उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक महिला ने अपने 16 साल के बेटे की हार्ट अटैक से मौत के बाद अपनी जान दे दी. महिला की पहचान पूनम जोशी के रूप में हुई है. उनके पति कैलाश चंद्र जोशी असम राइफल्स में हैं, जो फिलहाल त्रिपुरा में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पूनम और कैलाश जोशी के बेटे का नाम जतिन जोशी था. वह 9वीं कक्षा का स्टूडेंट था. 19 सितंबर को जतिन पिथौरागढ़ के ही झूलाघाट इलाके में दौड़ की प्रैक्टिस कर रहा था. इस दौरान अचानक गिर पड़ा.
हार्ट अटैक से 16 साल के बेटे की मौत, कुछ घंटे बाद मां ने भी जान दे दी
Pithoragarh में 16 वर्षीय जतिन जोशी की running practice के दौरान अचानक मौत हो गई. कुछ घंटे बाद उसकी मां पूनम जोशी ने सरयू नदी में छलांग लगा दी. Police की शुरुआती जांच और पूरे मामले की कहानी जानिए.

रिपोर्ट के मुताबिक, आनन-फानन में जतिन को तुरंत पिथौरागढ़ के ही डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल ले जाया गया. वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने जतिन को मृत घोषित कर दिया. पुलिस का कहना है कि इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है. शुरुआती जांच से ऐसा लग रहा है कि जतिन जोशी को कार्डियक अरेस्ट आया था.
(यह भी पढ़ें: हत्या या आत्महत्या? पुलिस कॉन्स्टेबल की मौत बनी गुत्थी, पत्नी के साथ फ्लैट में मिला शव)
बेटे की मौत के बाद पूनम जोशी सदमे में चली गईं. शव देखते ही वो हॉस्पिटल से निकल गईं. मामले पर जानकारी देते हुए थाना पिथौरागढ़ के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) ललित मोहन जोशी ने बताया कि बाहर उन्होंने गंगोलीहाट के लिए टैक्सी ली. रास्ते में टैक्सी एक घाट के पास पहुंची थी. तभी पूनम ने ड्राइवर से रुकने के लिए बोला. उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ सामान खरीदना है लेकिन गाड़ी से उतरने के बाद पूनम ने पास बह रही सरयू नदी में छलांग लगा दी. नदी का बहाव बहुत तेज था, जिससे उनकी मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, जोशी परिवार पिथौरागढ़ के मडेगोआं में रहता था. दो साल पहले उनकी एक बेटी की मौत भी हुई थी. SHO के मुताबिक, उसकी मौत का कारण स्वास्थ्य से जुड़ी कुछ समस्या थी. उनकी एक और बेटी है जो मध्य प्रदेश में इंजीनियर के तौर पर काम करती है.
वीडियो: मध्य प्रदेश में कांस्टेबल ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में भ्रष्टाचार को ठहराया जिम्मेदार










