The Lallantop

T20 में दनादन रन, स्पिनर्स के आगे फुस्स! तिलक वर्मा की कमजोरी से टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन

तिलक वर्मा इस साल शानदार फॉर्म में हैं. टी20 में उनके बल्ले से खूब रन निकले हैं. हालांकि, तिलक की एक कमजोरी आने वाले दिनों में उनकी और टीम इंडिया दोनों की मुश्किल बढ़ा सकती है. बैटिंग पैटर्न देखें तो उन्हें लगातार स्पिनर्स को खेलने में परेशानी हो रही है.

Advertisement
post-main-image
तिलक वर्मा 2026 में T20 फॉर्मेट में स्पिनर्स के खिलाफ विस्फोटक बैटिंग करने में नाकाम रहे. (Courtesy: PTI)

तिलक वर्मा (Tilak Verma) ने इस साल T20 क्रिकेट में अब तक धमाकेदार बैटिंग की है. वह 2026 में कई मैच विनिंग पारियां खेल चुके हैं. इंग्लैंड, जिम्बाब्वे और पाकिस्तान के खिलाफ इस साल T20 मैचों में टीम इंडिया की जीत में उनकी जबरदस्त बैटिंग अहम वजह रही. आंकड़ों पर नजर डालें, तो तिलक 2026 में T20 फॉर्मेट में अब तक 1023 रन बना चुके हैं. इस साल वह भारत की तरफ से T20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पांचवें बैटर हैं. 

Advertisement

तिलक शानदार फॉर्म में हैं. उनके बल्ले से लगातार रन निकल रहे हैं. लेकिन, क्या आप जानते हैं कि उनकी सबसे बड़ी कमजोरी क्या रही? आंकड़ों पर गौर करें, तो साल 2026 में तिलक वर्मा को T20 क्रिकेट में पेसर्स से ज्यादा स्पिनर्स को खेलने में परेशानी हुई है. वह स्पिनर्स के खिलाफ अटैकिंग बल्लेबाजी करने में नाकाम रहे. तेज गेंदबाजों की अपेक्षा स्पिनर्स के खिलाफ उनका एवरेज और स्ट्राइक रेट भी कम रहा. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में तिलक को स्पिनर माइकल ब्रेसवेल ने आउट किया था.

2026 में पेसर्स पर हावी रहे तिलक वर्मा

इस साल अब तक तिलक वर्मा के T20 आंकड़े देखें, तो वह पेसर्स के खिलाफ ज्यादा हावी रहे. तिलक ने 2026 में अब तक तेज गेंदबाजों की 407 बॉल्स फेस की हैं. इन 407 गेंदों पर उन्होंने 714 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका एवरेज 44.62 और स्ट्राइक रेट 175.42 रहा. जहां तक उनके आउट होने की बात है, तो इस साल तेज गेंदबाजों ने उन्हें अब तक 16 बार आउट किया है. इन आंकड़ों से पता चलता है कि तिलक वर्मा ने तेज गेंदबाजों के आगे आसानी से रन बनाए.

Advertisement
स्पिनर्स के खिलाफ फ्लॉप

जब हम इस साल स्पिनर्स के खिलाफ उनके स्टैट्स देखते हैं, तो काफी निराशा होती है. तूफानी बैटर तिलक वर्मा को 2026 में T20 में स्पिनर्स को खेलने में काफी परेशानी हुई है. इस साल तिलक अब तक स्पिनर्स की 279 गेंदों का सामना कर चुके हैं. इस दौरान उनकी विस्फोटक बैटिंग नजर नहीं आई. वह स्पिनर्स की 279 बॉल्स पर सिर्फ 309 रन बना पाए. इस बीच उनका एवरेज 25.75 और स्ट्राइक रेट 110.75 का रहा. इस टाइम पीरियड में स्पिनर्स तिलक वर्मा को आउट करने में स्पिनर्स ज्यादा पीछे नहीं रहे. तिलक वर्मा इस साल अब तक 12 बार स्पिनर्स की गेंद पर आउट हो चुके हैं. 

कमजोरी पर करना होगा फोकस

स्पिनर्स के खिलाफ धीमी बैटिंग करना तिलक वर्मा की कमजोरी बन गई है. वह क्रीज पर टिकने के बावजूद तेजी से रन नहीं बना पाते. मिडिल ओवर्स में स्पिन के खिलाफ स्लो बैटिंग करने की वजह से रन रेट पर प्रेशर आ जाता है. स्पिन बॉलर्स के खिलाफ उनका शॉट सिलेक्शन बेहतर नहीं हैं. वह स्पिनर्स को न तो फ्रंट फुट पर अच्छा खेल पाते हैं और न ही बैक फुट पर. ऐसे में वह प्रेशर में आउट हो जाते हैं. इंग्लैंड के खिलाफ T20 सीरीज में वह विल जैक्स की एक गेंद पर आगे बढ़कर खेलने के प्रयास में आउट हो गए थे.

ये भी पढ़ें: शुभमन गिल का ये रिकॉर्ड महीने भर भी न टिका, हैरी ब्रूक ने जड़ी सबसे तेज डबल सेंचुरी 

Advertisement

22 अक्टूबर को वह न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पहले T20I में भी स्पिनर्स के खिलाफ आउट हुए थे. इस मैच में उन्हें स्पिनर माइकल ब्रेसवेल ने काफी परेशान किया. तिलक उनके खिलाफ कोई बड़ा शॉट नहीं लगा पाए. ब्रेसवेल ने उन्हें 6 रनों पर पवेलियन भेज दिया. तिलक वर्मा ने ये 6 रन 11 बॉल्स पर बनाए थे.

तिलक वर्मा T20I में टीम इंडिया के वाइस कैप्टन हैं. उन पर बेहतर प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी है. इस लिए तिलक वर्मा को स्पिन बॉलर्स के खिलाफ अपनी कमजोरी को जल्दी दूर करना होगा. उन्हें पेसर्स के अलावा स्पिनर्स के खिलाफ भी जमकर रन बनाने की जरूरत है. 

वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: श्रीसंत ने सचिन-सौरव के मजेदार किस्से सुनाए, भज्जी-गंभीर विवाद पर खुलकर बोले

Advertisement