पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो अभी इंटरनेशनल फुटबॉल से रिटायरमेंट नहीं लेंगे. हालांकि, उन्होंने ये माना कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 के बाद इस बारे में सोचा था. लेकिन, उन्होंने अब तय कर लिया है कि पहले वो दो सपने पूरे करेंगे. उसके बाद ही रिटायरमेंट के बारे में सोचेंगे. उनके ये दो टारगेट हैं- पुर्तगाल को एक और नेशंस लीग जिताना और 1000 करियर गोल पूरे करना.
रोनाल्डो नहीं लेंगे रिटायरमेंट, खुद बताया ये दो काम अभी बाकी!
Cristiano Ronaldo on Retirement : पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर Cristiano Ronaldo ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास को लेकर अपनी पूरी प्लानिंग बता दी है. उनके मुताबिक, अभी दो सपने उन्हें पूरे करने हैं. इसके बाद ही वो रिटायरमेंट के बारे में सोंचेंगे.

रोनाल्डो 41 साल के हो गए हैं. पुर्तगाल के लिए अब तक 233 मैच खेल चुके हैं. उन्होंने बताया कि फीफा वर्ल्ड कप के बाद उन्होंने अपने फ्यूचर को लेकर नेशनल फेडरेशन के अध्यक्ष पेड्रो प्रोएंका और वर्तमान हेड कोच जॉर्ज जीसस से चर्चा की थी. लेकिन, अब उन्होंने खेलना जारी रखने करने का मन बना लिया है. उन्होंने ये भी माना कि पुर्तगाल में कुछ आलोचक उन्हें नेशनल टीम से बाहर देखना चाहते हैं.
रोनाल्डो 24 सितंबर को वेल्स के खिलाफ पुर्तगाल की ओर से अपना 234वां मैच खेलेंगे. कोच जॉर्ज जीसस ने नेशंस लीग के इस मुकाबले के लिए उन्हें स्टार्टिंग XI में शामिल किया है. मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोनाल्डो पहुंचे. इस दौरान उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने वर्ल्ड कप के बाद रिटायरमेंट को लेकर सोचा था? इस पर दिग्गज फुटबॉलर ने कहा,
हां, मैंने ऐसा सोचा था. मैं हमेशा अपने फैसलों अपने भविष्य और वर्तमान के बारे में सोचता रहता हूं. मैंने इस बारे में नेशनल फेडरेशन के अध्यक्ष और कोच जॉर्ज से बात भी की थी.
दरअसल, जॉर्ज जीसस फीफा वर्ल्ड कप के बाद ही रोबर्टो मार्टिनेज की जगह पुर्तगाल से जुड़े हैं. इससे पहले, वो रोनाल्डो के क्लब अल नस्र के कोच थे. उनकी अगुवाई में इसी साल मई में टीम ने सऊदी लीग का खिताब जीता था. इस टीम की कप्तानी भी रोनाल्डो ही कर रहे थे.
ये भी पढ़ें : न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे टॉप खिलाड़ी, गंभीर ने बताई वजह
वहीं, अपनी रिटायरमेंट प्लान को लेकर बात करते हुए रोनाल्डो ने कहा,
मुझे अब भी विश्वास है कि मैं नेशनल टीम की मदद कर सकता हूं. उसे उसके लक्ष्य तक पहुंचा सकता हूं. मैं तब संन्यास लूंगा, जब मुझे लगेगा कि मैं टीम के लिए कुछ नहीं कर पा रहा हूं.
फिलहाल रोनाल्डो का टारगेट बहुत क्लीयर है. अपनी एंबिशंस से बात करते हुए उन्होंने कहा,
मेरे दो सपने हैं. अपना 1,000वां गोल करना. पुर्तगाल को फिर UEFA नेशंस लीग जिताना.
दरअसल, क्लब और इंटरनेशनल फुटबॉल मिलाकर रोनाल्डो 1,000 गोल के आंकड़े से महज 21 गोल दूर हैं. हालांकि, उन्होंने ये साफ कर दिया कि ये टारगेट उनके लिए कोई जुनून नहीं है. उनके मुताबिक, यहां तक पहुंचना उनके करियर का एक अहम पल होगा.
रोनाल्डो ने कहा,
मुझे पता है कि मैं इसे हासिल कर लूंगा. लेकिन यह कोई जुनून नहीं है. बाकी चीज़ें तो बस मजा लेने के लिए हैं. लेकिन हां, मैं सच में यह रिकॉर्ड बनाना चाहता हूं.
हालांकि, रोनाल्डो ने ये भी माना कि पुर्तगाल में हर कोई उन्हें पसंद नहीं करता. उनके मुताबिक, पुर्तगाल के फैंस उन्हें पसंद करते हैं. लेकिन, कुछ टीवी चैनल्स उनकी आलोचना करते हैं. वो नहीं चाहते कि रोनाल्डो नेशनल टीम के लिए खेलें. हालांकि, रोनाल्डो इस बारे में नहीं सोचते. उनके मुताबिक, वो सिर्फ उन पर ध्यान देते हैं, जो उनसे प्यार करते हैं. बच्चे उन्हें क्यों पसंद करते हैं, ये उन्हें पता है. रोनाल्डो ने अंत में कहा कि संन्यास लेने के 10 साल बाद भी वह लोगों के लिए उदाहरण बने रहेंगे.
वीडियो: पिता के निधन से टूटे Lionel Messi, संन्यास को लेकर किया बड़ा ऐलान









