The Lallantop

‘हमेशा खाली बर्तन ही तो…’, श्रीसंत के चैलेंज पर हरभजन सिंह का जवाब आया

हरभजन सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर श्रीसंत की बातों का जवाब दिया.

Advertisement
post-main-image
पूर्व भारतीय पेसर ने कहा कि अगर हरभजन सिंह को उनसे दिक्कत हैं तो बॉक्सिंग रिंग में उनसे दो-दो हाथ कर लें. (भज्जी फोटो- स्क्रीनग्रैब)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • पूर्व भारतीय पेसर एस श्रीसंत ने 2008 के स्लैपगेट विवाद को लेकर हरभजन सिंह को बॉक्सिंग रिंग में 'दो-दो हाथ' करने की चुनौती दी है और इस घटना को कभी नहीं भूलने की बात कही है।
  • साल 2008 में मोहाली में आईपीएल मैच के दौरान हरभजन सिंह ने श्रीसंत को थप्पड़ जड़ दिया था, जिससे विवाद शुरू हुआ और बाद में हरभजन को आठ मैचों का बैन लगा था।
  • हरभजन सिंह ने जून 2024 में श्रीसंत की चुनौती पर वीडियो के माध्यम से जवाब दिया है, जबकि दोनों खिलाड़ियों के बीच विवाद के कारण भविष्य में किसी प्रकार का सामंजस्य बनना मुश्किल नजर आता है।

इंडियन टीम के पूर्व पेसर एस श्रीसंत (S Sreesanth) ने दी लल्लनटॉप के शो 'गेस्ट इन द न्यूजरूम' में 2008 के ‘स्लैपगेट’ पर हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) को चैलेंज किया था. श्रीसंत ने कहा कि हरभजन को उन्होंने माफ कर दिया था, लेकिन इस घटना को वो कभी नहीं भूलेंगे. उन्होंने बॉक्सिंग रिंग में भज्जी को ‘दो-दो हाथ’ करने की चुनौती दी थी. इस पूरे मुद्दे पर अब हरभजन ने क्रिप्टिक जवाब दिया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

19 जून को हरभजन सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर श्रीसंत की बातों का जवाब दिया. उन्होंने जो वीडियो पोस्ट किया, उसमें लिखा था,

“खाली बर्तन ही तो आवाज़ करते हैं. #भज्जीदिलसे”

Advertisement

इस वीडियो में भज्जी ने कहा,

“करने दो जो लोग बकवास करते हैं,
करने दो जो लोग बकवास करते हैं,
हमेशा खाली बर्तन ही तो आवाज़ करते हैं…”

उनके वीडियो के आखिर में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का सॉन्ग ‘295’ बजता सुनाई देता है. हरभजन का ये रिप्लाई 'गेस्ट इन द न्यूजरूम' में श्रीसंत के जवाब के बाद सामने आया है.

Advertisement
हरभजन सिंह से कोई संबंध नहीं रखना चाहता

श्रीसंत ने स्लैपगेट पर बताया कि वे इस घटना को भूल चुके थे. उन्होंने हरभजन सिंह को माफ कर दिया था और जीवन में आगे बढ़ गए थे. वे हरभजन सिंह को अपना भाई मानते थे. लेकिन साल 2026 की शुरुआत में भज्जी ने एक ऐड किया, उसमें स्लैपगेट की याद दिलाई गई. इससे चीजें फिर से खराब हो गईं. श्रीसंत ने बताया,

मैंने उनको माफ कर दिया था और इस घटना को भूल गया था. लेकिन इस ऐड के बाद से मेरे विचार बदल गए. अब मैं सोचता हूं कि किसी को माफ करो, लेकिन कुछ भी भूलो मत.

पूर्व भारतीय पेसर ने आगे कहा,

एक ऐड के लिए कोई इतना नीचे कैसे गिर सकता है. मैंने उनको भाई माना. जहां तक क्रिकेट की बात है वे लीजेंड है. एक ऐड के लिए उन्होंने अपने भाई को खो दिया. ये गलत है यार. मुझको भी थप्पड़ कांड पर कई ऐड आए. लेकिन मैंने मना कर दिया. मैंने कहा वे मेरे भाई हैं. वो एक दुखद घटना थी. लेकिन वे क्या प्रूव कर रहे हैं. ऐसी हरकत कौन करता है भाई? मैं उनके पॉडकास्ट में गया. उनके परिवार से मिला. लेकिन फिर भी उन्होंने ये किया.

दरअसल, हरभजन सिंह ने इस साल की शुरुआत में एक विज्ञापन किया. यह एक मार्केटिंग ऐप की रिपब्लिक डे सेल के लिए था. इसमें हरभजन सिंह को चांटा क्लास के टीचर के तौर पर दिखाया गया है, जो लोगों को ये समझाते हैं कि खराब इलेक्ट्रॉनिक सामान को थप्पड़ मारकर ठीक करने की पुरानी आदत छोड़ें और उसकी जगह ऐप से नए प्रोडक्ट खरीदें. विज्ञापन में हरभजन मजाकिया अंदाज में कहते हैं, सही से थप्पड़ लगाओ, सब ठीक हो जाता है.

इस डायलॉग को उनके और श्रीसंत के बीच हुए साल 2008 के विवाद से जोड़कर देखा गया. श्रीसंत ने बताया कि हरभजन सिंह और ऐड कंपनी से उनसे इस ऐड को इंस्टाग्राम स्टोरी में लगाने के लिए कहा था. यही नहीं ऐड कंपनी ने इसके लिए उनको 25 लाख रुपये भी ऑफर किए. उन्होंने बताया,

जिन लोगों ने ऐड किया उन्होंने कॉल किया था नैंजी (श्रीसंत की पत्नी) को ऐड शेयर करने के लिए. नैंजी की समझ की तारीफ करता हूं कि उन्होंने स्क्रिप्ट मांगी कि पहले स्क्रिप्ट तो भेजो. मैं भज्जी पा के लिए ये ऐड पोस्ट करने के लिए तैयार था. भगवान का शुक्रिया कि नैंजी ने स्क्रिप्ट पूछी. वे एक स्टोरी के लिए 25 लाख तक ऑफर कर रहे थे. लेकिन मैंने मना कर दिया.

ड्रेसिंग रूम में भी आए थे हरभजन

श्रीसंत ने बताया कि साल 2008 में मोहाली में आईपीएल के मैच में जब मुंबई की टीम पंजाब किंग्स इलेवन से हार गई तो उन्होंने हरभजन सिंह को हार्डलक कहा. इस पर भज्जी ने थप्पड़ जड़ दिया. श्रीसंत ने इस मामले में नया खुलासा करते हुए बताया,

बात वहीं खत्म नहीं हुई थी हरभजन सिंह पंजाब के ड्रेसिंग रूम में भी उनसे भिड़ने के लिए पहुंच गए थे. ये बात तो किसी को पता ही नहीं है. तब टॉम मूडी (पंजाब के कोच) और ब्रेट ली ने उनको हटाया और युवी पा ने मुझको पकड़ा. मैं भी तो भिड़ने के लिए तैयार था. उस रात मैं रो रहा था. मेरी अम्मा ने तो कहा कि क्रिकेट छोड़ दो.

हरभजन सिंह को बॉक्सिंग रिंग का चैलेंज दिया

श्रीसंत ने बताया कि वे हरभजन सिंह को अपना बड़ा भाई मानते थे. और सब कुछ भूला चुके थे. लेकिन वे फिर भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए. पूर्व भारतीय पेसर ने कहा कि अगर हरभजन सिंह को उनसे दिक्कत हैं तो बॉक्सिंग रिंग में उनसे दो-दो हाथ कर लें. उन्होंने कहा,

आप में दम है मेरे साथ रिंग में आने का. ओपन चैलेंज है. कागज पर साइन करके. मैं चैलेंज कर रहा हूं भज्जी पा. अगर आपको इतनी दिक्कत है थप्पड़ कांड से आओ ना रिंग में. अगर आप में थोड़ी भी सेल्फ रिस्पेक्ट है. तो रिंग में आओ. इंतजार कर रहा हूं. सभी मलयाली और सरदार के साथ सम्मान के साथ. इंतजार कर रहा हूं, आओ ना.

हरभजन का प्रायश्चित स्क्रिप्टेड

हरभजन सिंह कई बार इस घटना पर अफसोस जता चुके हैं. रविचंद्रन अश्विन के साथ एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि थप्पड़ कांड उनकी जिंदगी का ऐसा पल है जिसे वो बदलना चाहते हैं. इसमें हरभजन ने कहा,

एक बार जब मैं श्रीसंत की बेटी से मिले तो उसने कहा कि मैं आपसे बात नहीं करना चाहती, क्योंकि आपने मेरे पापा को मारा था. उसकी बात सुनकर मेरी आंखों में आंसू आ गए. मैं सोचने लगा उसके मन में मेरी कैसी इमेज है? यह सोचकर मुझको बुरा लगा. मैं आज भी उसके लिए माफी मांगता हूं.

श्रीसंत ने इस वाकये का जिक्र करते हुए कहा,

अब मुझे लगता है कि रविचंद्रन अश्विन के साथ उनको वो शो भी स्क्रिप्टेड था. उन्होंने जो किया वो सब नाटक था.

हरभजन पर लगा था 8 मैचों का बैन

यह पूरा विवाद IPL के पहले सीजन यानी साल 2008 का है. 25 अप्रैल को मोहाली में मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मैच के बाद हरभजन सिंह ने श्रीसंत को थप्पड़ जड़ दिया था. मैच खत्म होने के बाद श्रीसंत ग्राउंड पर रोते नजर आए थे. इस घटना के बाद BCCI ने हरभजन सिंह पर एक्शन लिया था. उन पर आईपीएल के बाकी बचे 8 मैच समेत 11 मैच का बैन लगाया गया था. साथ ही मैच फीस का जुर्माना भी लगा था.

वीडियो: श्रीसंत ने हरभजन सिंह को ओपन चैलेंज कर दिया

Advertisement