फाइव स्टार होटल में एक गेस्ट को मेजबानी में कुछ समस्या हुई. संयम-शांति से बात करने, समझाने के बजाय ‘जनाब’ ने गुस्सा दिखाना चुना. सबके सामने वेटर को थप्पड़ मार दिया. ये करते हुए उन्हें इस बात का दंभ रहा होगा कि वो जिस होटल में गेस्ट बनकर आए हैं, वहां का एक 'मामूली' कर्मचारी उनका क्या ही कर लेगा. शायद वेटर ने भी कुछ ऐसा ही सोचा था, इसलिए उसने इस बारे में किसी से कुछ कहा नहीं. लेकिन, होटल मैनेजमेंट ने इस मामले में जो एक्शन लिया वो दोनों की ही सोच से एकदम उलट है. अब उस गेस्ट को उसकी हरकत की वजह से उस होटल में दोबारा कभी एंट्री नहीं मिलेगी.
ताज होटल का वेटर थप्पड़ खाकर भी चुप रहा, मैनेजमेंट ने गेस्ट की रईसी निकाल दी
होटल के रेस्टोरेंट में कांती नाम का वेटर एक गेस्ट को खाना सर्व कर रहा था. इस दौरान दोनों के बीच किसी बात पर गलतफहमी हो गई. कांती को अंग्रेजी अच्छी तरह नहीं आती थी, जिसकी वजह से बात बिगड़ गई. आरोप है कि इसके बाद गेस्ट ने उसे थप्पड़ मार दिया.

ये मामला आगरा के ताज होटल का है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, सर्विस को लेकर कुछ गलतफहमी हुई थी, जिसके बाद गेस्ट ने वेटर को थप्पड़ मार दिया था. होटल मैनेजमेंट ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही उसने कार्रवाई की. मैनेजमेंट ने गेस्ट को जिंदगीभर के लिए बैन कर दिया है.
इस बारे में SLMG Beverages Pvt Ltd और Sincere Developers के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर परितोष लधानी ने LinkedIn पर एक पोस्ट किया है. Sincere Developers ही इस होटल को मैनेज करती है. पोस्ट में परितोष ने गेस्ट के व्यवहार पर गुस्सा जाहिर किया. साथ ही उन्होंने ये भी लिखा कि वेटर के चुप रहने की वजह जानकर उन्हें बहुत दुख हुआ.
इस पोस्ट के मुताबिक, होटल के रेस्टोरेंट में कांती नाम का वेटर एक गेस्ट को खाना सर्व कर रहा था. इस दौरान दोनों के बीच किसी बात पर गलतफहमी हो गई. परितोष के मुताबिक, कांती को अंग्रेजी अच्छी तरह नहीं आती थी, जिसकी वजह से बात बिगड़ गई. आरोप है कि इसके बाद गेस्ट ने उसे थप्पड़ मार दिया.
परितोष ने अपनी पोस्ट लिखा,'हमारे ताज आगरा होटल में एक गेस्ट ने हमारे वेटर के साथ जो किया, वह बेहद शर्मनाक था. इसलिए मैंने उसे हमेशा के लिए बैन कर दिया!'
परितोष का दिल सबसे ज्यादा इस बात पर पसीजा कि कांती ने खुद इस घटना की शिकायत नहीं की थी. जब उन्होंने कांती से पूछा कि उसने किसी को बताया क्यों नहीं, तो उसने बताया कि वो आगरा के एक गांव में रहने वाले गरीब किसान परिवार से आता है. इस होटल में नौकरी करना उसका सपना था. इसलिए वो ऐसा कुछ नहीं करना चाहता था, जिससे नौकरी खतरे में पड़ जाए.

पोस्ट में परितोष ने लिखा कि इस घटना की जानकारी मिलने पर उन्हें बहुत गुस्सा आया. उन्होंने अगले ही दिन उस गेस्ट को होटल में आने से हमेशा के लिए रोक दिया. उन्होंने साफ किया कि यह बैन अब भी लागू है. उन्होंने कहा कि किसी गेस्ट के पैसे या रसूख के आधार पर यह तय नहीं होना चाहिए कि होटल के कर्मचारियों के साथ कैसा व्यवहार किया जाएगा. परितोष ने लिखा,‘किसी को भी मेरी टीम के किसी सदस्य का अपमान करने का हक नहीं है और न ही किसी को उसके साथ मारपीट करने का अधिकार है!’
इस घटना के बहाने उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी उनके मालिकों की है. उन्होंने लिखा,'अगर हमारे कर्मचारी अपने सम्मान के लिए आवाज उठाने से डरते हैं, तो उनके लिए आवाज उठाना हमारी जिम्मेदारी है!'
LinkedIn पर परितोष की इस पोस्ट पर हजारों रिएक्शन आए हैं. कई यूजर्स ने उनके फैसले पर उनकी तारीफ की, उनके एक्शन का समर्थन किया. कुछ यूजर्स ने सुझाव दिया कि गेस्ट के खिलाफ मारपीट की ऑफिशियल कंप्लेंट दर्ज करानी चाहिए. कुछ ऐसे भी यूजर्स थे जिन्होंने सवाल किया कि गेस्ट का नाम सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया.
वीडियो: आगरा में इंग्लिश पीएचडी टीचर का सच क्या निकला? वायरल वीडियो









