The Lallantop

'खेलूंगा भी वैसे ही...' वैभव ने भाग मिल्खा भाग का डायलॉग मारकर इसे सच कर दिखाया!

Ind vs NZ T20I Series : न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद Abhishek Sharma ने बड़ा खुलासा किया है. अभिषेक ने बताया कि कैसे 15 साल के Vaibhav Sooryavanshi ने मैच से पहले नेट्स में 'भाग मिल्खा भाग' का डायलॉग बोलकर तूफानी बैटिंग का वादा किया था.

Advertisement
post-main-image
अभ‍िषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने तीसरे T20I में पहले विकेट के लिए 133 रनों की पार्टनरश‍िप की थी. (Courtesy : AFP)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे T20I मैच में नेट्स प्रैक्टिस के दौरान बॉलीवुड फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' के डायलॉग के अनुसार निडर बैटिंग करने का वादा पूरा करते हुए 19 गेंदों में 45 रन बनाए।
  • भारत ने 199 रन का बड़ा लक्ष्य चेज़ करते हुए पावरप्ले में बिना कोई विकेट खोए 118 रन बनाकर मेंस T20I में पहले छह ओवरों में सबसे बड़ा स्कोर बनाया, जिसके पीछे वैभव और अभिषेक शर्मा की आक्रामक ओपनिंग साझेदारी थी।
  • भारत ने इस मैच में 13.2 ओवर में 6 विकेट से जीत दर्ज की और अभिषेक शर्मा ने वैभव के आक्रामक खेल को सफल चेज़ की नींव बताते हुए टीम के गेंदबाजों के प्रयासों की भी सराहना की।

टीम इंडिया के ओपनर अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) ने एक बड़ा मजेदार किस्सा सुनाया है. किस्सा है न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे T20I मैच से पहले का. नेट्स में प्रैक्टिस चल रही थी. तभी वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने बॉलीवुड फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' का एक मशहूर डायलॉग मारा. वादा किया कि वो एकदम निडर होकर बैटिंग करेंगे. महज 15 साल के इस लड़के ने अपनी बात सच भी कर दिखाई. ऐसी तूफानी पारी खेली कि भारत ने सीरीज ही अपने नाम कर ली.

Advertisement

वैभव ने अभिषेक से कहा था कि वो फिल्म के किरदार की तरह ही खेलेंगे. उन्होंने सीधे शब्दों में कहा, ‘भैया, खेलूंगा भी वैसे ही.’ वैभव ने अपना वादा भी निभाया. वैभव ने सिर्फ 19 गेंदों पर 45 रन कूट दिए. भारत को 199 रनों का बड़ा टारगेट चेज करना था. वैभव की इस पारी से टीम को एक धांसू शुरुआत मिल गई.

उधर वैभव के साथ ओपनिंग करने उतरे अभिषेक ने भी गदर काट दिया. उन्होंने महज 38 गेंदों पर 113 रनों की धुआंधार पारी खेल डाली. नतीजा ये हुआ कि 27 अक्टूबर को हेनरी स्टेडियम में भारत ने एकतरफा जीत दर्ज की. महज 13.2 ओवर में 6 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया.

Advertisement
वैभव से प्रेरित हुए अभ‍िषेक

मैच के बाद BCCI ने एक वीडियो शेयर किया. इसमें अभिषेक ने नेट्स वाली उस बातचीत को याद किया. उन्होंने बताया कि वैभव की आक्रामक शुरुआत ने ही इस चेज की मजबूत नींव रखी. अभिषेक ने बताया,

कल नेट्स में वैभव ने मुझसे बात की थी. उसने कहा था कि वह भाग मिल्खा भाग फिल्म के डायलॉग 'भैया, खेलूंगा भी वैसे ही' की तरह ही बैटिंग करेगा.

भारतीय ओपनर ने आगे बताया कि न्यूजीलैंड के मेन पेसर्स के खिलाफ वैभव का यह इरादा बहुत मायने रखता था. अभिषेक उस वक्त नॉन-स्ट्राइकर एंड से ये सब देख रहे थे. उन्होंने कहा कि इस युवा खिलाड़ी के आक्रामक तेवर ने तुरंत उनका भी आत्मविश्वास बढ़ा दिया. अभिषेक ने कहा,

Advertisement

सोचिए, जब आप 190 या 200 रनों का पीछा कर रहे हों. सामने वाली टीम का मेन पेसर पहला ही ओवर डाल रहा हो. तब एक ओपनर के तौर पर आप ऐसा आक्रामक रवैया दिखाते हैं, तो नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़ा दूसरा बल्लेबाज भी जोश से भर जाता है.

ये भी पढ़ें : हारिस रऊफ को भारी पड़ गई मैदान पर ये हरकत! 2 साल में तीसरी बार चला ICC का चाबुक

वैभव और संजू को लेकर क्या बोले अभ‍िषेक?

अभिषेक ने इस जीत में वैभव के योगदान की जमकर तारीफ की. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत के सफल चेज में इस ओपनिंग साझेदारी ने सबसे अहम भूमिका निभाई. उन्होंने कहा,

मुझे लगता है कि वैभव का खास तौर पर जिक्र होना चाहिए. उसने जो किया, वह बहुत महत्वपूर्ण था. इसलिए इसका पूरा श्रेय उसे जाता है.

इस जोड़ी के आक्रामक खेल ने रिकॉर्ड बुक ही पलट कर रख दी. भारत ने पावरप्ले में बिना कोई विकेट खोए 118 रन ठोक डाले. मेंस T20I में पहले छह ओवरों में किसी भी टीम का यह अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. भारत ने सिर्फ 2.2 ओवर में ही 50 रन पूरे कर लिए थे. यह इस फॉर्मेट में सबसे तेज टीम फिफ्टी की बराबरी है. इसके बाद, पांच ओवर के अंदर ही टीम 100 रन के पार भी पहुंच गई.

अभिषेक ने भारतीय ड्रेसिंग रूम के माहौल और निस्वार्थ भावना का भी जिक्र किया. उन्होंने संजू सैमसन का उदाहरण दिया. संजू ने पहले दो मैचों में ओपनिंग की थी. लेकिन टीम की जरूरत के हिसाब से वो अपना बैटिंग ऑर्डर बदलने के लिए तुरंत तैयार हो गए. अभिषेक ने कहा,

एक और खास बात. संजू भाई पहले ओपनिंग कर रहे थे. उनके इस फैसले से पता चलता है कि टीम में हर कोई निस्वार्थ है. आज टीम ने जिस तरह का माहौल दिखाया, उससे सबके लिए चीजें काफी आसान हो गईं. मुझे लगता है कि संजू भाई ने अपना जज्बा दिखाया. बल्कि पूरी टीम ने ही अपना जज्बा दिखाया है.

बॉलर्स को भी सराहा

मैच में सबसे ज्यादा सुर्खियां तो बल्लेबाजों ने ही बटोरीं. लेकिन अभिषेक ने इस शानदार जीत की नींव रखने के लिए भारतीय गेंदबाजों को भी पूरा श्रेय दिया. न्यूजीलैंड ने 3 विकेट खोकर 198 रनों का स्कोर बनाया था. इसमें डेरिल मिशेल 52 गेंदों पर 89 रन बनाकर नाबाद रहे. फिर भी भारतीय बॉलर्स ने टारगेट को पहुंच के बाहर नहीं जाने दिया.

अभिषेक ने अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और नीतीश कुमार रेड्डी की मेहनत को सराहा. इन खिलाड़ियों के योगदान की बदौलत ही भारत इस रिकॉर्ड-तोड़ चेज को अंजाम दे सका.

वीडियो: संजू सैमसन 13 पारियों में 7 बार फ्लॉप, क्या वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका?

Advertisement