हॉकी इंडिया में चल रही अंदरूनी खींचतान में नया मोड़ आया है. फेडरेशन के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कुछ अन्य अधिकारियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. टिर्की ने उन पर ‘आपराधिक विश्वासघात, चोरी, जान जोखिम में डालने और गलत तरीके से छोड़ने’ का आरोप लगाया है. साउथ दिल्ली के डीसीपी (पुलिस उपायुक्त) कार्यालय ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है. हालांकि, अब तक इस मामले में FIR दर्ज नहीं हुई है.
दिलीप टिर्की हॉकी इंडिया अधिकारियों से नाराज, पुलिस में कर दी शिकायत
इन दिनों हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की और सचिव भोलनाथ सिंह के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है. यह विवाद वर्ल्ड कप के बाद और बढ़ गया है.

टिर्की ने हॉकी इंडिया के पूर्व एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर Cdr आरके श्रीवास्तव, हॉकी इंडिया के फाइनेंस मैनेजर सुबोध कुमार, हॉकी इंडिया के डायरेक्टर भूषण कुमार और ड्राइवर हरमिंदर सिंह के खिलाफ यह शिकायत दर्ज की है.
क्यों नाराज हैं टिर्की?न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक टिर्की 22 सितंबर को आधिकारिक दौरे पर दिल्ली आए थे. फेडरेशन के प्रोटोकॉल के अनुसार हॉकी इंडिया ने दौरे के लिए आधिकारिक वाहन उपलब्ध कराया था. लेकिन दौरे के बीच ही फेडरेशन ने अचानक वाहन वापस बुला लिया. उस समय गाड़ी में टिर्की का निजी सामान रखा हुआ था, जिसमें दवाइयों का बैग भी था. टिर्की अपना सामान वापस चाहते थे.
यह भी पढ़ें- Asian Games में बड़ा उलटफेर, नेपाल ने अफगानिस्तान के साथ कर दिया खेला
टिर्की ने इसके लिए हॉकी इंडिया के अधिकारियों को बार-बार फोन करके वाहन वापस भेजने को कहा. लेकिन किसी ने उनके फोन का जवाब नहीं दिया. इसी कारण टिर्की ने अब शिकायत दर्ज की है.
भोलानाथ का रिएक्शनफेडरेशन के सचिव भोलानाथ सिंह से इस मामले पर सवाल किया गया. भोलानाथ ने कहा कि उन्हें टिर्की द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत की जानकारी नहीं है. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही हॉकी इंडिया के चुनाव होंगे. भोलानाथ ने कहा,
मुझे सही में ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है. मैं जापान में हूं ताकि अपनी दोनों टीमों को प्रेरित कर सकूं, वो एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर सीधे लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर सकें. जहां तक चुनाव का सवाल है, यह तय कार्यक्रम के अनुसार सात नवंबर को होगा.
आपको बता दें कि इस समय टिर्की और भोला नाथ सिंह के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है. इस साल हॉकी वर्ल्ड कप से पहले जर्सी को लेकर हुए विवाद के बाद यह लड़ाई बढ़ती हुई नजर आई है. अध्यक्ष टिर्की का दावा है कि यह फैसला उनकी सहमति के बिना किया गया था. उन्होंने इसी कारण आरके श्रीवास्तव को सस्पेंड करके उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था. वहीं श्रीवास्तव का कहना था कि वह अब भी अपने पद पर बने हुए हैं. भोलानाथ सिंह ने इस मामले में श्रीवास्तव का पक्ष लिया था.
वीडियो: 2027 ODI वर्ल्ड कप खेलेंगे रोहित शर्मा और विराट कोहली? गंभीर ने बता दिया













