अब आप सोच रहे होंगे कि बदला काहे का. तो बदला है 15 अप्रैल 1986 का. ऑस्ट्रेलिया-एशिया कप का सेमीफाइनल. जगह शारजाह. पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड की पूरी टीम पाकिस्तान के सामने मात्र 64 रनों पर ऑलआउट हो गई. अब्दुल कादिर और वसीम अकरम के सामने पूरी न्यूजीलैंड की टीम ने घुटने टेक दिए. ये न्यूजीलैंड का वनडे मैचों में अब तक का सबसे छोटा स्कोर है. पाकिस्तान ने इस मैच को 10 विकेट से जीता था. तो इसी मैच का बदला अब लिया है न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान की टीम को 74 रन के स्कोर पर आउट करके. ये पाकिस्तान का वनडे मैचों में तीसरा सबसे छोटा स्कोर है.

न्यूजीलैंड ने पाक को तीसरा वनडे हरा सीरीज जीत ली है.
ये 74 रन का आंकड़ा भी न्यूजीलैंड के लिए महत्वपूर्ण है. क्योंकि 74 रन पर भी एक बार न्यूजीलैंड ऑलआउट हो चुकी है. तब भी सामने पाकिस्तान टीम थी. जगह भी शारजाह थी. तब भी ऑस्ट्रेलिया-एशिया कप चल रहा था. बस साल 1990 का था. तो इस मैच का बदला भी पूरा हुआ. वो भी कायदे से. और जितने रनों से पाकिस्तान हारा, वो शायद उसे दोबारा खेलने को दे दिया जाए तो भी वो ना बना पाए. अच्छा ही है भारत-पाकिस्तान सीरीज नहीं हो रही है. पाक टीम को अभी और प्रैक्टिस की जरूरत है.
पाकिस्तान के तीन सबसे कम स्कोर
# 43 रन - वेस्टइंडीज के खिलाफ, 1993 # 71 रन - वेस्टइंडीज के खिलाफ, 1993 # 74 रन- न्यूजीलैंड के खिलाफ, 2018
न्यूजीलैंड के तीन सबसे कम स्कोर
# 64 रन - पाकिस्तान के खिलाफ, 1986 # 73 रन- श्रीलंका के खिलाफ, 2007 # 74 रन- पाकिस्तान के खिलाफ, 1990
ताश के पत्तों की तरह ढह गई पाक टीम
न्यूजीलैंड ने मैच में पहले बैटिंग करते हुए 257 रन बनाए. पाक के सामने 258 रनों का टार्गेट था. जोकि इतना बड़ा नहीं था, मगर पाक की टीम इसके आगे बुरी तरह ढह गई. दोनों ओपनर अजहर अली(0) और फखर जमन (2) सस्ते में निपट गए. इसके बाद बाबर आजम 8 रन, हफीज 0 रन और शोएब मलिक भी 3 रन बनाकर निकल लिए. माने ये सभी 10 का आंकड़ा पार नहीं कर पाए. मात्र चार खिलाड़ियों ने 10 से ज्यादा रन बनाए, उसमें भी तीन बॉलर थे. माने फहीम अशरफ, मोहम्मद आमिर और रूमन रईस. खाली सरफराज ही एक बल्लेबाज थे जिन्होंने 10 का आंकड़ा पार किया. 14 रन बनाए. कुल मिलाकर एक भी खिलाड़ी 20 का आंकड़ा पार नहीं कर पाया और हाथ आई करारी हार. देखें स्कोर कार्ड-

पाकिस्तान का स्कोर कार्ड.
बोल्ट के आगे सब बोल्ड
न्यूजीलैंड के तेज बॉलर ट्रेंड बोल्ट इस मैच में अब्दुल कादिर साबित हुए. बोल्ट ने 5 विकेट लेकर पूरी पाकिस्तान टीम को पानी पिला दिया. उसी तरह जैसे 1986 में कादिर ने न्यूजीलैंड के 4 विकेट उखाड़ मैच छीन लिया था. दोनों ही ओपनर अजहर अली और फखर जमन को बोल्ट ने वापस पवेलियन भेजा और शुरुआती ओवरों में ही मैच का रिजल्ट तय कर दिया. बोल्ट का फॉर्म पिछली सीरीज माने इंडिया के खिलाफ भी बेहतरीन रहा था.

विलियमसन ने न्यूजीलैंड की पारी को संभाला.
विलियमसन ने दिखाया दम
क्रिकेट जगत में इस समय चार नाम ऐसे हैं, जिनके बीच सर्वश्रेष्ठ होने की लड़ाई चल रही है. ये हैं विराट कोहली, जो रूट, स्टीव स्मिथ और केन विलियमसन हैं. और विलियमसन ने इस मैच में ये बता दिया कि क्यों वो इस लिस्ट में हैं. विलियमसन ने इस मैच में 73 रन बनाए और मार्टिन गुप्टिल और रॉस टेलर के साथ मिलकर अच्छी पार्टनरशिप करके टीम को 257 के स्कोर तक पहुंचाया. वहीं टीम के ओल्ड गार्ड्स गुप्टिल ने 45 रन और टेलर ने 52 रन बनाए.

न्यूजीलैंड का स्कोर कार्ड.
ये भी पढ़ें-
देखिए पाकिस्तान का नया वसीम अकरम, जिसका नाम है अफरीदी
वो 5 क्रिकेटर्स जिनके बच्चे भी क्रिकेट में नाम कमा रहे हैं
BCCI की ये बात मान लेती टीम इंडिया तो हम पहला टेस्ट जीत सकते थे
इंडिया मैच हार गई लेकिन साहा ने धोनी का ये रिकॉर्ड तोड़ दिया
इस तिकड़म के ज़रिये बैन के बावजूद IPL में खेलेंगे यूसुफ़ पठान
लल्लनटॉप वीडियो देखें-












