The Lallantop

जब आंखों के सामने दिखी चोरी हुई कार तो चोरों से भिड़ गया मालिक, वीडियो सामने आया

9 मई की शाम हिम्मत सिंह को वैशाली नगर के एक पेट्रोल पंप के पास अपनी चोरी हुई कार दिखाई दी. जिसके बाद उनकी बदमाशों से झड़प हो गई.

Advertisement
post-main-image
पुलिस अभी तक आरोपियों का पता नहीं लगा सकी है. (फोटो- आजतक)

राजस्थान के जयपुर में कार चोरी की एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है. जहां चोरी हुई कार देख मालिक चोरों से खुद ही भिड़ गया. जब बदमाश जबरदस्ती कार ले जाने लगे तो कार मालिक कार के आगे खड़ा हो गया. बदमाश फिर भी नहीं माने और कार भगाने लगे तो मालिक बोनट पर लटक गया. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है.

Advertisement
चोरी हुई कार पेट्रोल पंप पर दिखी

आजतक से जुड़े विशाल शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक चोरी की ये घटना जयपुर के कालवाड़ रोड़ के माचवा इलाके की है. 5 मई की देर रात एक घर के बाहर खड़ी कार चोरी हो गई. जिसके बाद कार मालिक हिम्मत सिंह ने थाने में वाहन चोरी की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने कार चोरों की तलाश शुरू की. लेकिन 9 मई की शाम हिम्मत सिंह को वैशाली नगर के एक पेट्रोल पंप के पास अपनी कार दिखाई दी.

एक्सप्रेस-वे तक घसीट ले गए

हिम्मत सिंह ने अपनी कार की नंबर प्लेट कन्फर्म की तो उनकी ही कार निकली. तभी कार सवार 3 लोगों से हिम्मत सिंह से झड़प होने लगी. झड़प के बीच हिम्मत के दोस्त राजपाल ने बीच बचाव किया तो आरोपी युवक कार लेकर भागने लगे. तभी हिम्मत अपनी कार के बोनट पर लटक गए. राजपाल कार के गेट पर लटक गए. लेकिन आरोपी बदमाश फिर भी नहीं रुके. वो कार को तेज रफ्तार में दौड़ाने लगे. राजपाल थोड़ी दूर पर कार से गिर पड़े. लेकिन हिम्मत सिंह को बदमाश कार के साथ दिल्ली-अजमेर एक्सप्रेस-वे की एक पुलिया तक घसीट ले गए. वहां वो हिम्मत को छोड़ कर फरार हो गए.

Advertisement

घटना के बारे में पीड़ित हिम्मत सिंह ने वैशाली नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों का पता नहीं लगा सकी है. रिपोर्ट के अनुसार जयपुर पुलिस इसे आपसी लेनदेन का मामला मान रही है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही है.

वीडियो: राजस्थान में एक प्रवासी मज़दूर ने घर जाने के लिए साइकिल चोरी की और फिर माफी भी मांग ली!

Advertisement
Advertisement