एशियन गेम्स 2026 में भारत को मिक्स्ड मार्शल आर्ट (MMA) में पहला ऐतिहासिक मेडल मिल गया है. सुचिका तरियाल ने इतिहास रचते हुए भारत के लिए एशियन गेम्स में पहली बार MMA में मेडल जीता. उन्होंने महिलाओं की 60 किग्रा कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. सुचिका से इस इवेंट में सिल्वर या गोल्ड मेडल की उम्मीद थी. लेकिन, सेमीफाइनल में वह सिंगापुर की हुई हून टेओ से हार गईं. MMA उन 6 खेलो में से है, जिसे पहली बार एशियन गेम्स में शामिल किया गया है.
Asian Games 2026: सुचिका तरियाल MMA में जीता ब्रॉन्ज मेडल, भारत के लिए रचा इतिहास
Asian Games 2026 में Suchika Tariyal ने भारत के लिए इतिहास रच दिया है. उन्होंने महिलाओं की 60 किग्रा कैटेगरी में मिक्स्ड मार्शल आर्ट (MMA) में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. MMA को पहली बार एशियन गेम्स में शामिल किया गया है.

सुचिका ने महिलाओं की 60 किग्रा कैटेगरी के सेमीफाइनल में हुई हून टेओ को जोरदार टक्कर दी. वह मैच को ओवर टाइम तक ले गईं. हालांकि, इस मुकाबले में सिंगापुर की प्लेयर का दबदबा देखने को मिला. हुई हून टेओ ने पहला राउंड जीतकर बढ़त बनाई.
लेकिन, इसके बाद सुचिका ने दमदार वापसी की. उन्होंने दूसरा राउंड जीतकर मुकाबले को तीसरे और फाइनल राउंड तक पहुंचा दिया. तीसरे राउंड में हून ने बाजी मार ली. हून ने यह मुकाबला 2-1 के अंतर से जीता. हार के बाद सुचिका काफी इमोशनल हुईं. उनके आंखों में आंसू छलक पड़े. इस दौरान कोच उन्हें सांत्वना देते नजर आए.
सुचिका तरियाल सेमीफाइनल मुकाबले के बाद, निर्णयायक कमेटी के फैसले से खुश नहीं दिखीं. जजों ने जैसे ही सिंगापुर की खिलाड़ी के फेवर में फैसला सुनाया, तो सुचिका की आंखों में आंसू आ गए. वह मंच पर जाने के लिए तैयार नहीं थीं. इसके बाद कोच ने उन्हें समझाया. तब वह ऊपर मंच पर गईं.
ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: 10 मीटर एयर राइफल में भारत का दिखा दम, टीम और व्यक्तिगत स्पर्धा दोनों में मेडल
सुचिका तरियाल ने क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया था. उन्होंने 2025 की IMMAF वर्ल्ड चैंपियन रहीं बैगलमा को 2-0 से पटखनी दी. बॉक्सिंग की तरह MMA में भी सेमीफाइल में पहुचंने पर मेडल पक्का हो जाता है.
सुचिका ने क्वार्टर फाइनल में जिस तरह से मंगोलियाई खिलाड़ी को डोमिनेट किया. उसे देखकर लगा कि वह सिल्वर या गोल्ड मेडल जीतेंगी. लेकिन, सेमीफाइनल मिली हार के बाद सुचिका को ब्रॉन्ज मेडल से ही संतोष करना पड़ा.
वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: श्रीसंत ने सचिन-सौरव के मजेदार किस्से सुनाए, भज्जी-गंभीर विवाद पर खुलकर बोले









