The Lallantop

डॉलर के मुकाबले रुपया 40 पैसे चढ़ गया, इन वजहों से आई तेजी

USD to INR: इंटरबैंक फॉरेक्स करेंसी मार्केट में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया आज 95.36 रुपये पर खुला. कुछ देर बाद कारोबार के दौरान 95.20 रुपये तक पहुंच गया. यह पिछले बंद भाव से 40 पैसे ज्यादा है.

Advertisement
post-main-image
15 मई को देश का विदेशी मुद्रा भंडार घटकर 688.894 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया. (फोटो क्रेडिट: Business Today)

सोमवार 25 मई को शुरुआती कारोबार में रुपया एक अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 40 पैसे बढ़कर 95.20 रुपये पर पहुंच गया. बिजनेस स्टैंडर्ड की एक खबर में बताया गया है कि इंटरबैंक फॉरेक्स करेंसी मार्केट में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया आज प्रति डॉलर 95.36 रुपये पर खुला. कुछ देर बाद कारोबार के दौरान 95.20 रुपये तक पहुंच गया. यह पिछले बंद भाव से 40 पैसे ज्यादा है. शुक्रवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 75 पैसे बढ़कर 95.60 रुपये पर बंद हुआ था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि रुपये में तेजी आने की सबसे बड़ी वजह ये है कि अमेरिका और ईरान ने लगभग तीन महीने से चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए एक शांति समझौते पर "काफी हद तक बातचीत" कर ली है. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने वार्ताकारों से कहा है कि वे "समझौते में जल्दबाजी न करें" और "दोनों पक्षों को समय लेना चाहिए और इसे सही तरीके से करना चाहिए".

दूसरा कारण, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका और भारत एक अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के कगार पर हैं. रुबियो फिलहाल भारत की चार दिन यात्रा पर आए हुए हैं. उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ लंबी वार्ता करने के बाद ये बयान दिया है, इसमें व्यापार, रेयर मिनरल्स, ऊर्जा और रक्षा के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया गया.

Advertisement

ये भी पढ़ें: डॉलर के आगे रुपया 100 हो जाए तो भी 'चिंता नहीं', एक्सपर्ट ने असली संकट बताया

वहीं, ब्रोकरेज फर्म फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी हेड और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, “यह व्यापार समझौता अमेरिका और भारत दोनों के लिए फायदेमंद होगा.” भंसाली ने आगे कहा कि आज अमेरिका में छुट्टी होने के कारण कैश की मांग कम रहेगी, लेकिन महीने के अंत में मांग बढ़ सकती है. 

इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बताया कि 15 मई को समाप्त सप्ताह के दौरान देश का विदेशी मुद्रा भंडार 8.094 अरब अमेरिकी डॉलर घटकर 688.894 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया. इससे पहले 8 मई को समाप्त सप्ताह में कुल भंडार 6.295 अरब अमेरिकी डॉलर बढ़कर 696.988 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया था.

Advertisement

वीडियो: Petrol-Diesel के दाम फिर बढ़े, कितना पहुंचा आपके शहर में दाम?

Advertisement