The Lallantop

भयानक स्पेल डाल बने प्लेयर ऑफ़ द मैच, डेब्यू पर ये बता गए मयंक यादव!

Mayank Yadav. लखनऊ के लिए खेलने वाले इस पेस बोलर ने तहलका मचा रखा है. इन्होंने पंजाब के खिलाफ़ कमाल का स्पेल फेंका और फिर ये भी बता गए कि इनका डेब्यू देरी से क्यों हुआ.

Advertisement
post-main-image
मयंक यादव की चारों तरफ चर्चा है (स्क्रीनग्रैब)

IPL2024 का मैच नंबर 11. लखनऊ सुपरजाएंट्स. पंजाब के सामने. लखनऊ की पहले बैटिंग. रन बने 199. जवाब में पंजाब की अच्छी शुरुआत. पहले नौ ओवर्स में बिना विकेट खोए 88 रन बन गए. यानी बची हुई 66 गेंदों में 112 रन की जरूरत. 10वां ओवर. गेंद मिली डेब्यू कर रहे मयंक यादव को. 21 साल की उम्र, पैदाइश दिल्ली. मयंक के हाथ में गेंद, सामने 20 गेंद पर 37 रन बना चुके जॉनी बेयरस्टो.

Advertisement

पहली गेंद, पांचवें स्टंप पर लेंथ गेंद. बेयरस्टो ने कट करने की कोशिश की. लेकिन 147kmph की ये गेंद उनके बल्ला घुमाते-घुमाते कीपर तक पहुंच चुकी थी. अगली गेंद, सेम लाइन, लेंथ थोड़ी छोटी और पेस थोड़ी कम. इस बार बेयरस्टो कामयाब रहे. कट लगा और चौका. तीसरी गेंद. 150Kmph.

बेयरस्टो ने रूम बनाने की कोशिश की, लेकिन गेंद ने उनका पीछा किया. बीट हुए. अगली तीन गेंदें 141, 149 और 147KMPH की स्पीड. यानी पहले ही ओवर में मयंक ने दिखा दिया कि उनके पास बहुत स्पीड है. हालांकि, इसके बाद भी इस ओवर में 10 रन आ गए. अब 10 ओवर में पंजाब को बनाने थे 102 रन, सारे विकेट हाथ में.

Advertisement

यह भी पढ़ें: मयंक यादव कौन, जिनकी पेस ने शिखर धवन समेत पूरे इंडिया को हिला डाला!

रवि बिश्नोई ने ग्यारहवां ओवर फेंका और रन दिए कुल तीन. मयंक अपना दूसरा ओवर लेकर लौटे. पहली गेंद. 155.8KMHP. और ये बना रिकॉर्ड. मयंक ने फेंक दी IPL 2024 की सबसे तेज गेंद. सामने थे शिखर धवन. उन्होंने रूम बनाकर इसे खेलने की कोशिश की, लेकिन पूरी तरह से नाकाम रहे. अगली गेंद, 149Kmph. धवन ने किसी तरह सिंगल निकाला. ओवर की तीसरी गेंद, 142 की स्पीड. बेयरस्टो कोई रन नहीं बना पाए. अगली ही गेंद पर आया मयंक का पहला विकेट.

Advertisement

143kmph की शॉर्ट पिच गेंद. बेयरस्टो ने रूम बनाने की कोशिश की. मयंक ने पीछा किया. बेयरस्टो का पुल, स्पीड के चलते कनेक्शन नहीं बना. स्टोइनिस ने कैच पकड़ बेयरस्टो को 42 के निजी स्कोर पर लौटा दिया. अगली गेंद 153 की स्पीड वाली. प्रभसिमरन नहीं खेल पाए. ओवर की आखिरी गेंद, 149kmph आया चौका. इस चौके के बावजूद ओवर में बने सिर्फ़ नौ रन.

मयंक का तीसरा ओवर. पहली गेंद 152 की स्पीड वाली. शिखर ने लिया सिंगल. दूसरी गेंद. 149kmph वाली. प्रभसिमरन ने मारा सिक्स. ओवर की तीसरी गेंद. 147KMPH, मिडल स्टंप की लाइन पर शॉर्ट पिच. प्रभसिमरन ने जोर से मारने की कोशिश की, लेकिन स्पीड ने काम बिगाड़ दिया. प्रभसिमरन का शॉट हवा में, नवीन उल हक़ ने आसान कैच पकड़ उनकी पारी खत्म की. ओवर की अगली तीन गेंदें, 146, 144 और 143 की स्पीड में.

फिर आया मयंक का आखिरी ओवर. लोगों को लगा था कि लगातार चार ओर फेंक रहे हैं, स्पीड स्लो होगी. लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. मयंक ने शुरुआत 153 की, दूसरी गेंद 154, तीसरी गेंद 149 और चौथी गेंद पर आया विकेट. 142 की स्पीड वाली ये गेंद फिर से शॉर्ट थी. जितेश ने पुल किया, लेकिन स्पीड के चलते काम बिगड़ गया. नवीन ने एक और कैच पकड़ा. मयंक को मिला तीसरा विकेट. ओवर की बची हुई दोनों गेंदें 152 और 148 की स्पीड वाली रहीं.

इस प्रदर्शन के लिए मयंक को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया. इस अवॉर्ड को लेने के बाद वह बोले,

‘हमेशा लोगों से सुनता आया था कि डेब्यू पर नर्वस होते हैं. लेकिन पहली गेंद के साथ ही ये चली गई. प्लान था कि प्रेशर में नहीं आना है और स्टंप पर बोलिंग करते हुए पेस का खूब इस्तेमाल करना है. शुरू में पेस मिक्स अप करने का प्लान था.

लेकिन विकेट में मदद थी और कप्तान ने कहा कि तेज फेंकते रहो. सबसे पसंदीदा विकेट बेयरस्टो का रहा. बीते सीजन चोट से वापस आना मुश्किल था. मैंने कम उम्र में डेब्यू का लक्ष्य रखा था लेकिन चोट के चलते ऐसा नहीं हो पाया.’

बता दें कि मयंक को गौतम गंभीर लखनऊ लाए थे. लेकिन IPL2023 से पहले उन्हें चोट गई. टीम में उनकी जगह अर्पित गुलेरिया को मिली. चोट से वापसी के बाद मयंक ने इस बरस आखिरकार IPL डेब्यू कर लिया. और इसके साथ ही लोगों को अपना फ़ैन भी बना लिया.

वीडियो: हार्दिक को ट्रोल करने वाले सावधान, मुंबई में ऐसी हरकतों को ना मिलेगी माफी!

Advertisement