The Lallantop

‘तैयारी लड़ाई की थी’, पर विराट कोहली और गौतम गंभीर ने पानी फेर दिया

मैच के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसने कोहली और गंभीर के फैन्स को खुश कर दिया.

Advertisement
post-main-image
स्ट्रैटेजिक टाइम आउट के दौरान कोहली और गंभीर एक दूसरे के गले लगे. (फोटो- ट्विटर)

विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच IPL 2023 में हुई बहस काफी चर्चा में रही थी. अब IPL 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मैच शुरू होने से पहले गौतम का एक वीडियो आया. इसमें वो RCB को हराने की बात कर रहे थे. सोशल मीडिया पर लोग कोहली-गंभीर राइवलरी (Virat Kohli-Gautam Gambhir) की बात करने लगे. लेकिन मैच के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसने कोहली और गंभीर के फैन्स को खुश कर दिया.

Advertisement

मैच में पहली पारी के 16वें ओवर के बाद स्ट्रैटेजिक टाइम आउट हुआ. RCB ने तीन विकेट के नुकसान पर 141 रन बना लिए थे. विराट कोहली 67 रन बनाकर खेल रहे थे. तभी KKR के कोच गौतम गंभीर टीम के साथ स्ट्रैटजी पर बात करने आए. इसी बीच कोहली और गौतम गंभीर एक दूसरे के गले लगे. दोनों ने क्विक चैट की. इस दौरान वो काफी खुश भी दिखे. बातचीत क्या हुई, ये तो मैच के बाद पता चलेगा. लेकिन दोनों के बीच राइवलरी की बात करने वाले लोगों का मुंह बंद हो गया. सोशल मीडिया पर ट्रेंड चलाने वालों की उम्मीदों पर कोहली और गंभीर ने पानी फेर दिया.

Advertisement
विराट के नाम एक और रिकॉर्ड

विराट कोहली ने मैच में 36 गेंदों पर अपना पचासा पूरा किया. इसके साथ ही विराट ने अपने नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज कर लिया. RCB के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने का. कोहली ने 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती को छक्का लगाकर अपना 240वां सिक्स लगाया. टीम के लिए क्रिस गेल ने 239 सिक्स लगाए हैं. इसके बाद नंबर आता है एबी डिविलियर्स का. एबी ने 238 छक्के लगाए हैं.

RCB की पारी 20 ओवर में 182 रनों पर खत्म हुई. टीम के लिए कोहली ने सबसे ज्यादा 83 रन बनाए. उन्होंने चार चौके और चार छक्के लगाए. दिनेश कार्तिक ने 8 गेंदों में 20 रन की पारी खेली. इसके अलावा कैमरून ग्रीन ने 33 और ग्लेन मैक्सवेल ने 28 रन की पारी खेली. KKR के लिए आंद्रे रसेल और हर्षित राणा ने दो-दो विकेट लिए. सुनील नरेन ने एक विकेट लिया.

गौतम गंभीर ने RCB को लेकर क्या कहा?

मैच से पहले टूर्नामेंट के ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने गंभीर का एक वीडियो पोस्ट किया है. इसमें पूर्व ओपनर RCB के बारे में काफी कुछ कह रहे हैं. गंभीर ने कहा,

Advertisement

“RCB एक ऐसी टीम है जिसे मैं हर बार हराना चाहता था. मैं अपने सपने में भी इस टीम को हराना चाहता था.”

गंभीर ने आगे बताया कि RCB टूर्नामेंट की दूसरी सबसे हाई-प्रोफाइल टीम है. इसमें क्रिस गेल, विराट कोहली, एबी डी विलियर्स जैसे खिलाड़ी हैं. गंभीर ने ताना कसते हुए कहा कि अभी तक उन्होंने कुछ भी नहीं जीता है, लेकिन वो अभी भी सोचते ऐसा हैं कि मानो उन्होंने हर चीज जीत ली हो. गंभीर ने कहा कि वो इस तरह के रवैये को स्वीकार नहीं कर सकते. KKR को जो तीन सर्वश्रेष्ठ जीत मिलीं, वो संभवत: RCB के खिलाफ थीं.

वीडियो: विराट कोहली ने IPL 2024 के पहले मैच में ही इतना बड़ा रिकॉर्ड बना दिया

Advertisement