भारत के MMA एथलीट वरुण सान्याल को उम्मीद थी कि वह एशियन गेम्स में देश के लिए मेडल लाएंगे. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. एक भी मैच खेले बिना उनका अभियान खत्म हो गया. वरुण ने बताया कि वह अकेले ही वजन घटाने की कोशिश कर रहे थे. यही उनकी गलती थी. वरुण ने कहा कि जनता को यह सवाल पूछना चाहिए कि जब वह वजन कम करने की कोशिश कर रहे थे, तब वह अकेले क्यों थे?
'जनता पूछे मैं अकेला क्यों था', एशियन गेम्स से बिना खेले लौटे वरुण सान्याल ने क्या कहा?
भारतीय MMA खिलाड़ी वरुण सान्याल एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं. उन्हें 77 kg वेट कैटेगरी के क्वार्टर फाइनल से पहले ही मेडिकली अनफिट घोषित कर दिया गया.

सान्याल को 20 सितंबर, रविवार को 77 किलोग्राम वेट कैटेगरी के पहले राउंड में हिस्सा लेना था. वेट कट के लिए सान्याल ‘सौना बाथ’ में थे. वजन घटाने के कारण थकान और शरीर में पानी की कमी के कारण वह बेहोश हो गए थे. वहां मौजूद एक अन्य एथलीट ने इसकी जानकारी मेडिकल स्टाफ को दी. इसके बाद उनका मेडिकल चेकअप हुआ. डॉक्टर्स ने चेकअप के बाद वरुण को मैच में हिस्सा लेने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया.
सान्याल ने जाहिर की निराशासान्याल ने बताया कि उनके लिए नागोया तक का सफर आसान नहीं था. उन्हें गेम्स शुरू होने से दो हफ्ते पहले ही टीम में शामिल किया गया. उन्हें इस बारे में बहुत देरी से पता चला. सान्याल ने आगे कहा कि नागोया में आवास को लेकर भी काफी समस्याएं थीं. इसके बाद जब उन्हें वजन घटाना था तो उनका साथ देने के लिए कोई नहीं था. उन्होंने न्यूज एजेंसी से कहा,
ईमानदारी से कहूं तो मेरे पास अकेले वेट कम करने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं था. मैं चाहता हूं कि जनता यह सवाल पूछे कि मैं अकेला क्यों था? लेकिन जिंदगी में ऐसी चीजें होती रहती हैं. मैं यहां बैठकर खुद पर तरस नहीं खाना चाहता.
यह भी पढ़ें- 15 साल बाद CSK का हेड कोच बदला, जहीर खान को मिली जिम्मेदारी
आपको बता दें कि MMA के दो खिलाड़ियों के लिए किसी भी कोच को नहीं भेजा गया है. वरुण के अलावा सुचिका तारियाल भी एशियन गेम्स में MMA इवेंट में हिस्सा ले रही हैं. उन्होंने भी कोच न होने को लेकर निराशा जाहिर की थी.
सान्याल ने बताया कि उन्होंने इस साल जनवरी में ही एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई कर लिया था. लेकिन क्वालिफिकेशन प्रक्रिया को लेकर कुछ भी तय नहीं था. इसी कारण वह अपने प्रोफेशनल मैच की तैयारी में जुटे हुए थे. 2 सितंबर को उन्हें जानकारी दी गई कि वह एशियन गेम्स दल का हिस्सा हैं. ऐसे में सान्याल को तैयारी के लिए बहुत समय नहीं मिला.
सान्याल ने कहा कि वह इस समय काफी निराश हैं लेकिन अब इससे आगे बढ़ना चाहते हैं. उन्हें खुशी है कि सुचिका तरियाल MMA में देश के लिए मेडल ला सकीं. अब वो भी भविष्य के बारे में सोचना चाहते हैं.
वीडियो: इंग्लैंड के खिलाफ रोहित शर्मा खेलेंगे वनडे करियर का आखिरी मैच?











