अमेरिका के वायोमिंग राज्य में एक भारतीय मूल के ट्रक ड्राइवर को 17 बार चाकू मारा गया. बताया गया कि वो पंजाब से हैं और उनका लास्ट नाम ‘सिंह’ है. विक्टिम ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की मांग की है. फिलहाल वो अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी गर्दन, सीने, कंधे और रिब्स पर गंभीर चोटे आई हैं. ये घटना डॉनल्ड ट्रंप प्रशासन के तहत काम करने वाले डिपार्टमेंट ऑफ़ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) के एक AI-जेनरेटेड पोस्ट के बाद हुई है. पोस्ट में इमिग्रेशन मुद्दे को लेकर एक काल्पनिक सिख आदमी को ‘Mr. Singh’ के नाम पर टारगेट किया गया था.
सिख ड्राइवर को 17 बार चाकू मारा, ट्रंप प्रशासन के 'मिस्टर सिंह' वाले पोस्ट पर बवाल
Sikh truck driver stabbed in US: अमेरिका में एक सिख ट्रक ड्राइवर ने बताया कि जब वो बाथरूम में शीशे पर देख रहे थे, तभी पीछे से किसी ने सिर पर हमला किया. दीवार की ओर धकेला और चाकू से कई बार हमला किया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना 13 सितंबर की है. विक्टिम कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो शहर के रहने वाले हैं. उन्होंने बताया कि वो वायोमिंग से पेंसिल्वेनिया राज्य की तरफ जा रहे थे, तभी उनपर अचानक हमला हुआ. वो रास्ते में एक जगह वाशरूम इस्तेमाल करने के लिए रुके थे. बिटर क्रीक रेस्ट एरिया हाईवे पर वो जगह है, जहां वो पहले भी कई बार आराम करने के लिए रुक चुके हैं. उस दिन जब वो उस जगह उतरकर वाशरूम इस्तेमाल करने गए तभी पीछे से किसी ने उन्हें धक्का मारा.
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक विक्टिम ने बताया कि जब वो बाथरूम के शीशे में देख रहे थे, तभी पीछे से किसी ने सिर पर हमला किया. दीवार की ओर धकेला और चाकू से कई बार हमला किया. उनका हाथ खून से सना हुआ था. जैसे तैसे वो बाथरूम से बाहर निकले और 911 पर कॉल किया. ये अमेरिका का इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर है. इसके बाद वो वहीं बाथरूम के बाहर गिर गए. तभी वहां मौजूद एक परिवार ने उनकी मदद की.
इस परिवार ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया फिर पुलिस को घटना और आरोपी के बारे में जानकारी दी. जानकारी के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया गया. आरोपी का नाम एंड्रू क्रिस डाक है और वो भी कैलिफोर्निया का रहने वाला है.
ये भी पढ़ें: ब्रिटेन में दिन-दहाड़े बुज़ुर्ग सिखों पर हमला! पगड़ी गिराई, चेहरे पर मारी लातें, वीडियो वायरल
पोस्ट में डिपार्टमेंट ने क्या लिखा?मूवी पोस्टर के स्टाइल में एक पोस्टर जारी किया गया. एक तरफ ट्रांसफॉर्मर के रूप में DHS को दिखाया गया और फेस ऑफ में एक सिख आदमी जिसे ‘Mr. Singh’ कहा गया. लिखा कि ‘अमेरिका अमेरिकियों के लिए है. हमारी सड़कों से हट जाओ, तुम्हें गाड़ी चलाना नहीं आता.’ इस पोस्ट को ट्रंप प्रशासन के एंटी-इमिग्रेशन अभियान से जोड़कर देखा गया.

जकरा मूवमेंट (Jakara Movement) कैलिफ़ोर्निया में सिख समुदाय के अधिकारों के हित में काम करने वाली एक कम्युनिटी है. इसके डायरेक्टर जसजीत सिंह धनोआ ने कहा कि इस घटना को सरकार के हालिया पोस्ट से हटकर नहीं देखा जा सकता है. भारतीय मूल के अमेरिकी प्रतिनिधि राजा कृष्णमूर्ति ने भी इस घटना की आलोचना की है.
वीडियो: दिल्ली में बस के अंदर एक बार फिर गैंगरेप, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार









