The Lallantop

डबल गोल्ड मेडलिस्ट की शर्मनाक करतूत! होटल कर्मी से यौन उत्पीड़न के आरोप में जापान से डिपोर्ट

Para Asian Games 2026 : भारतीय पैरा-तैराक Md Shams Aalam Shaikh को भारत डिपोर्ट कर दिया गया है. उन पर जापान में होटल कर्मचारी से यौन उत्पीड़न का आरोप है. PCI उन पर आजीवन प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही है.

Advertisement
post-main-image
मोहम्मद शम्स आलम शेख को जापान ने यौन उत्पीड़न के आरोप में डिपोर्ट कर दिया. (Photo: SAI)

भारत के जाने-माने पैरा-तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख (Md Shams Aalam Shaikh) बड़े विवाद में घिर गए हैं. जापान के नागोया में एशियन पैरा गेम्स (Para Asian Games 2026) में हिस्सा लेने गए 40 वर्षीय शम्स को बिना खेले ही वापस भारत भेज दिया गया है. उन पर एक होटल की महिला कर्मी ने यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं. इस घटना ने नागोया में मौजूद पूरे भारतीय दल को शर्मसार कर दिया है.

Advertisement
क्या है पूरा मामला?

भारतीय दल के सूत्रों के मुताबिक, यह घटना सोमवार की है. भारतीय पैरा-तैराकी टीम एक होटल में ठहरी थी. वहीं की एक कर्मी ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.  बताया जा रहा है कि शम्स आलम के कमरे में महिला हाउसकीपिंग स्टाफ अपना काम कर रही थी. आरोप है कि इसी दौरान शम्स ने उसका यौन उत्पीड़न किया. महिला की शिकायत के बाद स्थानीय आयोजन समिति और भारतीय अधिकारियों को इस बारे में सूचित किया गया.

शिकायत मिलने के बाद जापानी पुलिस फौरन हरकत में आई. होटल पहुंचकर उन्होंने शम्स आलम को तुरंत हिरासत में ले लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए अगले ही दिन उन्हें डिपोर्ट कर सीधा भारत वापस भेज दिया गया. शम्स को एशियन पैरा गेम्स की कई स्पर्धाओं में उतरना था. लेकिन अब वो बिना हिस्सा लिए ही स्वदेश लौट चुके हैं.

Advertisement

ये भी पढ़ें : मेडल जीतकर प्रीति को आई छोटे भाई की याद, 4 महीने पहले हुई थी हत्या

लग सकता है आजीवन प्रतिबंध 

इस शर्मनाक वाकये के बाद पैरालंपिक कमिटी ऑफ इंडिया (PCI) कड़े एक्शन के मूड में है. PCI शम्स के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने पर विचार कर रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन पर आजीवन प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है. हालांकि, इस मामले में कोई भी औपचारिक और अंतिम फैसला खेलों के समापन के बाद ही लिया जाएगा.

कौन हैं शम्स आलम शेख?

बिहार के रहने वाले 40 वर्षीय मोहम्मद शम्स आलम शेख भारत के दिग्गज पैरा-तैराकों में शामिल हैं. वर्ल्ड पैरा स्विमिंग रिकॉर्ड्स के अनुसार, वे पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई (S5) और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक (SB4) श्रेणियों में वर्ल्ड रैंकिंग में नंबर 1 रह चुके हैं. उन्होंने 2018 के जकार्ता एशियन पैरा गेम्स में 200 मीटर और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में दो गोल्ड मेडल जीते थे.

Advertisement

इसके अलावा, 2025 के रेक्याविक इंटरनेशनल गेम्स में भी उन्होंने गोल्ड जीतकर नया भारतीय और एशियाई रिकॉर्ड कायम किया था. नागोया (2026) में उनका यह लगातार तीसरा एशियन पैरा गेम्स होने वाला था. लेकिन इस विवाद ने उनके करियर पर एक बड़ा दाग लगा दिया है.

वीडियो: Asian Games में भारत के मेडल्स कम, खेल मंत्रालय ने किसकी क्लास लगा दी?

Advertisement