कैसे भारत-न्यूजीलैंड मैच में झारखंड के खेल मंत्री के साथ 'खेला' हो गया
खेल मंत्री हफीजुल अंसारी स्टेडियम में अपने बैठने की जगह को देखकर भड़क गए थे
Advertisement

तस्वीर में हफ़ीजुल हसन अंसारी ( फोटो क्रेडिट : Twitter Screengrab/ Hafizul Hasan FB)
झारखंड के खेल मंत्री हफीजुल अंसारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल है. वीडियो को शेयर करते हुए लोग लिख रहे हैं कि झारखंड के खेल मंत्री के साथ ‘खेला’ हो गया. वायरल वीडियो में मंत्री हफीजुल अंसारी ( Hafizul Ansari) एक शख्स पर भड़कते हुए नजर आ रहे हैं.
हुआ क्या था ?
आज तक से जुड़े आकाश कुमार के मुताबिक 19 नवंबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत-न्यूजीलैंड का मैच चल रहा था. मैच देखने झारखंड के खेल मंत्री हफीजुल अंसारी भी स्टेडियम पहुंचे. हफीजुल अंसारी के साथ झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो समेत कई और विधायक मंत्री भी मैच देखने आए थे. सब कुछ सही चल रहा था, लेकिन कुछ देर बाद खेल मंत्री हफीजुल अंसारी स्टेडियम में मंत्रियों के लिए की गई व्यवस्था देखकर भड़क गए. वायरल वीडियो में हफीजुल अंसारी स्टेडियम के एक कर्मचारी को हड़काते हुए कह रहे हैं, ‘क्या मंत्री का यही प्रोटोकॉल है, ये कुर्सी... ये शीशा... ये बैठने की जगह है क्या? ’ गुस्साए खेल मंत्री को शांत करने के लिए स्टेडियम का कर्मचारी उन्हें समझाने की कोशिश करता है, लेकिन मंत्री जी का गुस्सा शांत नहीं होता है.
हफीजुल अंसारी को देखकर झारखंड के शिक्षा मंत्री भी भड़क जाते हैं और वो भी बैठने की व्यवस्था को लेकर स्टेडियम के कर्मचारी की क्लास लगाने लगते हैं.
हफीजुल अंसारी के भड़कने की वजह
दरअसल, रांची के जेएससीए स्टेडियम में जहां बड़े मंत्रियों की बैठने का अरेंजमेंट किया गया था, वो शीशे से पैक था. इसके आगे दूसरे वीआईपी दर्शक खड़े होकर मैच का लुत्फ उठा रहे थे. मंत्रियों को जहां बैठाया गया था, वहां टीवी लगा हुआ था, जिसके जरिए वे मैच देख सकते थे. अब आप सोचिए कि आप क्रिकेट मैच देखने स्टेडियम पहुंचें और वहां पर भी आपको टीवी पर मैच देखना पड़े. यही हफीजुल अंसारी के साथ भी हुआ और वो इस बात से इतना नाराज हुए कि मैच बीच में छोड़कर ही स्टेडियम से चले गए. वैसे, हफीजुल अंसारी पहली बार विवादों में नहीं आए हैं. पिछले महीने एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह को जीते जी श्रद्धांजलि दे दी थी और उनकी आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन भी रख लिया था. हालांकि, अपनी गलती का एहसास होने पर उन्होंने माफी मांग ली थी.
Advertisement










