ICC T20 वर्ल्ड कप की शुरुआत से पहले ही भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. तेज गेंदबाज हर्षित राणा (Harshit Rana) टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. हर्षित गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी उपयोगी योगदान देने में सक्षम हैं. ऐसे में उनका बाहर होना टीम इंडिया को खटक सकता है. हालांकि, BCCI ने उनका रिप्लेसमेंट अनाउंस कर दिया है. पिछले T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा रहे मोहम्मद सिराज (Md. Siraj) अब राणा की जगह लेंगे.
हर्षित राणा के जाने की टेंशन खत्म, ये धाकड़ बॉलर वापस लौटा!
टीम इंडिया को T20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले झटका लग गया है. Harshit Rana टीम से बाहर हो गए हैं.


भारतीय टीम मैनेजमेंट को 5 फरवरी की शाम ही हर्षित के बाहर होने की जानकारी मिल गई थी. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि हर्षित को आधिकारिक तौर पर बाहर नहीं किया गया है. हालांकि, अब BCCI ने इसकी पुष्टि कर दी है कि वह टूर्नामेंट में खेलने के लिए फिट नहीं हैं.
BCCI ने इसे लेकर एक बयान जारी किया है. इसके मुताबिक, हर्षित राणा की जगह दाएं हाथ के पेसर मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है. दरअसल, हर्षित राणा को 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्मअप मैच के दौरान चोट लग गई थी. वह रन अप पूरा नहीं कर पा रहे थे. एक ही ओवर में दो बार ऐसा देखने को मिला. इसके बाद उन्हें घुटने में दर्द महसूस हुआ. उन्हें लड़खड़ाते हुए मैदान से बाहर जाते देखा गया था. मैच में उन्होंने सिर्फ एक ओवर डाला, जिसमें उन्होंने 16 रन दिए थे.

ये भी पढ़ें : टीम इंडिया को बड़ा झटका! वर्ल्ड कप शुरू होने से एक दिन पहले हर्षित राणा हुए बाहर
सूर्या ने क्या कहा था?अमेरिका के खिलाफ मैच से पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्या ने हर्षित को लेकर कहा था,
फिजियो उनकी जांच कर रहे हैं. लेकिन, उनकी स्थिति अच्छी नहीं लग रही. टीम कॉम्बिनेशन के हिसाब से यह बड़ा झटका है. अगर वह नहीं खेलते हैं तो हमें उनकी कमी जरूर खलेगी. लेकिन, हमारे पास विकल्प मौजूद हैं और हम सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज को चुनेंगे.
खबर है कि 5 फरवरी को हर्षित की क्लिनिकल जांच हुई थी. इसमें घुटने में सूजन, मूवमेंट में कमी और लेटरल जॉइंट लाइन पर तेज दर्द पाया गया था. 6 फरवरी को वो मशहूर ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दिनशॉ पार्डीवाला से मिलने पहुंचे थे, जहां उन्हें सर्जिकल रिपेयर की सलाह दी गई है. माने बिना सर्जरी उनकी रिकवरी संभव नहीं है. हर्षित के स्कैन में उनके लैटरल मेनिसकस में गंभीर चोट की पुष्टि हुई है. इस सर्जरी और रिकवरी प्रक्रिया को देखते हुए राणा टीम से बाहर हो गए हैं.
सिराज 1.5 साल बाद T20I स्क्वॉड में शामिलवहीं, उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर आए सिराज को शुरुआती 15 सदस्यीय स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया था. लेकिन, हर्षित के चोट ने उनकी टीम में एंट्री करा दी है. सिराज ने आखिरी बार 30 जुलाई 2024 को श्रीलंका के खिलाफ T20I मुकाबला खेला था. पिछले 1.5 साल से वो टीम इंडिया में शामिल नहीं थे. सिराज ने अब तक टीम इंडिया के लिए कुल 16 T20I खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 32.28 के औसत से 14 विकेट झटके हैं.
वहीं, T20 वर्ल्ड कप की बात करें तों, टीम इंडिया ग्रुप-ए में अमेरिका, पाकिस्तान, नीदरलैंड्स और नामीबिया के साथ है. उन्हें अपना अभियान अमेरिका के खिलाफ 7 फरवरी को शुरू करना है. इसके बाद 12 फरवरी को उन्हें नामिबिया, 15 फरवरी को पाकिस्तान और 18 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलना है.
वीडियो: T20 वर्ल्ड कप के वार्म-अप मैच में चोटिल हुए हर्षित राणा






















