैं. मोदी जी और पिनराई विजयन जी (केरल के तत्कालीन सीएम). आप दोनों गुजरात या दूसरी जगहों के अनपढ़ लोगों को बेवकूफ बना सकते हैं लेकिन केरल के लोगों नहीं.

Advertisement
पीएम को जहरीला सांप कहा?

तीन साल पहले 27 अप्रैल 2023 को मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी की तुलना जहरीले सांप से कर दी थी. कर्नाटक के कलबुर्गी में वह एक चुनावी रैली को अड्रेस कर रहे थे. वहां वो बोले, 

मोदी एक जहरीले सांप की तरह हैं. अगर आप यह जांचने की कोशिश करेंगे कि वह जहरीले हैं या नहीं, तो आपकी मौत हो जाएगी. 

बयान पर बखेड़ा हुआ तो खरगे ने सफाई भी दी. उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी के लिए नहीं, बल्कि BJP और उसकी ‘विभाजनकारी’ विचारधारा के लिए थी.

Advertisement

ये भी पढ़ेंः 'मोदी का बाप भी जाएगा', पटना में मल्लिकार्जुन खरगे ये क्या बोल गए? बवाल हो गया

मोदी ‘100 सिर वाला रावण’

29 नवंबर 2022 को गुजरात के अहमदाबाद के बेहरामपुरा में खरगे एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे. यहां भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना साधते हुए उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया कि बवाल मच गया. खरगे ने कहा

मोदी जी प्रधानमंत्री हैं. अपने काम पर ध्यान देने के बजाय वह नगर निगम, विधानसभा और लोकसभा के हर चुनाव में प्रचार करते रहते हैं. हर समय अपने बारे में ही बात करते हैं. कहते हैं कि किसी और को देखने की जरूरत नहीं है. बस मोदी को देखो और वोट दो. हम आपका चेहरा कितनी बार देखें? आपके कितने रूप हैं? क्या आपके रावण की तरह 100 सिर हैं?

पीएम मोदी को ‘आतंकवादी’ कहा?

चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘आतंकवादी’ कह दिया था. ये इसी साल 21 अप्रैल 2026 की बात है. खरगे ने कहा कि AIADMK मोदी के साथ कैसे जा सकती है? वह एक ‘आतंकवादी’ हैं. वह समानता में विश्वास नहीं करते. उनकी पार्टी भी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती. ये लोग उनके साथ जा रहे हैं. इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं. बाद में कांग्रेस अध्यक्ष ने इस पर सफाई दी और कहा कि उनका मतलब था कि प्रधानमंत्री मोदी लोगों और राजनीतिक दलों में डर पैदा कर रहे हैं. खड़गे ने साफ किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को आतंकवादी नहीं कहा था.

वीडियो: ‘विवाद खत्म’, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी से फोन पर क्या बात की?

Advertisement