निखिल गुप्ता (Nikhil Gupta). भारतीय नागरिक. चेक रिपब्लिक की जेल में बंद हैं. इन पर अमेरिका में खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू (Gurpatwant Singh Pannun) की हत्या की साजिश रचने का आरोप है. अब इस मामले पर एक बड़ा अपडेट आया है. चेक रिपब्लिक के सुप्रीम कोर्ट ने निखिल गुप्ता के अमेरिका में प्रत्यर्पण पर फिलहाल रोक लगा दी है.
निखिल गुप्ता को चेक रिपब्लिक में पहली बार बड़ी राहत, पन्नू के मर्डर की साज़िश के आरोप पर SC क्या बोला?
America में Khalistani अलगाववादी Gurpatwant singh pannun की हत्या की साजिश के आरोप में Nikhil Gupta को चेक रिपब्लिक में अरेस्ट किया गया था. अब वहां के Supreme Court में इस पर सुनवाई चल रही है. निखिल को क्या राहत मिली है?


टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक चेक रिपब्लिक के कानून मंत्रालय के प्रवक्ता व्लादिमीर रेप्का ने इसकी जानकारी दी है. उन्होंने बताया,
"मैं इस जानकारी की पुष्टि कर सकता हूं. जब तक संवैधानिक अदालत (सुप्रीम कोर्ट) निखिल गुप्ता की याचिका पर अंतिम फैसला नहीं सुना देती, तब तक प्रत्यर्पण की कार्यवाही पर रोक लगी रहेगी."
19 जनवरी, 2024 को चेक गणराज्य के प्राग हाई कोर्ट ने 52 साल के निखिल गुप्ता की याचिका खारिज कर दी थी. इसमें निखिल ने अपने अमेरिका प्रत्यर्पण पर रोक लगाने की मांग की थी. कोर्ट ने कहा था कि निखिल का प्रत्यर्पण किया जाए. हाई कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ वो चेक रिपब्लिक के सुप्रीम पहुंचे थे. जहां अब सुनवाई चल रही है और इस दौरान ही अदालत ने उन्हें फिलहाल राहत दी है.
चेक सुप्रीम कोर्ट का अंतिम फैसला आने के बाद उसे किसी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती. लेकिन, इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद भी अंतिम निर्णय वहां के न्याय मंत्री पावेल ब्लेज़ेक पर निर्भर करेगा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ऐसा इसलिए है क्योंकि अमेरिका और चेक रिपब्लिक के बीच एक प्रत्यर्पण संधि है, जिसके तहत अमेरिका निखिल गुप्ता का अपने यहां प्रत्यर्पण चाहता है.
ये भी पढ़ें:- कौन है निखिल गुप्ता, जिस पर अमेरिका ने पन्नू की हत्या की साज़िश रचने का आरोप लगाया है?
30 जून, 2023 को निखिल गुप्ता को चेक रिपब्लिक में गिरफ्तार किया गया था. ये गिरफ्तारी तब हुई जब अमेरिकी अफ़सरों ने निखिल और एक अज्ञात भारतीय सरकारी अधिकारी पर गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साज़िश के आरोप लगाए. अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ़ जस्टिस के आरोप हैं कि उन्होंने पन्नू की हत्या के लिए अमेरिका में किसी को सुपारी दी थी. अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने निखिल गुप्ता पर पैसों के लिए हत्या करने और हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है. इस मामले में कम से कम 10 साल की सजा का प्रावधान है.
वीडियो: निखिल गुप्ता, जिस पर अमेरिका ने गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साज़िश रचने का आरोप लगाया है












