रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या. इन दोनों का गले लगने वाला वीडियो सबने देखा. इस पर सबकी अपनी सोच है. लेकिन असली चीज तो ड्रेसिंग रूम की एकता रहेगी. बिना इसके कुछ हो नहीं पाएगा. ऐसा कहना है कि पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह का. बता दें कि जबसे हार्दिक ने रोहित की जगह ली है, MI के फ़ैन्स बंट गए हैं. रोहित इस बरस हार्दिक की कप्तानी में खेलेंगे. और इनके बीच सब ठीक नहीं है, ऐसी बातें लगातार चल रही हैं.
चिंगारी लग गई है, अब बस आग... रोहित-हार्दिक विवाद पर पूर्व मुंबई दिग्गज को सुना?
Rohit Sharma-Hardik Pandya के बीच कुछ विवाद है. ऐसा पूरी दुनिया को लग रहा है. जबसे हार्दिक ने रोहित की जगह ली है, चर्चा जारी है. अब इस चर्चा में मुंबई के लिए खेले स्पिनर हरभजन सिंह भी शामिल हो गए हैं.

हरभजन का मानना है कि अगर MI के ड्रेसिंग रूम में एकता रही, तो उन्हें रोकना आसान नहीं होगा. भज्जी ने ये भी कहा कि कप्तान बदलने का फैसला इस साल टाला जा सकता था. अपने यूट्यूब चैनल पर वह बोले,
'उम्मीद करते हैं कि मुंबई इंडियंस एक यूनिट की तरह खेले. क्योंकि अगर वो ऐसा कर पाते हैं, तो उन्हें रोकना मुश्किल होगा. हार्दिक और मैनेजमेंट के लिए बड़ा चैलेंज टीम को एकसाथ रखना है. जहां तक मैं रोहित शर्मा को जानता हूं, वह बहुत साधारण व्यक्ति है. वह इस फैसले के बारे में कभी भी सार्वजनिक चर्चा नहीं करेगा.
लेकिन एक चीज पक्की है, पांच बार का चैंपियन और वो व्यक्ति जिसने लगभग वर्ल्ड कप जीत ही लिया था, यह शॉकिंग है. शायद, यह फैसला एक साल और टाला जा सकता था. हार्दिक पंड्या बहुत क्षमतावान हैं. लेकिन टीम तभी जीत सकती है जब इसमें एकता हो. यह MI के लिए सबसे बड़ा चैलेंज होगा.'
यह भी पढ़ें: धोनी ने फिर चौंकाया, हफ्तों पहले जो कहा था वो सच हो गया!
भज्जी ने ये भी कहा कि यह सीजन रोहित का बेस्ट हो सकता है. क्योंकि इस बरस वह एक पॉइंट प्रूव करने उतरेंगे. हरभजन बोले,
'इस पूरे मामले पर रोहित की ओर से कोई बयान नहीं आया है. वह शांत व्यक्ति हैं, वह बस इससे मूव कर जाएंगे. मैं सोचता हूं कि वह इस बार अपना बेस्ट देंगे. और टीम तथा हार्दिक को सपोर्ट करेंगे. अंदर की तरफ शायद थोड़ी पीड़ा हो.
यह रोहित का बेस्ट IPL सीजन हो सकता है. क्योंकि कई बार, आपको दिखाना होता है कि अभी भी आपके पास बहुत क्षमता है. जो चिंगारी की जरूरत थी, वो लग चुकी है. अब इसे आग में कैसे बदलेंगे, ये देखना है.'
बता दें कि मुंबई इंडियंस IPL2024 की शुरुआत गुजरात टाइटंस के खिलाफ़ करेगी. यह मैच संडे, 24 मार्च को खेला जाना है. इस मैच से पहले हुए प्रैक्टिस सेशन में रोहित शर्मा ने हिस्सा नहीं लिया. साथ ही वह टीम के साथ गुजरात भी नहीं गए. मुंबई इंडियंस ने बताया कि सोमवार, 18 मार्च को टीम से जुड़े रोहित शर्मा का अलग से ट्रेनिंग प्रोग्राम बना हुआ है. वह इसे पूरा करने के लिए मुंबई में ही रुके हैं. हालांकि, वह मैच के लिए अहमदाबाद जाएंगे.
वीडियो: हार्दिक पांड्या रोहित शर्मा की कप्तानी को लेकर प्रेस कॉन्फ़्रेंस में क्या बोले...?









