The Lallantop

'यूक्रेन ने स्टारलिंक से लोगों को मार डाला,' नाराज एलन मस्क बोले- तुम लोग नरक में जलो

SpaceX एलन मस्क की कंपनी है, जो स्पेस टेक्नोलॉजी में काम करने के अलावा स्टारलिंक और स्टारशील्ड जैसी पावरफुल इंटरनेट सर्विस देती है. मस्क ने आरोप लगाया कि यूक्रेन की सेना ने उसकी स्टारलिंक सर्विस का गलत इस्तेमाल किया है.

Advertisement
post-main-image
एलन मस्क (बाएं) की सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस का नाम Starlink है. (Courtesy: PTI/Starlink)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • एलन मस्क ने यूक्रेन में स्टारलिंक इंटरनेट सेवा के कथित गलत इस्तेमाल पर यूक्रेनी सेना की ओर से ड्रोन हमलों में इसके प्रयोग का आरोप लगाते हुए उसे बंद करने की जानकारी दी।
  • यूक्रेन युद्ध के दौरान रूसी हमलों के कारण अन्य संचार माध्यम प्रभावित होने पर स्टारलिंक ने यूक्रेन को स्थिर कम्युनिकेशन उपलब्ध कराया था, जिससे उसकी मांग बढ़ी।
  • स्टारलिंक सेवा सीमित करने के बाद यूक्रेन के सैन्य अभियानों में बाधा आई, लेकिन बाद में इसकी कार्यक्षमता पुनः सामान्य हुई और इसका भविष्य यूक्रेन की सुरक्षा पर असर डाल सकता है।

अमेरिकी बिजनेसमैन एलन मस्क ने यूक्रेन में अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस Starlink के कथित गलत इस्तेमाल को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है. मस्क ने यूक्रेनी सेना पर आरोप लगाया कि उसने स्टारलिंक का मिसयूज कर लोगों को मारने के लिए ड्रोन हमले किए. उनके मुताबिक, इस तरह के हमले करने के लिए स्टारलिंक का इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं दी गई थी. यूक्रेन ने एलन मस्क के आरोपों पर फिलहाल कोई रिएक्शन नहीं दिया है.

Advertisement
एलन मस्क ने क्या कहा?

एलन मस्क ने अपने ही मालिकाना हक वाले प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर के पोस्ट का जवाब दिया. उन्होंने रिप्लाई में यूक्रेनी सेना पर निशाना साधा. कहा कि स्टारलिंक एक आम सिविलियन सैटेलाइट कम्युनिकेशन सर्विस है, ना कि हथियारों के इस्तेमाल के लिए बनाया गया सिस्टम.

एलन मस्क ने X पर लिखा,

Advertisement

"स्टारलिंक एक सिविलियन कमर्शियल सर्विस है. इसका इस्तेमाल लोगों को मारने के लिए आक्रामक ड्रोन हमलों में करना कभी भी मंजूर नहीं था, और ना ही होना चाहिए. स्टारशील्ड एक अलग सिस्टम है, जिसे अमेरिकी सरकार कंट्रोल करती है. वो इसका क्या करना चाहती है, ये उस पर है… यूक्रेन की मिलिट्री ने स्टारलिंक की सर्विस शर्तों को तोड़ा और लोगों को मारने के लिए ड्रोन हमलों के लिए इसका इस्तेमाल किया. इस खामी को पिछले हफ्ते बंद कर दिया गया."

elon musk
एलन मस्क का पोस्ट. (Courtesy: @elonmusk/X)

उन्होंने आगे लिखा,

“SpaceX ने यूक्रेन की रक्षा के लिए धरती पर किसी भी प्राइवेट कंपनी से कहीं ज्यादा काम किया है. इसके बावजूद, मैं उन पाखंडी और बुरे युद्ध-प्रेमी लोगों से सख्त नफरत करता हूं, जो कभी ना खत्म होने वाले कत्लेआम पर जोर देते हैं और संघर्ष का कोई असली हल नहीं बताते. तुम लोग नरक में जलो.”

Advertisement

SpaceX एलन मस्क की कंपनी है, जो स्पेस टेक्नोलॉजी में काम करने के अलावा स्टारलिंक और स्टारशील्ड जैसी पावरफुल इंटरनेट सर्विस देती है. मस्क ने स्टारलिंक और स्टारशील्ड के बीच अंतर भी बताया. स्टारलिंक के मिलिट्री वर्जन का नाम स्टारशील्ड है. मस्क के मुताबिक, स्टारशील्ड का इस्तेमाल कैसे किया जाना है, ये फैसला अमेरिकी सरकार के हाथ में है.

स्टारलिंक बंद हुआ तो यूक्रेन का क्या होगा?

विवाद के बीच एलन मस्क ने एक बड़ी चिंता की तरफ ध्यान दिलाया. उन्होंने कहा कि यूक्रेन के डिफेंस के लिए स्टारलिंक बेहद अहम है. उनके मुताबिक, ये ऐसा सिस्टम है, जिसे फिलहाल जाम करना या नष्ट यानी नेस्तनाबूद करना बेहद मुश्किल है. अगर स्टारलिंक बंद हो गया, तो यूक्रेनी सेना की फ्रंटलाइन तुरंत कमजोर हो सकती है.

एलन मस्क ने ये भी दावा किया कि युद्ध के शुरुआती दिनों में रूसी हमलों की वजह से कम्युनिकेशन के दूसरे जरिए बर्बाद हो गए, या उनमें अड़चन आने लगी. उस वक्त स्टारलिंक ने ही यूक्रेन को कम्युनिकेशन बनाए रखने में बड़ी मदद की थी.

मिलिट्री ऑपरेशन पर पाबंदियों असर?

यूक्रेन ने शनिवार, 24 अक्टूबर को कहा कि स्टारलिंक और उसके मिलिट्री वर्जन स्टारशील्ड की सर्विस फिर से पहले जैसी रफ्तार से काम करने लगी हैं. इससे पहले एक हफ्ते से ज्यादा समय तक लगी पाबंदियों के कारण मिलिट्री ऑपरेशन पर असर पड़ा था.

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टारशील्ड के कामकाज की रफ्तार 160 किलोमीटर प्रति घंटे तक लिमिट किए जाने से रूसी ड्रोन हमलों को रोकने में यूक्रेन को परेशानी हुई. कुछ मिलिट्री ऑपरेशन को रद्द भी करना पड़ा.

यह भी पढ़ें: भारत को 'मना' कर खुद रूस से डीजल खरीदने जा रहा अमेरिका! यूक्रेन भी बुरा मान गया

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि अब सिस्टम की स्पीड जरूरत के मुताबिक हो गई है. इस पूरे विवाद के बीच ये साफ नहीं है कि स्टारशील्ड की रफ्तार पर पाबंदी लगाने का आदेश किसने दिया था. एलन मस्क और अमेरिकी सरकार ने खुले तौर पर ये पाबंदी लगाने की जिम्मेदारी नहीं ली है.

वीडियो: एलन मस्क ने स्टारलिंक की भारत में एंट्री में देरी के लिए किसे जिम्मेदार ठहराया?

Advertisement