WhatsApp बहुत-बहुत देर से आया है और दुरुस्त भी आधा ही आया है. एक फीचर जो शायद आज से सालों पहले आ जाना चाहिए था, वो अब जाकर आया (Usernames coming to WhatsApp) है. एक फीचर जो उसकी पेरेंट कंपनी Meta के पास 2012 से है, उसे देने में उसको 14 साल लग गए. हम बात कर रहे हैं @Username फीचर की जो आ ही गया. हां-हां हंस लीजिए, लेकिन यकीन जानिए इस बार ये फीचर आ ही गया है. ऐप पिछले कई सालों से इस बेहद जरूरी फीचर को देने की बात तो कर रहा था, मगर गरारी अटकी हुई थी. सब कुछ डिटेल में बताते हैं.
WhatsApp के नए फीचर से मचा कोहराम, अब किसी से भी चैट करो, नंबर गुप्त रहेगा
WhatsApp इस्तेमाल करने वाले दुनिया के 300 करोड़ से ज्यादा यूजर्स को यूजरनेम (Usernames coming to WhatsApp) मिलेगा. कंपनी ने खुद पोस्ट करके इसके बारे में बता दिया है. आप अपनी पसंद का यूजरनेम चुन सकते हैं


यूजर्स की सिक्योरिटी को पुख्ता करने और प्राइवेसी को बनाए रखने का सबसे बेसिक टूल जिसके होने से आप अपना मोबाइल नंबर साझा किए बिना भी ऐप पर दूसरों से बतिया पाएंगे. अभी तक जिसके पास भी आपका मोबाइल नंबर है, उसे अपने आप ही पता चल जाता है कि आप व्हाट्सऐप का इस्तेमाल करते हैं. बस एक बार जो उसने आपका नंबर कॉन्टेक्ट में सेव किया नहीं कि उसे पता चल जाता है कि आप भी चैट के लिए उपलब्ध हो. Truecaller जैसे ऐप्स की मदद से तो बिना नंबर सेव किए ही पता चल जाता है कि फलां शख्स व्हाट्सऐप पर है या नहीं. हालांकि ऐप आपको कई सारे डिटेल जैसे DP या स्टैटस छिपाने का ऑप्शन देता है लेकिन नंबर तो दिख जाता है. अब एक बार जो नंबर दिख गया तो फिर बचा क्या. फिर आपको कोई मैसेज भेजे या कॉल करे.
ऐप पर नंबर दिख जाने की वजह से कितनी ही बार हम सभी को दिक्कत हुई है स्पेशली महिलाओं को. कैब से लेकर पार्सल वाले भईया नंबर मिलने के बाद कैसे-कैसे मैसेज भेजते हैं, वो सभी को पता है. फोन बुक में नंबर सेव हुआ नहीं कि ना चाहते हुए भी आप सामने वाले के संपर्क में आ ही जाते हो. इसी परेशानी से बचने का जुगाड़ है Username.
सभी को मतलब सभी को. व्हाट्सऐप इस्तेमाल करने वाले दुनिया के 300 करोड़ से ज्यादा यूजर्स को यूजरनेम मिलेगा. कंपनी ने खुद पोस्ट करके इसके बारे में बता दिया है. ऐप की सेटिंग्स में जाकर अपनी प्रोफ़ाइल फोटो पर टैप करते ही Name के नीचे @ से स्टार्ट होने वाला यूजरनेम नजर आएगा. यहां आप अपनी पसंद का यूजरनेम चुन सकते हैं बशर्ते वो उपलब्ध हो. ऐप आपको बताएगा कि आपके मन का यूजरनेम है या नहीं. आप अपने इंस्टाग्राम अकाउंट या फ़ेसबुक अकाउंट का यूजरनेम भी इस्तेमाल कर पाएंगे. इसलिए तो हमने कहा कि मेटा के पास तो 2012 से ही इसका जुगाड़ था जब उसने व्हाट्सऐप के बड़े भईया इंस्टा को खरीदा था. 2014 में जब उसने व्हाट्सऐप को खरीदा तभी से यूजरनेम की बात होने लगी थी.
ये भी पढ़ें: WhatsApp चैट के लिए नहीं बना था, iPhone की 'घंटी' से मिला आइडिया
साल के आखिर तक लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि आप यूजरनेम रिजर्व नहीं कर सकते. ऐप के बीटा वर्जन में यूजरनेम दिख ही रहा है. साथ में कई नॉर्मल यूजर्स को भी ऐप खुद से नोटिफिकेशन भेजकर यूजरनेम रिजर्व करने को कह रहा है. आपका यूज़रनेम 35 करैक्टर तक हो सकता है. आपको भी जल्द दिखने लगेगा, बस ऐप को अपडेट रखिएगा. जैसे ही यूजरनेम फीचर नजर आए, लपक लीजिए. यूजरनेम रिजर्व हो जाएगा मगर इसका इस्तेमाल आप तभी कर पाएंगे जब मेटा इसे सभी के लिए उपलब्ध करवा देगी. रिजर्व करने के बाद भी आप नया यूजरनेम बना सकते हैं. यूजरनेम बदलने की फिलहाल कोई लिमिट भी नहीं है.
क्या होगा WhatsApp Username?यूजरनेम की वजह से कोई भी आपको ऐप पर नहीं ढूंढ पाएगा जब तक आप उसको अपना यूजरनेम नहीं देते. अगर किसी अंजान से चैट करना पड़े जैसे कैब वाले भईया से, तो भी नंबर की जगह यूजरनेम जाएगा. आप यूजरनेम या उसकी Key देकर भी चैट स्टार्ट कर सकते हैं. निश्चित तौर पर प्राइवेसी बनी रहेगी. लेकिन एक बड़ा सवाल अभी भी है. ऐप को इस्तेमाल करते हम सभी को सालों हो गए हैं. हमारा नंबर पता नहीं कहां-कहां बटा हुआ है. ऐसे में यूजरनेम शायद उतना काम नहीं आएगा जितना सालों पहले आने से होता. इसलिए तो हमने कहा, देर से आए और आधे दुरुस्त आए.
टेलीग्राम और सिग्नल कोने में खड़े हंस रहे हैं.
वीडियो: AC गैस लीक पर हजारों का सर्विस चार्ज क्यों? Optimist के CEO ने सब बताया


















