The Lallantop

नीरज चोपड़ा ने जूलियन वेबर को हराया, जीत ली पेरिस डायमंड लीग

Neeraj Chopra साल 2017 के बाद पहली बार पेरिस डायमंड लीग खेलने उतरे. 2017 में वो इस लीग में पांचवें स्थान पर रहे थे. हालांकि इस बार उन्होंने पहला स्थान हासिल किया.

Advertisement
post-main-image
नीरज चोपड़ा ने पेरिस और टोक्यो ओलंपिक में देश के लिए मेडल जीते. (Photo-PTI)

भारत के दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने आखिरकार साल 2025 का पहला टाइटल अपने नाम किया. पेरिस डायमंड लीग (Paris Diamond League) में नीरज ने पहला स्थान हासिल किया. साथ ही उन्होंने साल में पहली बार जूलियन वेबर को भी मात दी, जो पिछले कुछ समय से उनके चिर प्रतिद्वंद्वी बने हुए हैं.

Advertisement

नीरज चोपड़ा ने पेरिस डायमंड लीग में अपने पहले प्रयास में 88.16 मीटर का थ्रो किया. दूसरे थ्रो में उन्होंने 85.10 की दूरी तय की. उनका तीसरा, चौथा और पांचवां थ्रो फाउल रहा. नीरज का आखिरी थ्रो 82.89 मीटर का रहा. नीरज को उनके पहले ही थ्रो के दम पर जीत हासिल हुई.

जूलियन वेबर को छोड़ा पीछे

नीरज 88.16 मीटर के थ्रो के साथ पहले स्थान पर रहे. जर्मनी के जूलियन वेबर 87.88 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे और लुइज मॉरनसिया डा सिल्वा 86.62 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे. ये लुइज का पर्सनल बेस्ट प्रदर्शन था. साल 2017 के बाद नीरज पहली बार पेरिस डायमंड लीग में हिस्सा ले रहे थे. 2017 में वो 84.67 मीटर के थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर रहे थे.

Advertisement
परिणाम से खुश नीरज चोपड़ा

इवेंट के बाद नीरज चोपड़ा ने मिक्सड जोन में कहा,

मैं थ्रो से खुश हूं, यह मेरा पहला थ्रो था और यह एक अच्छी शुरुआत थी, लेकिन मैं आज वास्तव में अच्छे थ्रो की उम्मीद कर रहा था. मेरा रन-अप सच में तेज़ था. मैं अपनी स्पीड को कंट्रोल नहीं कर सकता, लेकिन मैं परिणाम और पहले स्थान से खुश हूं.

यह भी पढ़ें - कप्तान गिल और यशस्वी ने टीम इंडिया को लीड्स में दिलाई रिकॉर्ड शुरुआत

Advertisement
नीरज चोपड़ा ने बताया कहां हुई गलती?

नीरज ने माना कि जैवलिन रिलीज के समय वो बाईं ओर झुक गए जबकि उन्हें छाती के सहारे आगे की ओर थ्रो करना था. छाती के सहारे से ही उनके थ्रो औऱ लंबी दूरी तक जा पाएंगे. नीरज के मुताबिक उन्हें अपनी कोर को और मजबूत करना होगा, जिससे वो ठीक तरह जैवलिन रिलीज कर सकें. वो अपने कोच के साथ इसे लेकर तैयारी कर रहे हैं.

नीरज अब 24 जून को ओस्ट्रावा मीट में हिस्सा लेंगे. इसके बाद वो भारत में अपने नाम के इवेंट 'नीरज चोपड़ा क्लासिक' में हिस्सा लेंगे. इस साल नीरज के लिए सबसे अहम टोक्यो वर्ल्ड चैंपियनशिप है, जिसके लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुके हैं. यह चैंपियनशिप सितंबर महीने में होगी. टोक्यो वही शहर है जहां नीरज ने साल 2021 में ओलंपिक गोल्ड जीता था.

वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: नीरज चोपड़ा ने ओलंपिक में गोल्ड, शादी और 90 मीटर थ्रो को लेकर क्या बताया?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement