उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक शख्स ने अपनी पत्नी और घर में पूजा कराने आए दो पुरोहितों की गोली मारकर हत्या कर दी. हत्या की वजह के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने तीन नाबालिग बच्चों को लेकर एक कमरे में खुद को कैद कर लिया. आरोपी के पास असलहा भी था, जिसमें 40 कारतूस बताए जा रहे हैं. किसी अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस एहतियात के साथ आरोपी को कमरे से बाहर निकालकर का ऑपरेशन चला रही थी.
मना करने के बाद भी घर में पूजा हुई, पति ने पत्नी के साथ दोनों पुजारियों की भी हत्या कर दी
आजमगढ़ में घर में पूजा कराने को लेकर हुए विवाद में अरविंद सिंह ने दो पुरोहितों और अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद वह तीन नाबालिग बच्चों को लेकर कमरे में बंद हो गया, लेकिन पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से गेट तोड़कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

इंडिया टुडे से जुड़े संतोष शर्मा और राजीव कुमार ने खबर दी है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी से पानी की बौछार करके गेट तोड़ा गया और तीनों बच्चों समेत आरोपी को बाहर निकाला गया. उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके पास से लाइसेंसी असलहा भी बरामद हुआ है.
घटना आजमगढ़ के अहरौला थाना इलाके के शंभूपुर गांव की है. आरोपी अरविंद सिंह ने बाजार से लौटने के बाद घर में पूजा करा रहे दो पुरोहितों और अपनी पत्नी को गोली मार दी. बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले अरविंद सिंह के भाई गुड्डू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इसके बाद भाई की आत्मा की शांति के लिए परिवार में पूजा कराने की बात चल रही थी. बताया गया कि अरविंद इस पूजा के खिलाफ था और उसने पत्नी से पूजा नहीं कराने को कहा था. इसके बावजूद घर पर पूजा रखी गई.
ये भी पढ़ेंः मोबाइल चोरों को पता नहीं था दुकान में असली मालिक भी है, उसी से लॉक खुलवाया, फिर...
मंगलवार, 22 सितंबर को जब अरविंद बाजार से घर पहुंचा तो वहां पूजा चल रही थी. ये देखकर उसका पारा चढ़ गया. वह बुलाए गए दो पंडितों से आधार कार्ड मांगने लगा. फिर विवाद बढ़ा तो दोनों को गोली मार दी. उसने अपनी पत्नी बबिता को भी गोली मार दी. तीनों की मौके मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.
पता चला कि आरोपी अरविंद हथियार के साथ तीन बच्चों को लेकर एक कमरे में बंद हो गया. पुलिस ने फायर ब्रिगेड की गाड़ी मंगाकर पानी की बौछार कराई और गेट तोड़ा. जिसके बाद बच्चों को मुक्त कराया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने हथियार जब्त कर लिया है और जांच में जुट गई है. घटना के पीछे की वजह साफतौर पर सामने नहीं आई है.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: IIT Bombay के छात्र साहिल वाकोडे की मौत का पूरा मामला क्या है?













