भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट क्रिकेटर सीडी गोपीनाथ का 96 साल की उम्र में निधन हो गया है. वो चेन्नई में रहते थे और उनका जन्म 1 मार्च 1930 को हुआ था. गोपीनाथ ऑस्ट्रेलिया के नील हार्वे के बाद दुनिया के दूसरे सबसे उम्रदराज क्रिकेटर थे.
भारत की पहली टेस्ट जीत के ‘अंतिम’ नायक सीडी गोपीनाथ का 96 वर्ष में निधन
गोपीनाथ ने भारत के लिए कुल 8 टेस्ट मैच खेले. टेस्ट करियर में उन्होंने 12 पारियों में कुल 242 रन बनाए.


सीडी गोपीनाथ भारत की उस टीम के आखिरी सदस्य थे, जिसने 1952 में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में भारत की पहली टेस्ट जीत दिलाई थी. ये जीत भारतीय क्रिकेट के एक डिफाइनिंग मोमेंट थी.
गोपीनाथ ने भारत के लिए कुल 8 टेस्ट मैच खेले. इसके अलावा उन्होंने 83 फर्स्ट क्लास मैच भी खेले. ये मैच ज्यादातर मद्रास (अब तमिलनाडु) की टीम के लिए थे. उनका टेस्ट डेब्यू 1951 में इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई के ब्रेबॉर्न स्टेडियम में हुआ था. डेब्यू मैच में वो नंबर 8 पर बैटिंग करने आए थे. उन्होंने नॉट आउट 50 रनों की पारी खेली. ये उनके करियर का हाईएस्ट स्कोर भी रहा.
मैच की दूसरी पारी में उन्होंने 42 रन बनाए और मैच ड्रॉ रहा था. उसी सीरीज के पांचवें टेस्ट में चेन्नई के मैदान पर भारत ने इंग्लैंड को एक पारी और 8 रनों से हराया था. गोपीनाथ ने उस मैच में 35 रनों की पारी खेली थी. ये मैच भारतीय क्रिकेट के लिए एक लैंडमार्क मोमेंट है.
गोपीनाथ ने आखिरी टेस्ट मैच 1960 में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ था. टेस्ट करियर में उन्होंने 12 पारियों में कुल 242 रन बनाए. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके स्टैट्स और भी शानदार रहे. उन्होंने 42.16 की एवरेज से 4259 रन बनाए.
गोपीनाथ ने 2024 में ESPNcricinfo को दिए इंटरव्यू में 1952 की उस जीत को याद करते हुए कहा,
“कुछ लोग UK से आए और मुझसे 1952 के उस मैच के बारे में पूछ रहे थे. शायद वो किताब लिखना चाहते थे या वीडियो बनाना चाहते थे. मैंने उनसे कहा कि सिर्फ एक मैच पर किताब क्यों लिख रहे हो? उन्होंने कहा कि ये भारतीय क्रिकेट इतिहास का टर्निंग पॉइंट था. मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मैं उस टीम का हिस्सा था.”
उन्होंने ये भी बताया कि इंटरव्यू करने वाले लोगों ने कहा था कि उस टीम से अब सिर्फ वो ही जिंदा हैं, इसलिए उन्हें जो कुछ कहना है वो कह सकते हैं.
सीडी गोपीनाथ के निधन के बाद अब भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट क्रिकेटर चंद्रकांत पटणकर हैं. वो 95 साल के हैं. उन्होंने 1956 में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक टेस्ट मैच खेला था. दुनिया भर में सबसे उम्रदराज टेस्ट क्रिकेटर अब ऑस्ट्रेलिया के नील हार्वे हैं.
वीडियो: वैभव सूर्यवंशी ने कैसे दिला दी 37 साल पहले के सचिन तेंडुलकर की याद?



















