The Lallantop

तिलक-नीतीश ने पलट दी बाजी! अंतिम 5 ओवर में कैसे बदला पूरा मैच?

Ind vs NZ 2nd T20I : टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को दूसरे T20I में 4 विकेट से हरा दिया. इस दौरान Tilak Varma और Nitish Kumar Reddy ने 7वें विकेट के लिए 69 रनों की जबरदस्त पार्टनरशि‍प की. तिलक ने नाबाद पचासा भी जड़ा.

Advertisement
post-main-image
नीतीश रेड्डी और तिलक वर्मा ने 7वें विकेट के लिए 69 रनों की पार्टनरश‍िप की. (Courtesy: AFP)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे टी20 मैच में तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी ने आखिरी 5 ओवरों में 68 रन बनाकर टीम इंडिया को 2-0 से बढ़त दिलाई।
  • टी20 सीरीज के दूसरे मैच में भारत को 181 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन 15 ओवरों में भारत के 6 विकेट गिर जाने से मैच कठिन हो गया था।
  • तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी की सफल साझेदारी के कारण भारत ने मैच जीता, जिससे पांच मैचों की सीरीज में भारत की बढ़त 2-0 हो गई है।

क्राइस्टचर्च का हेगले ओवल मैदान. दूसरा टी20 मैच. भारत और न्यूजीलैंड के बीच कांटे की टक्कर. मैच में रोमांच अपने चरम पर था. 15 ओवर में टीम इंडिया के 6 विकेट गिर चुके थे. टारगेट अब भी काफी दूर था. लेकिन, क्रीज पर मौजूद तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी ने गदर काट दिया.

Advertisement

महज 5 ओवर में दोनों ने 68 रन ठोके और कीवियों के जबड़े से मैच निकाल लिया. उन्होंने न्यूजीलैंड को उसी के घर में लगातार दूसरे मुकाबले में धूल चटा दी. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की तगड़ी बढ़त बना ली है.

फिलिप्स और जैकॉब ने कराई कीवियों की वापसी

यह मैच किसी हॉलीवुड थ्रिलर से कम नहीं था. शुरुआत हुई न्यूजीलैंड की बैटिंग से. कीवी टीम पहले बैटिंग करने मैदान पर उतरी. भारतीय बॉलर्स ने आते ही अपना जलवा दिखा दिया. शुरुआती ओवरों में ही न्यूजीलैंड को तगड़े झटके लग गए. कीवी टीम पूरी तरह से बैकफुट पर नजर आ रही थी. ऐसा लग रहा था कि भारतीय गेंदबाज उन्हें सस्ते में समेट देंगे.

Advertisement

लेकिन फिर कहानी पलटी. मैदान पर ग्लैन फिलिप्स और बेवन जैकॉब ने मोर्चा संभाल लिया. इन दोनों ने शुरुआत में संभलकर खेला. फिर अपनी आंखें जमने के बाद भारतीय गेंदबाजों पर पलटवार शुरू कर दिया. दोनों के बीच एक बेहद मजबूत और खतरनाक साझेदारी हुई.

ग्लैन फिलिप्स ने आतिशी पारी खेली. उन्होंने महज 43 गेंदों में 70 रन कूट डाले. दूसरी तरफ से बेवन जैकॉब भी पीछे नहीं रहे. जैकॉब ने 46 गेंदों पर 58 रनों की शानदार पारी खेली. इन दोनों की धमाकेदार पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने बोर्ड पर एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर दिया. 20 ओवर का खेल खत्म होने तक कीवी टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 180 रन बना लिए थे.

15 ओवर में लड़खड़ा गई थी टीम इंडिया 

अब बारी थी टीम इंडिया की. भारत के सामने 181 रनों का बड़ा टारगेट था. लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. टीम का मिडिल ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह लड़खड़ा गया. एक समय ऐसा आ गया था, जब लगने लगा कि मैच भारत के हाथ से फिसल गया है.

Advertisement

दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था. रन रेट आसमान छू रहा था. भारतीय टीम इस मुकाबले में काफी पीछे रह गई थी. कीवी टीम के जबड़े में जीत साफ नजर आ रही थी. लेकिन फिर मैदान पर असली तूफान आया. यह तूफान था तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी का. 15 ओवर में टीम इंडिया का स्कोर सिर्फ 113 रन था. 6 विकेट गिर चुके थे. तिलक 9 गेंदों में 10 और नीतीश 1 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे.

ये भी पढ़ें : मुंबई इंडियंस को मिला धाकड़ हेड कोच! बतौर प्लेयर टीम को 5 बार IPL चैंपियन बनाया था

टीम को जीत के लिए अंतिम 5 ओवर्स में 68 रन बनाने थे. AI प्रिडिक्टर्स से लेकर एक्सपर्ट्स तक सबने टीम इंडिया की जीत की उम्मीद को खारिज कर दिया था. लेकिन, क्रीज पर मौजूद इन दोनों बैटर्स ने हार नहीं मानी. यही गेेम का टर्निंग पॉइंट था. दबाव सबसे ज्यादा था. लेकिन इन दोनों यंग्सटर्स ने न सिर्फ इस प्रेशर को हैंडल किया. मैच का पूरा रुख पलट कर रख दिया. दोनों ने कीवी गेंदबाजों का धागा ही खोल दिया. सिर्फ 30 गेंदों में 69 रनों की आतिशी साझेदारी कर ली.

तिलक और नीतीश ने कैसे पलटा गेम?

तिलक वर्मा ने बाउंड्रीज ढूंढी. उन्होंने महज 26 गेंदों में 51 रनों की तूफानी हाफ सेंचुरी जड़ दी. उन्होंने मैदान के हर कोने में रन बटोरे. वहीं दूसरे छोर पर खड़े नीतीश कुमार रेड्डी ने आग में घी डालने का काम किया. नीतीश ने सिर्फ 13 गेंदों का सामना किया. और 26 रनों की बेखौफ और निडर पारी खेल डाली. नीतीश की स्ट्रैटजी थोड़ी अलग थी. उन्होंने डबल्स दौड़-दौड़कर कीवियों को चारों खाने चित कर दिया.

इससे पहले, टीम के दूसरे अनुभवी बैटर्स शॉट लगाने के लिए संघर्ष कर रहे थे. थोड़ी देर नमन धीर ने ताबड़तोड़ रन जोड़े. उन्होंने 17 गेंदों में 31 रनों की एक कैमियो पारी खेली. लेकिन, उनके आउट होने के बाद मैच पूरी तरह से कीवियों के गिरफ्त में चला गया था. लेकिन, तिलक और नीतीश के जज्बे ने मैच का रुख ही पूरी तरह से पलट कर रख दिया.

दोनों की ताबड़तोड़ हिटिंग के आगे कीवी गेंदबाज अपनी लाइन और दिशा दोनों भटक गए. उन्हें समझ ही नहीं आ रहा था कि गेंद कहां फेंकी जाए. भारत ने एक गेंद रहते 181 रन बना लिए. ये एक ऐसी ऐतिहासिक जीत है, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा.

वीडियो: श्रेयस ने भारतीय गेंदबाजों पर क्या कह दिया?

Advertisement