IPL टीम पंजाब किंग्स के बल्लेबाज शशांक सिंह और उनके रिटायर्ड IPS पिता पर गंभीर आरोप लगे हैं. उनके घर में काम करने वाले कुक ने मारपीट और बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया है. कुक का कहना है कि नौकरी छोड़ने की बात कहने पर उसके साथ मारपीट की गई. इस मामले में परिवार के ड्राइवर को भी आरोपी बनाया गया है. तीनों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
खाना अच्छा नहीं बना तो IPL के खिलाड़ी और रिटायर्ड IPS पिता ने कुक को पीटा
IPL क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके रिटायर्ड IPS पिता पर उनके कुक ने मारपीट और बंधक बनाने का आरोप लगाया है. इस मामले में परिवार के ड्राइवर को भी आरोपी बनाया गया है. तीनों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.


न्यूज एजेंसी के मुताबिक, यह मामला मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रतीबद थाने में दर्ज किया गया है. शिकायत करने वाले विपेंद्र सिंह तोमर (31) रीवा जिले के रहने वाले हैं. वे भोपाल के मेंडोरी गांव में रिटायर्ड स्पेशल डीजी शैलेश सिंह के बंगले में रसोइए के तौर पर काम करने आए थे.
विपेंद्र का कहना है कि उन्हें एक परिचित के जरिए रीवा से भोपाल बुलाया गया था. उनसे कहा गया था कि उन्हें हर महीने 15 हजार रुपये वेतन मिलेगा. रहने और खाने की सुविधा भी दी जाएगी. साथ ही भविष्य में सरकारी नौकरी दिलाने में मदद का भी भरोसा दिया गया था.
कुक ने लगाए गंभीर आरोपविपेंद्र का आरोप है कि काम शुरू करने के कुछ ही घंटों बाद माहौल खराब हो गया. खाना अच्छा न बनाने का आरोप लगाकर उनसे नाराजगी जताई गई और उन्हें गालियां दी गईं. विपेंद्र ने अपनी शिकायत में कहा,
"जब मैंने वहां का माहौल देखा तो नौकरी छोड़कर घर जाने की बात कही. यह सुनते ही वे नाराज हो गए."
कुक का आरोप है कि उन्हें किसी से संपर्क न करने देने के लिए उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया. साथ ही उन पर जबरन काम जारी रखने का दबाव बनाया गया. उन्होंने बताया कि डर की वजह से उन्होंने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था. आरोप है कि शशांक सिंह, उनके पिता और ड्राइवर ने दरवाजा खुलवाया और उनके साथ मारपीट की.
ये भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर को क्यों छिपाना पड़ा शशांक का चेहरा?
पुलिस के मुताबिक मेडिकल जांच में विपेंद्र के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं. इसके बाद उनकी शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई. रतीबद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
वीडियो: 'थप्पड़ मारना चाहिए था', शशांक सिंह ने श्रेयस अय्यर की नाराजगी का कारण बताया है


















