The Lallantop

ओडेसा के पास जहाज पर हमले में 4 भारतीयों की मौत, यूक्रेन ने रूस का नाम लिया, भारत ने क्या कहा?

यूक्रेन के ओडेसा पोर्ट के पास मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन लियो पर हुए हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है. भारत ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए नागरिक जहाजों और नाविकों को निशाना बनाए जाने को अस्वीकार्य बताया, हालांकि किसी देश का नाम नहीं लिया.

Advertisement
post-main-image
यूक्रेन के पास कार्गो शिप पर हमले में 4 भारतीयों की मौत हो गई. (फोटो- India Today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • ओडेसा पोर्ट के पास मक्का लेकर जा रहे गिनी-बिसाऊ झंडे वाले मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन लियो पर हमला हुआ, जिसमें चार भारतीय नागरिकों की मौत और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
  • इस हमले का कारण रूस और यूक्रेन के बीच 2022 से जारी युद्ध का सैन्य तनाव है, जिसके चलते यूक्रेन ने आरोप लगाया कि रूस ने तीन क्रूज मिसाइलों से जहाज पर हमला किया।
  • भारत के विदेश मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा की है और प्रभावित भारतीयों की मदद के लिए दूतावास के माध्यम से लगातार निगरानी और सहायता जारी रखी है।

यूक्रेन के ओडेसा पोर्ट पर मक्का लेकर जा रहे जहाज (Cargo Ship) पर हमला हुआ है. इसमें चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई. वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया. यूक्रेन ने दावा किया है कि ये हमला रूस की ओर से किया गया है. लेकिन, भारत के विदेश मंत्रालय ने रूस का नाम लिए बिना इस हमले की निंदा की है.

Advertisement

कड़ी नाराजगी जताते हुए विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि आम नागरिकों, कार्गो शिप्स और उन पर काम करने वाले मासूम नाविकों को निशाना बनाना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है. 

विदेश मंत्रालय (MEA) के मुताबिक, जिस कार्गो जहाज पर हमला हुआ, उस पर गिनी-बिसाऊ का झंडा लगा था. गिनी-बिसाऊ पश्चिमी अफ्रीका का एक छोटा सा देश है. इसके उत्तर-पूर्व में सेनेगल और दक्षिण में गिनी है. आकार में यह भारत के केरल राज्य से थोड़ा ही बड़ा है. इस देश के झंडे वाला एक मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन लियो (MV Golden Leo) रविवार, 19 जुलाई की शाम को हमले का शिकार हो गया. जहाज पर कुल 17 लोग सवार थे. इनमें पांच भारतीय नागरिक थे.

Advertisement
यूक्रेन का दावा

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन के ओडेसा तट के पास समुद्र से घना धुआं उठता दिखाई दिया. इसके बाद जहाज पर हमले की जानकारी हुई. यूक्रेन का दावा है कि एमवी गोल्डन लियो जहाज पर रूस ने तीन क्रूज मिसाइलों से हमला किया. यह जहाज मक्का लेकर जा रहा था. ओडेसा बंदरगाह से रवाना होने के कुछ देर बाद ही इस पर हमला हो गया. इसके बाद शिप में आग लग गई. जहाज पर भारत और सीरिया के क्रू मेंबर्स सवार थे. 

ये भी पढ़ेंः रूस ने यूक्रेन पर दागीं आठ बैलिस्टिक मिसाइलें, सुबह-सुबह अटैक से थर्राया कीव

भारत के विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

भारत के विदेश मंत्रालय ने इस हमले में 4 भारतीय नागरिकों के हमले की पुष्टि की है. मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार, हमले में 4 भारतीय नागरिकों की दुखद मौत हो गई है. जबकि एक भारतीय गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. हमले की निंदा करते हुए मंत्रालय ने आगे कहा, 

Advertisement

भारत ऐसे हमलों की कड़ी निंदा करता है. कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाना, निर्दोष क्रू मेंबर्स की जान खतरे में डालना या समुद्र में जहाजों की आवाजाही और व्यापार में किसी भी तरह की रुकावट पैदा करना बेहद निंदनीय है. ऐसे कदमों से बचा जाना चाहिए.

यूक्रेन का दावा तो है कि रूस ने हमला किया है, लेकिन भारत ने अपने बयान में किसी देश का नाम नहीं लिया है. ये जरूर कहा है कि यूक्रेन में मौजूद भारतीय दूतावास हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है. हमले में प्रभावित भारतीय नागरिकों की मदद करने की कोशिश की जा रही है.

2022 से जारी है जंग

बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच 2022 से ही जंग छिड़ी है. भारत बार-बार कहता रहा है कि दोनोें देशों के बीच बातचीत और डिप्लोमेसी के जरिए समाधान निकाला जाना चाहिए. भारत ने दोनों ही देशों को अंतरराष्ट्रीय कानूनों का सम्मान करने की भी अपील की है. साथ ही ऐसे किसी भी कदम से बचने की सलाह दी है, जिससे आम नागरिकों की जान खतरे में न पड़े.

वीडियो: दुनियादारी: US-ईरान ने जॉर्डन को कैसे युद्ध का मैदान बना डाला?

Advertisement