जापान के आइची नागोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत के पहले मेडल का इंतजार खत्म हो गया है. भारत के लिए पहला मेडल सुचिका तरियाल (Suchika Tariyal) ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट (MMA) में पक्का किया. उन्होंने विमेंस की 60 किग्रा कैटेगरी के क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा (Altanchimeg Baigalmaa) को 2-0 से हराया. बैगलमा 2025 की IMMAF वर्ल्ड चैंपियन हैं. इस जीत के बाद सुचिका सेमीफाइनल में पहुंच गईं. MMA उन 6 खेलो में से है, जिसे एशियन गेम्स में पहली बार शामिल किया गया है.
एशियन गेम्स 2026 में भारत का खुला खाता, सुचिका तरियाल ने पक्का किया पहला मेडल
Asian Games 2026 में भारत के लिए पहला मेडल Suchika Tariyal ने कन्फर्म कर दिया. उन्होंने यह मेडल MMA में विमेंस की 60 किग्रा कैटेगरी में पक्का किया. उन्होंने इस इवेंट के क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को शिकस्त दी.

36 साल की सुचिका का एशियन गेम्स में कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का हो गया है. लेकिन, अब उनकी नजर गोल्ड मेडल पर होगी. गोल्ड मेडल मैच में जगह बनाने के लिए उनका मुकाबला सिंगापुर की हुई हून टेओ या ईरान की अरेजू सलीमिघालेहताकी से होगा. बॉक्सिंग की तरह MMA में भी खिलाड़ी के सेमीफाइनल में पहुंचने पर कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का हो जाता है.
भारत के लिए मेडल पक्का करने वाली सुचिका तरियाल की स्पोर्ट्स जर्नी सबसे अलग रही है. उन्होंने कई खेलों में अपना हाथ आजमाया. कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में उन्होंने भारत को जूडो में रिप्रजेंट किया था. जबकि, एशियन गेम्स 2023 में सुचिका ने कुराश में भारत का प्रतिनिधित्व किया. इसके अलावा 2024 में वह जू-जित्सु में वर्ल्ड चैंपियन बनी थीं.
सुचिका ने साल 2017 में MMA में डेब्यू किया. उन्हें अपने पहले ही मैच में जीत मिली थी. लेकिन, इसके बाद उन्होंने करीब 7 साल तक इस खेल से दूरी बनाए रखी. इस दौरान सुचिका ने जूडो और जू-जित्सु पर फोकस रखा. नवंबर 2024 में उन्होंने ब्रेव कॉम्बैट फेडरेशन के साथ कॉन्ट्रैक्ट किया. इसके बाद,दिसंबर 2024 में उन्होंने प्रोफेशनल MMA में वापसी की. जहां उन्होंने बहरीन में हुए BRAVE CF 92 में जीत दर्ज की. सुचिका का मानना है कि जूडो ने उन्हें मिक्स्ड मार्शल आर्ट के लिए तैयार किया है.
सुचिका तरियाल सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रहीं. वह पॉपुलर टीवी शो MTV रोडीज में नजर आ चुकी हैं. वह प्राइम वीडियो के शो इंडियाज अल्टीमेट वॉरियर मे भी शामिल हुई थीं. कुछ समय पहले उन्होंने SAI Media को दिए इंटरव्यू में कहा था,
मैं यंग लड़कियों को MMA अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहती हूं. अगर कोई एक लड़की भी मुझे देखकर कहे कि अगर सुचिका कर सकती हैं, तो मैं भी कर सकती हूं, तो मुझे इस पर बहुत खुशी होगी.
सुचिका का मानना है कि आज के समय में महिलाओं को अपनी सुरक्षा खुद करनी चाहिए. पेरेंट्स को भी अपने बच्चों को कॉम्बैट स्पोर्ट्स अपनाने देना चाहिए. MMA आपको इसकी पूरी ट्रेनिंग देता है.
ये भी पढ़ें: फुटबॉल और टेबल-टेनिस का संगम! क्या है Teqball, जिसमें भारत जीतने वाला है पहला मेडल?
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री कर चुके हैं सम्मानितसुचिका तरियाल को खेलों में भारत को रिप्रजेंट करने के लिए राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सम्मानित कर चुके हैं. तरियाल ने चार वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत को रिप्रजेंट किया है. उन्होंने 30 से ज्यादा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स इवेंट में हिस्सा लिया है. सुचिका तरियाल को स्पोर्ट्स टैलेंट की मिसाल माना जाता है. वह भारत में युवाओं के लिए प्ररेणा हैं.
वीडियो: श्रीसंत की पत्नी ने ललित मोदी को क्यों जमकर सुना दिया?









