वर्ल्ड कप 2023 के 8वें मैच में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से हुआ. हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में पाकिस्तानी फ़ैन्स ने एक अलग ही मांग रख दी. पाकिस्तानी फ़ैन्स ने सोशल मीडिया पर कहा कि श्रीलंकाई बल्लेबाज़ Kusal Mendis को डबल सेंचुरी लगानी चाहिए. पर पाकिस्तानी फ़ैन्स बाबर की टीम की समस्याएं क्यों बढ़ाना चाहते हैं? बताएंगे.
'200 रन बनाने चाहिए...' पाकिस्तानी फ़ैन्स ने कुसल मेंडिस से ये अपील क्यों की?
Kusal Mendis. जब तोड़ना शुरू करते हैं, रुकते ही नहीं. पाकिस्तान के खिलाफ़ इस बल्लेबाज़ ने 122 रन की शानदार पारी खेली. खुद पाकिस्तानी फ़ैन्स ने उनसे डबल सेंचुरी मारने की मांग कर दी. जानते हैं क्यों?


श्रीलंका ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला लिया. कुसल परेरा दूसरे ओवर में बिना खाता खोले लौट गए, और पथुम निसंका का साथ कुसल मेंडिस ने दिया. दोनों ने सधी हुई बैटिंग की और लगातार बाउंड्री लगाई. छठे ओवर तक श्रीलंका 34 रन बना चुकी थी. स्टार पेसर शाहीन शाह अफरीदी अपने स्पेल का चौथा ओवर डालने आए. सातवें ओवर की पांचवी बॉल. ऑफस्टंप के बाहर फुल डिलेवरी, और मेंडिस जैसे बल्ला चलाते हैं, चला दिया. बॉल बैकवर्ड पॉइंट पर गई, जहां इमाम-उल-हक़ खड़े थे. बॉल लगभग चेहरे के हाइट पर आई, जिसे इमाम संभाल नहीं पाए. बॉल पकड़ा जरूर, पर फिर लुढ़का दिया. यानी ये कैच ड्रॉप हो गया. बता दें, आमतौर पर इस पोजीशन पर शादाब ख़ान फील्डिंग करते हैं.
कट टू, 25वां ओवर. मेंडिस ने शाहीन को लगातार तीन चौके जड़े. और 27वें ओवर में मेंडिस ने अपना शतक पूरा कर लिया. 65 बॉल में शतक बनाने वाले मेंडिस ने श्रीलंका के लिए वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे तेज़ शतक जड़ दिया. मेंडिस ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ़ जो स्क्रिप्ट लिखनी शुरू की थी, उसे पाकिस्तान के खिलाफ़ पूरा किया. शानदार बल्लेबाज़ी. 77 बॉल में 122 रन बनाकर कुसल आउट हुए. 158 के स्ट्राइक रेट से खेली गई इस पारी में 14 चौके और 6 छक्के शामिल थे. पेसर हसन अली ने उन्हें कैच आउट कराया. दिलचस्प ये भी है कि आगे इमाम-उल-हक़ ने ही उनका कैच पकड़ा. पर तब तक डैमेज हो चुका था. इससे पहले वनडे वर्ल्ड कप में श्रीलंका के लिए सबसे तेज़ शतक कुमार संगकारा के नाम था. उन्होंने 70 बॉल में शतक जड़ा था.
अब्दुल रहमान नाम के पाकिस्तानी फैन ने ट्विटर पर लिखा,
3 बार ड्रॉप हुआ है ये... वैसे इसे (कुसल मेंडिस को) 200 रन बनाने चाहिए, ताकि पाकिस्तान इसके बाद कभी कोई कैच ड्रॉप ना करे.
एक भारतीय ने पाकिस्तान को ट्रोल करते हुए लिखा,
क्या पाकिस्तान वालों ने श्रीलंका से मुफ़्त में आटा मंगा लिया है, जो कैच पे कैच ड्रॉप कर रहे हैं.
मुनीब नाम के एक फैन ने लिखा,
पर्ची ने कैच ड्रॉप कर दिया. अब मेंडिस पाकिस्तान को मज़ा चखाएंगे. इसी वजह से हमें ट्रोल किया जाता है. फील्डिंग से हमारी लव स्टोरी ख़त्म ही नहीं हो रही.
एक और यूज़र इमाम-उल-हक़ के बचाव में लिखा,
अब इसमें भी इमाम का कसूर है. कैच हर टीम से ड्रॉप होते हैं. पाक के बॉलर्स कारगार नहीं हैं.
टाइगरियन अख़्तर नाम के यूज़र ने लिखा,
जाकर देख लो, जितने भी ज़रूरी मैच हारी है पाक, एक कैच इमान ने ज़रूर ड्रॉप किया होगा.
बाबर आजम के एक फैन ने एक चिंता की बात लिखी,
सिर्फ श्रीलंका के खिलाफ़ नहीं, वो इंडिया वर्सेस पाकिस्तान एशिया कप मैच से हर मैच में कम-से-कम एक कैच ड्रॉप कर रहे हैं.
मैच पर लौटते हैं. कुसल मेंडिस को आउट करने के तुरंत बाद हसन अली ने चरिथ असलंका को भी चलता किया. हालांकि, उसके बाद श्रीलंकाई पारी को सदीरा समरविक्रमा और धनंजय डी सिल्वा ने संभाला. 40 ओवर में श्रीलंका 283 रन बना चुकी है. समरविक्रमा पचासा जड़ चुके हैं और धनंजय सधी हुई बैटिंग कर रहे हैं.
वीडियो: इंडिया vs श्रीलंका एशिया कप फाइनल में टीम इंडिया ने श्रीलंका के साथ पाकिस्तान से भी बदला ले लिया!



















