
कोरी एंडरसन.
कोरी एंडरसन को इस बार किसी भी आईपीएल टीम ने नहीं ख़रीदा है. उनकी बेस प्राइस 2 करोड़ थी. ये हैरानी की बात है.
कोरी एंडरसन ने महज़ चार साल पहले क्रिकेट की दुनिया में सनसनी फैला दी थी. वन डे का सबसे तेज़ शतक मारकर. तारीख थी 1 जनवरी 2014. वेस्ट इंडीज के खिलाफ कोरी एंडरसन ने सिर्फ 36 गेंदों में सैंकड़ा जड़ दिया था. शाहिद अफरीदी का 17 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया था. उस वक़्त ये तय माना जा रहा था कि उन पर आईपीएल की नज़रेइनायत होगी. ऐसा हुआ भी.
उस मैच के लगभग डेढ़ महीने बाद उन्हें मुंबई इंडियंस की टीम ने उनको साढ़े चार करोड़ में खरीद लिया था. अगले तीन सीज़न वो मुंबई इंडियंस की तरफ से ही खेले. कुछेक मैच में चमक भी बिखेरी. ख़ास तौर से 2014 सीज़न का आखिरी लीग मैच. मुंबई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीतने के लिए 190 रन बनाने थे. साथ पुछल्ला ये जड़ा था कि अगर मुंबई को प्ले-ऑफ में जगह बनानी है तो वो रन सिर्फ 14.4 ओवर में बनाने थे. यानी कि बेहद मुश्किल टास्क. अगर 14.4 ओवर में रन न बनते तो मुंबई जीत कर भी टूर्नामेंट से बाहर हो जाती. उस दिन वो मैच मुंबई ने न सिर्फ जीता बल्कि शर्त पूरी करते हुए जीता. कोरी एंडरसन ने सिर्फ 44 गेंदों में 95 रन बनाकर मुंबई को मैच जिता दिया था.

मुंबई इंडियंस के लिए कोरी एंडरसन तीन साल खेलें.
2017 के आईपीएल में उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स ने 1 करोड़ रुपए देकर ख़रीद लिया था. इस बार उन्हें किसी ने नहीं ख़रीदा. जबकि उनका बैटिंग स्टाइल ट्वेंटी-ट्वेंटी के लिए बहुत मुफीद है. इससे एक ही बात साबित होती है. वक़्त कभी एक सा नहीं रहता. चढ़ता सूरज भी एक न एक दिन उतरता ही है.










